rati saxena, icu mein tao, rati saxena book, book review
पुस्तक चर्चा मधु सक्सेना की कलम से....

देह की अनसुनी भाषा

            संसार में दुख कोई नयी बात नहीं है। हज़ारों तरह के दुख हज़ारो-हज़ार बार आये इंसान को तोड़ने। पता नहीं किस मिट्टी का बना मनुष्य टूट-टूट कर जुड़ता है। गिर-गिरकर उठता है।

मौन के साथ रहते हुए ध्वनि से रिश्ता रखता है। अनसुनी भाषा को लिख लेता है और देह की भाषा ही देर से समझ आती है। यूँ ही कुछ करने और न करने के बीच आह-सी निकल आती है। दर्द पुकार लेता है। क़दम कुछ देर को ठहर जाते हैं पर ठहर जाना चलते जाने के बीच विराम-चिह्न की तरह होता है, जो कुछ पल ठहरा ज़रूर लेता है पर रोक नहीं सकता।

‘देह एक पूरा ब्रह्मांड है जो अपनी मन-मर्ज़ी से चलता है।’ यही सिद्ध करती यह कैंसर डायरी है, जिसकी रचनाकार हैं रति सक्सेना। अपने विराट परिचय के होते हुए भी विराट कष्ट को शब्दों में बांधकर पटक देती हैं। यूँ लगता है कष्ट को भी अभिमंत्रित नागपाश से जकड़ दिया।

कैंसर शब्द ही भयानक लगता है। मन सिहर उठता है। तरह-तरह के दृश्य आँखों के सामने आने लगते हैं। तन-मन और धन सब पर एक साथ आक्रमण करने वाला यह रोग जब किसी के जीवन में आ जाता है, तो वो ख़ुद ही नहीं इष्ट, मित्र और परिवार के साथ अस्पताल की हर इकाई भी सहयोग करने लगती है।

‘आई.सी.यू. में ताओ’ पुस्तक रति सक्सेना जी के उन कठिन दिनों का दस्तावेज़ है, जब वे ख़ुद इस कर्क रोग से जूझ रही थीं। यह किताब एक भावनात्मक और प्रेरणादायक यात्रा है। जीवन के मूल्य, संघर्ष, और आशा के बारे में बात करती हैं। छोटे-छोटे पलों की महत्ता को समझाती है और हमें जीवन को जीने के लिए प्रेरित करती है।

किताब में लेखक ने अपने कैंसर के अनुभवों को बहुत ही खुलकर लिखा है, जैसे कि उन्होंने कैसे अपनी बीमारी को स्वीकार किया, कैसे उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों का साथ पाया, और कैसे उन्होंने जीवन के छोटे-छोटे पलों में ख़ुशी खोजी।

बीमारी के साथ लेखिका का चिंतन चलता रहता है। ‘देह कुछ कहने की कोशिश कर रही है लेकिन हम सुनते कहाँ हैं? उसे सुनो..! जब तक देह है तब तक तुहारा अस्तित्व है।’ डायरी सिर्फ़ दर्द की दास्तान नही है, ज़िंदगी और मौत के रिश्ते को भी परिभाषित करती है। कुछ शिकायतें हैं तो कुछ शुक्राने भी।

मात्र तीन अक्षरों से बना ‘कैंसर’ तीनो लोकों में घुमा देता है, धरती आकाश सब उलट-पलट-से लगते हैं। पूरी किताब छब्बीस शीर्षकों के अंतर्गत लिखी गयी है। हर शीर्षक अलग से नयी बात कहता है। दुख, संघर्ष और हौसले के अनुभवों की पोटली खुलती जाती है। पाठक साथ चल पड़ता है लेखिका के। संवेदना चरम पर पहुंच जाती है। कभी वह साथ होता है, कभी हाथ थाम लेता, कभी सहारा देता या कभी दर्द को ग़ुस्सा दिखाता, कभी सोचता कि यह दर्द कहीं हमारे हिस्से का तो नहीं था, जिसे लेखिका ने ख़ुद पर लिया?

rati saxena, icu mein tao, rati saxena book, book review

कविता अंतरंग सखी की तरह साथ होती है, कभी सरस्वती-सी अंदर ही अंदर बहती है तो कभी गंगा-जमुना की तरह बाहर बहने लगती है। अन्दर का दर्द शब्द बन जाते हैं…

“क्या मुझे और जीने की चाह है?
क्या मैं पीड़ा से डरती हूं?
क्या मैं मौत को समझ नहीं सकी?
जवाब मेरे पास भी नहीं है…

हर कीमो के बाद एक मौत आती है
देह सब कुछ नकार देती है
अन्न का कण हो या पानी का घूंट
नींद की बेहोशी में
बाल सर से उतर जाते हैं

रक्त मात्र लाल नहीं होता
श्वेत भी बीज होते हैं उनमें

दवा भी कहाँ भेद कर पाती है
दोस्तों और शत्रुओं में
सबको मारती जाती है

देह एक ऐसा युद्ध क्षेत्र
दोस्त-दुश्मन दोनों धराशाई हैं यहां…”

बीमारी में भी, दर्द की पहरेदारी में भी रति जी का चिंतन, मनन और लेखन चलता रहा है भले ही अवरोध आये, गति धीमी हुई पर रुका नहीं।

मिटती यादें, अस्पताल की बाबूगीरी, कीमो चक्र, ताबूत में बन्द सांसें, रेडियो थेरेपी, कोरोना की मार, चूहों के आतंक, ब्लेडर महोदय की धक्कम-धक्की, दर्द के घोंसले बुनती सांसें, कविता की दुनिया, चिकित्सा किसकी आदि शीर्षक से लिखे गये अनुभव बताते हैं मुसीबत कभी अकेली नहीं आती। छब्बीस शीर्षकों में अलग-अलग तरह की तकलीफ़ों को समेटे है, लगता है बीमारी पूरी बारात लेकर आयी है।

रति सक्सेना जी की डायरी का शीर्षक “आई.सी.यू. में ताओ” बुद्ध, आइंस्टीन और ताओ के सिद्धांत के साथ दुखों के संतुलन की पड़ताल है। प्रश्न में उलझते हुए उत्तर की खोज में ख़ुद को टटोलना होता है। सारा पढ़ा हुआ स्मरण करना, देह का ब्रह्मांड समझने का प्रयास करती लेखनी रास्ते तलाश करती है। दूसरे रोगियों के कष्ट भी शामिल हैं। मन उलझता है-

“बुद्ध आई.सी.यू. के कोने में बैठे हैं, जहां से वह सब दिखायी दे रहा है, जो उन्होंने बुद्ध बनने से पहले देखा था। बुद्ध बनने से क्या नियम बदल जाएंगे?”

“मकड़ी के जाल को हटाकर ताओ ने
नीचे झांका, मुस्कराकर कहा
पीड़ा में आनन्द की चुस्की लो
मृत्यु में जीवन खोजो”

*******

“वे बन चींटे
चढ़ गये देह पर
चट करने लगे माँस
अब मेरे पास बड़ा सुख है
ढेर से दुखों का ग्रास
बन पाने को।”

लेखक जब एक विषय मे लिखता है, तो स्वतः ही कई विषय शामिल हो जाते हैं। बीमारी की मार के साथ इलाज की सीमाएं, थेरेपी, अस्पतालों के नियम, कठिन प्रक्रियाएं, अलग-अलग विभागों की कार्यप्रणाली की पेचीदगियां आदि मरीज़ को और उनके परिजनों को अलग से मार देती हैं।

कीमो थेरेपी के बाद होने वाले कष्ट, फिर भी अगली कीमो के लिए ख़ुद को तैयार करना आसान नहीं पर सब करना होता है। जीवन का यह राग तोड़-तोड़कर जोड़ता है।

इस डायरी से समझ आता है कि हमारे देश में अस्पतालों की कमी, वहां बढ़ती भीड़, समय पर काम न होना, अव्यवस्था आदि समस्याओं से रोगी को अलग से भी लड़ना होता है। ज़रूरत है इस ओर ध्यान देना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ स्वस्थ जीवन के लिए भी जागरूकता ज़रूरी है।

रति सक्सेना जी की यह डायरी समाज का आईना भी है। ज़रूर पढ़ें। प्रकति से जीवन का संबंध और संतुलन बनाकर रखना मनुष्य को कष्ट से मुक्ति दे सकता है। रति जी को बहुत शुभकामना। “आई.सी.यू. में ताओ” के माध्यम से लय में जीवन संगीत गूंजे और हौसला दे।

मधु सक्सेना, madhu saxena

मधु सक्सेना

मूलत: कविता में मन रमता है और गाहे-ब-गाहे मधु सक्सेना गद्य लिखती हैं। कभी व्यंग्य तो कभी लेख, समीक्षा और कहानी का रुख़ करती हैं। तक़रीबन आधा दर्जन काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं और अनेक मंचों से काव्य पाठ कर चुकी हैं। समवेत संकलनों में कविता, कहानी संकलित हो चुकी हैं। कतिपय संकलनों के संपादन से भी आप संबद्ध हैं। अपने दिवंगत पति एवं परिजनों की स्मृति में आपने साहित्यिक/सामाजिक सम्मान भी स्थापित किये हैं।

14 comments on “देह की अनसुनी भाषा

  1. बेहतरीन सृजन और बहुत ही स्पष्ट निर्भीक लेखन
    राही राज़ बेंगलुरु

  2. सारगर्भित समीक्षा…जीवन संगीत को बेसुरा होने से बचाती सकारात्मक झंकारित स्वर..
    बहुत-बहुत बधाई, दीदी

  3. आदरणीय मधु जी, आपकी समीक्षा पढ़ी, 22 वर्ष पहले पापा की पीड़ा, पिछले 10 माह पहले छोड़कर गई सबसे प्यारी छोटी बहिन की पीड़ा आँखों के सामने चित्र लिखित सी घूम गई। एक साँस में पूरी समीक्षा पढ़ गई। जो दर्द व्यक्त किया है वह देखा है, अप्रत्यक्ष रूप से भोगा भी है।
    आपने पुस्तक का मर्म निकाल कर रख दिया है। लेखक और समीक्षक की सफलता है कि, पुस्तक समीक्षा पढ़कर पुस्तक पढ़ने के लिए उत्सुक होना। मैं भी आपको एवं रति जी को यही श्रेय दे रही हूँ। पुस्तक अवश्य पढना चाहूंगी, देखती हूँ कैसे प्राप्त करती हूँ?

  4. प्रिय मधु जी , आपने समीक्षा के द्वारा पुस्तक “ आई सी यू में ताओ “, खोल कर रख दी है।हम तो वैसे भी आपकी लेखनी के क़ायल हैं ।
    कोटेड वाक्य पढ़ कर लगा लेखिका ने बहुत ही ह्रदय स्पर्शी लिखा है । विशेषकर सभी आलेखों के शीर्षक बहुत सोच समझकर दिए हैं ।लेखक व समीक्षक दोनों ही बधाई के पात्र हैं ।

  5. आदरणीय मधु जी बहुत ही मर्मस्पर्शी विवरण। मैने भी अपने सामने एक कैंसर पेशेंट को तिल तिल मरते देखा है। उसकी तथा उसके परिवर्तिजनों की व्यथा से भली भांति परिचित हूँ। मैने उस पर एक संस्मरण भी लिखा था *एक था अनी*..
    किताब पढ़ने की उत्सुकता जाग उठी है। कैसे उपलब्ध होगी बताइएगा।

  6. बहुत हृदयस्पर्शी व मार्मिक विषय पर लिखी गई डायरी व समीक्षा!दोनों वंदनीय!अद्भुत!!मन को बाँधने वाली भाषा शैली।
    मधुजी आपको बधाई व लेखनी को नमन!!
    -डॉ, सत्यभामा आडिल

  7. आ.मधु जी
    सादर नमस्कार
    “आई.सी. यू.में ताओ “कैंसर डायरी की लेखिका आ.रति जी ने अपने कटु अनुभव ,अपना दर्द,अपनी आपबीती सब कुछ उड़ेल दिया है इस पुस्तक में।
    आपने कहा – “जितना दर्द महसूस किया उतना लिखने में सफल नहीं हो सकी…अभी कई शब्द बने ही नहीं हैं।”
    शायद यही एक सृजनकर्ता की विशेषता होती है कि वो अपने सृजन में और बेहतरी की उम्मीद रखता है।
    खुशी के क्षणों में इतना सुंदर सृजन नहीं होता जितना पीड़ा के क्षणों में ,ऐसा मेरा मत है।
    “जिंदगी इतने दर्द देती है,
    फिर भी उम्मीद रहती है”
    और शायद यही उम्मीद जिंदगी को जीने का हौसला देती है।आ.रति जी ने भी दर्द को मात दी और उनकी अंतरंग सखी कविता ने सरस्वती नदी की तरह छुपे हुए दर्द को शब्दों के रूप में प्रवाहित कर दिया।पीड़ा में स्वयं को खोजने की प्रक्रिया ने उनकी लेखनी को और मजबूती प्रदान की।
    आपकी भावनात्मक और प्रेरणादायक समीक्षा ने यह सबक दिया कि जिंदगी में दुःख तो आयेंगे पर उनका मुकाबला मजबूती के साथ करना है।
    ह्रदस्पर्शी समीक्षा लेखन हेतु आपको बहुत बहुत बधाई।
    आ.रति जी को मार्मिक डायरी सृजन हेतु बहुत बहुत बधाई। ईश्वर उन्हें सदा खुश और स्वस्थ रखे और उनके सृजन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहे।बहुत – बहुत शुभकामनाएं।

  8. आदरणीय मधु जी सादर नमस्कार,
    आई.सी.यू. में ताओ
    यह सच है संसार में दुखों की कमी नहीं है एक मनुष्य को हजारों हजार दुख मरते दम तक झेलने और कुछ भी रहना इस जीवन का नाम संघर्ष है।

    बहुत ही मर्मस्पर्शी लेख आलेख प्रस्तुत किया।

    साधुवाद बधाई आपको
    संध्याशर्मा

  9. आपकी समीक्षा पढ़ कर मुझे भी मेरे आई सी यू के दो माह यिद आ गये। उस पर मैने भी बहुत कुछ लिखा था। आपके लिखने का ढ़ग बहुत अच्छा रहता है। दो मरीजों को मैने भी तिल तिल मरते देखी हूँ। उस पीड़ा अनुभव ही.दर्दनाक होता है।

  10. मधु जी आप ने एक कैंसर पीड़ित नारी के जीवन के मानसिक द्वंद्व को समीक्षा के माध्यम से बयाँ किया है बहुत ही हृदय स्पर्शी मार्मिक विषय पर डायरी लेखन के माध्यम से यथार्थ चित्र खींचा है सीधी साधी सरल भाषा में समीक्षा करके पाठक को पुस्तक पढ़ने की जिज्ञासा जागृत हो गई यही आपके लेखनकी विशेषता है आपको बधाई

  11. आदरणीय मधु दीदी, नमस्कार
    आज आपने रति सक्सेना जी की पुस्तक “आई सी यू में ताओ”” की समीक्षा कर हमे उस दुख का अनुभव कराया जो उन्होंने इस पुस्तक को लिखते समय महसूस किया होगा,मेरे तो समीक्षा पढ़ कर ही आंखों में आंसू आ गए तो पुस्तक पढ़ जाने कैसा महसूस होगा।आपने सही कहा मनुष्य को देह की भाषा ही देर से समझ आती है।
    जैसा कि आपने बताया पुस्तक बहुत ही भावनात्मक और प्रेरणादायक होगी।आपकी समीक्षा तो हमेशा ही लाजवाब होती है,बधाई आपको और पुस्तक की लेखिका को भी!!

  12. बहुत सही प्रेरणास्पद समीक्षा मधु जी।
    रति सक्सेना जी को ढेर सारी बधाई प्रेषित कीजिएगा। आपका बहुत धन्यवाद…. -कल्पना श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!