
अलविदा गीतम मिश्र
सेवानिवृत्त दूरदर्शन संवाददाता सुश्री गीतम मिश्र, नवगीत के प्रणेता ग्वालियर के प्रख्यात कवि वीरेंद्र मिश्र की सुपुत्री का कल देर रात लंबी बीमारी के उपरांत हृदय गति रुक जाने से पश्चिमी दिल्ली के चिकित्सालय में निधन हो गया। यह जानकारी आज सुबह उनके अनुज भ्राता सृजन मिश्र ने दूरभाष पर दी।
ज्ञातव्य हो कि सुश्री गीतम मिश्र तीन सप्ताह से अधिक चिकित्सालय में भर्ती रहने के दौरान बार-बार मौत को हराती रहीं। देश के कई प्रधानमंत्रियों के साथ विदेश दौरों का कवरेज हो या फिर चुनौतीपूर्ण न्यूज़ स्टोरी हों, उन्हें सहजतापूर्वक अंजाम देने में उसे महारत हासिल थी, जिसका पूरा पूरा लाभ दूरदर्शन सहित ग्वालियर को भी मिलता रहा।

वह जब जब छुट्टियां लेकर अपने गृह नगर ग्वालियर आतीं तो ग्वालियर और चंबल संभाग की पुरासंपदा, जनजीवन और समाज पर केंद्रित गतिविधियों और यशगाथाओं को दूरदर्शन के माध्यम से देशभर में गुंजायमान करने से नहीं चूकतीं। अपने हर प्रवास में वह चार-पांच कहानियां तो ज़रूर लेकर जातीं, जिनके दूरदर्शन में प्रसारण से ग्वालियर चंबल संभाग नयी-नयी सुर्ख़ियों में रहता। कभी ग्वालियर का क़िला, एक पत्थर की बावड़ी, सदी पुरानी ग्वालियर-श्योपुर छोटी लाइन की रेलगाड़ी (जो अब बंद हो चुकी है), कभी बटेश्वर के मंदिर, पड़ावली-मितावली, कभी चंदेरी यहां तक कि पहाड़गढ़ के शैलचित्र जैसे दुर्गम स्थल पर भी पहुँची और उसे दूरदर्शन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया। यह सब मेरे लिए भी अविस्मरणीय है। ईश्वर ऐसी दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करे और सभी परिवारजन एवं मित्रों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
-सुभाष अरोड़ा
(चित्र परिचय: पहाड़गढ़, मुरैना ज़िले के शैलचित्र पर दूरदर्शन के लिए स्टोरी करने दौरान लिया गया चित्र। जनसंपर्क कार्यालय ग्वालियर के संयुक्त संचालक सुभाष अरोड़ा, कैमरामैन इन्दौरिया, सन्तोष बाथम, स्थानीय पत्रकार एवं ग्रामवासियों के साथ दूरदर्शन की वरिष्ठ संवाददाता सुश्री गीतम मिश्र।)
