abhijit das, young artist, painter, अभिजीत दास

पहली ‘उड़ान’ में अभिजीत की ‘साइकिल’ का कौतुक

               चण्डीगढ़। शहर में कला गतिविधियों का एक सिलसिला बना हुआ है। 6 मार्च 2026 को पंजाब ललित कला अकादमी, कला भवन चण्डीगढ़ ने ‘उड़ान’ शीर्षक से युवा कलाकार की एकल प्रदर्शनी का आयोजन किया। संभावनाशील युवा कलाकारों को मंच प्रदान करने वाली महत्वाकांक्षी पहल के इस पहले चरण में चंडीगढ़ फ़ाइन आर्ट कॉलेज के एम.एफ.ए. अन्तिम वर्ष के छात्र अभिजीत दास की एकल कला प्रदर्शनी आयोजित हुई और अभिजीत की कलाकृतियों ने प्रदर्शनी में आये कलाप्रेमियों का मन जीत लिया।

अभिजीत की 37 पेंटिग्स में से वृहद आकार वाली दस कलाकृतियों और सेल्फ़ पोट्रेट ने दर्शकों को हतप्रभ कर दिया। कलाकृतियों में साइकिल की प्रधानता और ख़ुमारी से न तो कलाकार बच पाया और न दर्शक ही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर अभिजीत के कला गुरु पंकज सरोज उपस्थित रहे और उन्होंने बताया कि उनके कला शिक्षण के बीस साल से अधिक लम्बे अनुभव दौरान ऐसा समर्पित और लगनशील इकलौता ऐसा छात्र मिला, जिसे निरन्तर कला सृजन की ख़ुमारी चढ़ी रहती है। अगर आप इसे काम करते हुए देखें तो आप भी विस्मित हुए बिना नहीं रह सकते।

abhijit das, young artist, painter, अभिजीत दास

सरोज ने कलाप्रेमियों का आह्वान करते हुए कहा कि चंडीगढ़ के कला रसिक पंजाब कला भवन पहुंचकर इस प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें और उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि उन्हें शब्दातीत आंनद की प्राप्ति होगी।

सरोज और अभिजीत के अलावा अनेक युवा कलाकारों का कहना है कि ‘उड़ान’ जैसी सार्थक पहल के लिए ललित कला अकादमी, पंजाब साधुवाद की पात्र है। उल्लेखनीय है अकादमी ‘उड़ान’ योजना के तहत संभावनाशील युवा कलाकारों को निशुल्क आर्ट गैलरी सुलभ करवा रही है। इस कड़ी में भविष्य में भी निरंतर आयोजन होते रहने की संभावना बतायी जा रही है।

— सुभाष अरोड़ा (कलाकार/कलाप्रेमी), चंडीगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *