
- November 12, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
पुस्तक चर्चा विवेक रंजन श्रीवास्तव की कलम से....
सोनिया गांधी की पुस्तक: प्रेम, पीड़ा और सियासत के पन्ने
किसी व्यक्ति का जीवन जब इतिहास के महत्वपूर्ण मोड़ों से गुज़रता है, तो उसकी आत्मकथा केवल निजी अनुभवों का दस्तावेज़ नहीं रह जाती। सोनिया गांधी की नयी पुस्तक बिलॉंगिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव (Belonging: A Journey of Love) ऐसी ही एक जीवन यात्रा है। 10 नवंबर 2026 को हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित 544 पृष्ठों की इस पुस्तक पर वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई और वीर सांघवी ने इसके मानवीय तथा प्रेम संबंधी पक्ष को महत्वपूर्ण बताया है। द गार्जियन ने इसमें निजी त्रासदियों के साथ भारतीय राजनीति के बदलते स्वरूप को रेखांकित किया है, जबकि द फ़ेडरल के पुनीत निकोलस यादव ने राजनीतिक ख़ुलासों और आत्ममंथन की कमी की ओर ध्यान दिलाया है। इन अलग-अलग दृष्टिकोणों के बीच पुस्तक को समझना अधिक रोचक हो जाता है।
सोनिया गांधी का जन्म इटली के ओरबासानो क़स्बे में हुआ था। उनका मूल नाम सोनिया मायनो था। युवावस्था में पढ़ाई के लिए इंग्लैंड गयीं। कैम्ब्रिज में उनकी मुलाक़ात राजीव गांधी से हुई। प्रेम हुआ और 1968 में विवाह के बाद वे भारत आ गयीं। एक नये देश, नयी भाषा और बिल्कुल अलग संस्कृति में स्वयं को ढालना आसान नहीं था। इंदिरा गांधी की बहू के रूप में उनका जीवन सामान्य पारिवारिक जीवन भी नहीं था। धीरे-धीरे भारत उनके लिए केवल पति का देश नहीं, अपना घर बन गया।
पुस्तक का सबसे मार्मिक पक्ष उनके निजी जीवन की त्रासदियां हैं। 1969 में उनके पहले बच्चे का जन्म समय से पहले हुआ और कुछ ही घंटों में उसकी मृत्यु हो गयी। इस दुख का विवरण उन्होंने पहली बार इतने विस्तार से साझा किया है। इसके बाद 1980 में संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मृत्यु, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने उनके जीवन को गहरे आघात दिये। राजीव की हत्या के बाद वे पूरी तरह टूट गयी थीं। उनकी बहन ने उन्हें इटली लौट जाने की सलाह भी दी, लेकिन उन्होंने भारत में ही रहने का निर्णय लिया। उनके बच्चे, परिवार और जीवन की स्मृतियां अब इसी देश से जुड़ चुकी थीं।
किताब में क्या है, क्या नहीं?
पुस्तक में ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद घर में ग्रेनेड मिलने की घटना और आपातकाल के प्रसंग भी हैं। सोनिया गांधी आपातकाल के लिए संजय गांधी और कुछ अन्य नेताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण मानती हैं। संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ पारिवारिक संबंधों में आयी दूरी का भी उल्लेख है। इन प्रसंगों से गांधी परिवार का वह निजी पक्ष सामने आता है, जो सामान्यतः राजनीतिक ख़बरों में दिखायी नहीं देता।

राजीव गांधी की मृत्यु के बाद सोनिया ने लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाये रखी। लेकिन 1998 में उन्होंने कांग्रेस की ज़िम्मेदारी स्वीकार की। वे लगभग दो दशकों तक पार्टी की अध्यक्ष रहीं। 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर आया, लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया। डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने। गठबंधन के विभिन्न दलों को साथ लेकर चलना उनकी राजनीतिक क्षमता का महत्वपूर्ण पक्ष रहा।
पुस्तक में वर्तमान राजनीति पर भी उनकी स्पष्ट टिप्पणियां हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पिछले बारह वर्षों में संवादहीनता, राजनीतिक विरोधियों के प्रति व्यवहार, मीडिया की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति पर उन्होंने चिंता व्यक्त की है। वे नेहरू और गांधी की समावेशी भारत की अवधारणा को भाजपा और आरएसएस की विचारधारा से अलग मानती हैं। उनके अनुसार भारतीय राजनीति में पहले विरोध के बावजूद व्यक्तिगत संवाद और शिष्टाचार की परंपरा थी, जो अब कमज़ोर हुई है।
हालांकि पुस्तक की कुछ सीमाएं भी हैं। बोफ़ोर्स विवाद, शाहबानो प्रकरण, नरसिंह राव के साथ संबंध और कांग्रेस के संगठनात्मक पतन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपेक्षित विस्तार नहीं मिलता। परिवारवाद और पार्टी की राजनीतिक कमज़ोरियों पर भी गंभीर आत्ममंथन दिखायी नहीं देता। इस दृष्टि से द फ़ेडरल की समीक्षा का प्रश्न उचित है कि इतने लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद कई बड़े विवादों पर लेखिका अधिक खुलकर क्यों नहीं लिखतीं।
मेरा पाठ
मेरी दृष्टि में इस पुस्तक को दो स्तरों पर पढ़ा जाना चाहिए। पहला, यह सोनिया गांधी का निजी संस्मरण है, जिसमें उनकी स्मृतियां और अपना दृष्टिकोण है। दूसरा, यह भारतीय राजनीति के एक महत्वपूर्ण दौर की एक सहभागी द्वारा प्रस्तुत व्याख्या है इसलिए इसमें वर्णित घटनाओं और निष्कर्षों को स्वतंत्र ऐतिहासिक तथ्यों के साथ मिलाकर देखना चाहिए।
इस पुस्तक का सबसे सुंदर पक्ष अपनेपन की अनुभूति है। मनुष्य का अपना देश केवल वह नहीं होता, जहां उसका जन्म हुआ हो। जहां वह प्रेम करता है, परिवार बनाता है, सुख-दुख साझा करता है और जीवन की ज़िम्मेदारियां निभाता है, वह स्थान भी उसका अपना बन जाता है। इटली में जन्मी एक युवती का भारत को अपना घर बना लेना इसी भाव की कहानी है।
सोनिया गांधी के राजनीतिक निर्णयों से असहमति हो सकती है। उनके नेतृत्व की आलोचना भी की जा सकती है। लेकिन उनके व्यक्तिगत संघर्ष और पारिवारिक त्रासदियों को नकारा नहीं जा सकता। Belonging: A Journey of Love राजनीति के ख़ुलासों से अधिक एक स्त्री के प्रेम, पीड़ा, पहचान और अपनेपन की यात्रा है। यही इसका सबसे महत्वपूर्ण मानवीय पक्ष है।

विवेक रंजन श्रीवास्तव
सेवानिवृत मुख्य अभियंता (विद्युत मंडल), प्रतिष्ठित व्यंग्यकार, नाटक लेखक, समीक्षक, ई अभिव्यक्ति पोर्टल के संपादक, तकनीकी विषयों पर हिंदी लेखन। इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स के फैलो, पोस्ट ग्रेजुएट इंजीनियर। 20 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। हिंदी ब्लॉगर, साहित्यिक अभिरुचि संपन्न, वैश्विक एक्सपोज़र।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
