परवेज़ मुज़फ़्फ़र, आशुतोष कुमार, ashutosh kumar, parvez muzaffar
विश्व उर्दू दिवस के संदर्भ में आब-ओ-हवा की ख़ास पेशकश। उर्दू के प्रतिष्ठित शायर और अदीब मुज़फ़्फ़र हनफ़ी की यादों को ताज़ा कर रहे हैं उनके बेटे परवेज़ मुज़फ़्फ़र, जो यूके में रहकर उर्दू की ख़िदमत करते हैं। उर्दू, साहित्य और अपने पिता की विरासत पर उन्होंने यूके में ही रह रहे आशुतोष कुमार से एक ख़ास गुफ़्तगू की, जो आज के दौर में लिखने-पढ़ने वालों के लिए सोच-समझ और अमल के कुछ रास्ते ज़रूर खोल सकती है...

बक़ौल मुज़फ़्फ़र हनफ़ी, अदब में चोर दरवाज़ा नहीं होता..

आशुतोष कुमार: अवसर है उर्दू दिवस का, जब हम उर्दू की विरासत और उसके भविष्य की बात करते हैं, तो आपके लिए उर्दू का सबसे पहला अर्थ क्या है? एक भाषा, एक तहज़ीब है या उससे भी बढ़कर कोई भावनात्मक रिश्ता?

परवेज़ मुज़फ़्फ़र, आशुतोष कुमार, ashutosh kumar, parvez muzaffar

परवेज़ मुज़फ़्फ़र: कोई भी ज़बान अपने आप में सिर्फ़ बोलने की हद तक मुकम्मल नहीं होती, बल्कि किसी मुआशरे या सोसायटी की रूह होती है और आपकी किरदारसाज़ी, डेवलपमेंट, माहौल, वग़ैरह पर असर डालती है। उर्दू की विरासत सिर्फ़ एक भाषा के तौर तक महदूद नहीं बल्कि सदियों पर फैली तहज़ीब, मुहब्बत, दोस्ती, इंसानियत के लिहाज़ से किरदार अदा करने की है। अगर आप हदबंदी से बाहर निकलकर देखें तो महसूस करेंगे कि इस ज़बान में अदब और आदाब, मिठास, शाइस्तगी, रवादारी और गुफ़्तुगू की सलाहीयत नज़र आएगी.. यह मुहब्बत की ज़बान है इसीलिए किसी ने कहा है कि इश्क़ के लिए उर्दू सीखना ज़रूरी है!

उर्दू हमारे लिए तो रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक हिस्सा है और उसे ज़िन्दगी से अलग करके देख ही नहीं सकते। इस ज़बान को किसी एक समुदाय से जोड़कर देखना ठीक नहीं! ये मुहब्बत की और हम सबकी ज़बान है! आपने देखा ही होगा कि हिन्दुस्तान और पाकिस्तान के जिन बहुत-से इलाक़ों में पहली ज़बान कोई इलाक़ाई ज़बान है, वे भी किसी बड़ी महफ़िल में शिरकत करते वक़्त जब ख़ुद को मुहज़्ज़ब साबित करना चाहते हैं, तो उर्दू बोलते हैं या बोलने की कोशिश करते हैं।

आशुतोष: आपने उर्दू को सिर्फ़ एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि अपने घर में अपने पिता मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब के माध्यम से भी देखा, जाना। अपने बचपन के माहौल में ज़रा लेकर चलिए।

परवेज़: जबसे होश संभाला, घर में उर्दू को ही देखा। उसी माहौल में परवरिश हुई। मेरी नज़र में, जब मेरा तालीमी दौर था, उस वक़्त उर्दू का माहौल बहुत साज़गार था। बहुत बड़े-बड़े शायर और अदीब, हिन्दू और मुस्लिम दोनों, इस ज़बान की ख़िदमत में पेश-पेश थे!

मेरी पैदाइश 1965 की है और उर्दू में जदीदियत या आधुनिक साहित्य का दौर 1960 में आया। इस दौर में बहुत अच्छा अदब तख़लीक़ हुआ। होश संभालने से लेकर वालिद साहब के आख़िरी दम तक उन्हें लिखते-पढ़ते हुए ही पाया।

आशुतोष: मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब की शायरी में उर्दू की रवायत भी है और आधुनिक संवेदना भी। पहले एक बेटे की नज़र से उनकी साहित्यिक यात्रा के बारे में बताइए।

परवेज़: जैसा अभी कहा कि हमने उन्हें हमेशा लिखते-पढ़ते हुए ही देखा। जितना काम वालिद साहब ने किया, उतना उनके हमअस्रों में शायद किसी ने नहीं किया। हिन्दुस्तान में आधुनिक ग़ज़ल की जो पहली किताब छपी थी, वालिद मोहतरम की ही थी और उसका नाम था ‘पानी की ज़बान’। 1967 में प्रकाशित हुई थी। उस वक़्त वे भोपाल ही में रहा करते थे। दुष्यन्त कुमार को भी आधुनिक ग़ज़ल की तरफ़ लाने और सिखाने में मेरे वालिद और फ़ज़ल ताबिश का बड़ा अहम किरदार रहा।

वालिद साहब ने अपना अदबी सफ़र सीने के बल तय किया है। उनके अदबी क़द को बनाने में उर्दू के नक़्क़ादों का कोई हाथ नहीं रहा और उनकी शख़्सियत भी ऐसी थी कि नक़्क़ादों के हाथ आने वाले शायर नहीं थे। न ही उनके पीछे चलने वाले और न ही उनकी बात मानने वाले इसीलिए उन हज़रात ने वालिद मोहतरम को इग्नोर करना शुरू कर दिया। वालिद साहब कहा करते थे, नक़्क़ादों को तख़लीक़कार के पीछे होना चाहिए आगे नहीं।

हमने हमेशा देखा कि उनको ख़ुदा के अलावा किसी के आगे झुकना पसंद नहीं रहा। अब इसे आप उनकी ख़ूबी, ख़ुद्दारी समझ लें या कमज़ोरी। हज़ारों मिसालें मैं पेश कर सकता हूं कि थोड़ी-सी लचक और ख़ुशामद से बरसों पहले उन्हें मध्यप्रदेश का इक़बाल सम्मान या साहित्य अकादमी पुरस्कार मिल सकते थे, मगर नहीं मिले। उन्होंने कभी इसका शिकवा भी नहीं किया। हां, हम भाइयों को अक्सर लगता है कि उनके साथ नाइंसाफ़ी हुई।

उन्होंने अपनी ज़िंदगी अपनी शर्तों पर जी और लोगों की आंखों में आंखें डालकर बात की। तक़रीबन 40-45 बरस पहले गोपीचंद नारंग साहब अपनी किताब ‘The Indian poetry today volume 4’ में लिखते हैं “The most distinguished modern Ghazal poets being Nasir Kazmi, Ibne-Insha, Sakaib Jalali and Zafar Iqbal in Pakistan and Khalil Ur Rehman Azmi, Khurshid ul Islam, Bani, Hassan Naeem and Muzaffar Hanfi in India”। उर्दू अदब में वालिद साहब ने अपनी पहचान अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी से बनायी।

उनके ज़ाहिर और बातिन में कोई फ़र्क नहीं था। वे हमेशा कहा करते थे अदब में कोई चोर दरवाज़ा नहीं होता। इस मौक़े पर एक वाक़िआ याद आता है जब प्रोफ़ेसर क़मर रईस साहब दिल्ली उर्दू अकादमी के वाइस चेयरमैन हुआ करते थे। उनका टर्म ख़त्म होने में बहुत कम अरसा बचा था और उनका एक अहम प्रोजेक्ट था मीर तक़ी मीर का मोनोग्राफ़। उन्होंने वालिद साहब से राब्ता किया और गुज़ारिश की यह कहकर कि चंद हफ़्तों में अगर कोई ये काम कर सकता है, तो सिर्फ़ आप! वालिद मोहतरम ने प्रोजेक्ट लिया और सिर्फ़ अठारह दिनों में किताब मुकम्मल कर अकादमी के हवाले कर दी। इस प्रोजेक्ट के लिए उन्हें 13-14 घंटे रोज़ काम करना पड़ा, जिसकी वजह से कई महीनें उनकी पीठ और गर्दन में दर्द रहा। यह था काम और अदब से जुनून की हद तक लगाव।

आशुतोष: और घर के भीतर उनकी उर्दू की तहज़ीब आपने किस तरह देखी?

परवेज़: सच्चाई, ईमानदारी, जुर्रते-इज़हार के होने के साथ-साथ उन्होंने तहज़ीब का दामन कभी नहीं छोड़ा। हमेशा अपनी बात तहज़ीब के दायरे में रहकर ही कही। घर में भी ग़ुस्से की हालत में भी कभी मेयार से गिरे हुए अल्फ़ाज़ इस्तेमाल करते हुए हमने नहीं सुना।

आशुतोष: ज़ाहिर है उनके ख़ज़ाने में और ज़िंदगी में जाने कितनी किताबें, मुशायरे, और साहित्यिकों की आवाजाही रही होगी, आपकी पीढ़ी तक यह सब अब किस तरह है?

परवेज़: हमारी ज़िन्दगी ही शायरों, अदीबों, प्रोफ़ेसरों और किताबों और रिसालों के दरमियान गुज़री है। यहां यानि ब्रिटेन आकर भी मैरी सैलरी का दस-पन्द्रह प्रतिशत हिस्सा किताबों और रिसाले मंगवाने पर ख़र्च होता रहा। अभी कुछ बरसों पहले तक यही आलम रहा, अब घर में जगह न होने की वजह से बंद करना पड़ा। हम सब बहन-भाई उर्दू लिख-पढ़ सकते हैं और अदब में दिलचस्पी लेते हैं। मेरे बड़े भाई फ़िरोज़ मुज़फ़्फ़र साहब की तक़रीबन 25 किताबें हैं। बक़ौल मुनव्वर राना साहब, मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब के पास हर महीने जितनी किताबें आती हैं, उतनी उर्दू किताबें तो किसी छोटी-मोटी दुकान पर भी न हों!

आशुतोष: चूंकि हनफ़ी साहब उर्दू के एक महत्वपूर्ण शायर थे, तो क्या उन्होंने कभी आपसे उर्दू के भविष्य को लेकर कोई बातचीत की थी?

परवेज़: उर्दू के मुस्तक़बिल से वह कभी मायूस न थे। अक्सर कहा करते थे कोई भी ज़बान इतनी आसानी से नहीं मरती और वह ज़बान तो हरगिज़ नहीं जो अवाम में मक़बूल हो। अक्सर बातचीत में मेरा नुक़्ता-ए-नज़र यह रहा कि कुछ ज़बानें पूरी तरह रोज़गार से नहीं जुड़ीं, इसलिए शायद नयी पीढ़ी की इसमें इतनी दिलचस्पी नहीं रह रही! मगर एक बात पर हम हमेशा मुत्तफ़िक़ रहे कि हर चीज़ को रोज़गार और पैसे से जोड़कर देखा जा भी नहीं सकता! उर्दू ज़बान में जो मिठास और शाइस्तगी है, उसे शायद आप बड़ी-बड़ी डिग्रियां लेने के बाद भी सीखना पसंद करेंगे।

आशुतोष: अब सोशल मीडिया और रोमन लिपि में उर्दू शायरी पढ़ी जा रही है। इससे उर्दू के प्रसार के नये रास्ते खुले हैं या उर्दू लिपि और परंपरा के सामने नयी चुनौतियाँ हैं? आपका क्या नज़रिया है?

परवेज़: किसी भी ज़बान का रस्मुल-ख़त यानि लिपि उसी तरह होती है, जैसे इंसान के बदन पर खाल। मेरा मानना है इंसान को, मुआशरे को, वक़्त की तब्दीली के साथ अपने आपको एडजस्ट करना चाहिए और अच्छी तब्दीली को क़बूल करना चाहिए वर्ना ज़माने की दौड़ में पीछे रह जाने के आसार ज़्यादा हैं। और चुनौतियों की बात तो वक़्ती होती है और उसका मुक़ाबला करना उस ज़बान में लिखने वालों का फ़र्ज़ है। कई साल पहले भी यह मसला उठाया गया था कि उर्दू लिपि तब्दील होना चाहिए और अगर मैं ग़लत नहीं हूं तो इस दलील के पुरज़ोर हामियों में अली सरदार जाफ़री और इस्मत चुग़ताई वग़ैरह पेश-पेश थे मगर कामयाब न हो सके।

सोशल मीडिया आज की ज़रूरत बन चुका है और इससे बचना या उसे नकारना मुमकिन नहीं। इसका असर सिर्फ़ उर्दू पर ही नहीं बल्कि आलमी सतह पर सभी जबानों पर पड़ रहा है! एक बात यह भी कि इसी से उर्दू का फैलाव बढ़ रहा है और हज़ारों नये लोग ऐसे हैं जो उर्दू कोर्स में दाख़िला ले रहे हैं। अगर इन हज़ारों-लाखों में से, जो रोमन लिपि में शायरी पढ़ रहे हैं, 2-3 फ़ीसद भी उर्दू सीख रहे हैं तो उर्दू को फ़ायदा ही है।

आशुतोष: आज के दौर की बात चलती है तो यह ख़याल भी आता है कि मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब के दौर के शायरों और आज के शायरों में आपको सबसे बड़ा अंतर क्या दिखता है?

muzaffar hanfi, मुज़फ़्फ़र हनफ़ी

परवेज़: वालिद मोहतरम का दौर आधुनिक साहित्य का दौर था, जिसे उन्होंने बहुत पहले महसूस कर लिया था। 1959 में खंडवा से ‘नये चिराग़’ के नाम से एक माहाना रिसाला भी निकाला था। उनका शुमार जदीद शायरी के बुनयादगुज़ारों में रहा है। जैसा मैं पहले अर्ज़ कर चुका हूं उनकी ‘पानी की ज़बान’ हिन्दुस्तान में छपने वाली आधुनिक ग़ज़ल की पहली किताब रही। भोपाल में रहते हुए, रिवायती शायरी के दरमियान सबसे पहले आधुनिक शायरी के जो दो नाम उभरकर सामने आये थे, वो मुज़फ़्फ़र हनफ़ी और फ़ज़ल ताबिश थे। आज मौजूदा दौर में कई तब्दीलियां आयी हैं, जदीदियत के दौर के बाद का दौर है। इसके अपने तक़ाज़े हैं औश्र अपने मसाइल। शायरी ख़ासकर ग़ज़ल बहुत तेज़ी से दूसरी ज़बानों में भी मक़बूल हुई है और अब मुशायरे ने भी एक इंडस्ट्री की शक्ल इख़्तियार कर ली है। इसमें पैसा ख़ूब है, साथ ही साथ शोहरत भी। अब डिमांड ज़्यादा होती है, तो मयार पर असर तो पड़ता ही है! मीर और ग़ालिब ने तो कभी सोचा भी न होगा कि एक औसत दर्जे के शायर को जहाज़ का टिकट, फ़ाइव स्टार होटल और लाखों रुपये का नज़राना मिल सकता है! फिर भी कई ख़ामियों के साथ-साथ इस दौर में भी बहुत अच्छी शायरी हो रही है।

आशुतोष: हिन्दी और दूसरी भारतीय भाषाओं के साहित्य से उर्दू के रिश्ते की अहमियत पर आपके पिता का क्या रुख़ रहा?

परवेज़: उनका एक शेर है:

ज़माना मुझसे बरहम है मेरा सर इसलिए ख़म है
कि मन्दिर के कलस मस्जिद के मिनारे बनाता हूं

उनका यक़ीन था और हमेशा कहते थे हिन्दी सिर्फ़ हिन्दुओं की और उर्दू सिर्फ़ मुसलमानों की ज़बान नहीं है। ये दोनों ज़बान हमारी मुश्तरका तहज़ीब का हिस्सा हैं और इनका अदब एक-दूसरे में मुन्तक़िल होना चाहिए इसीलिए उन्होंने साहित्य अकादमी के लिए बंकिमचंद चटर्जी, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र और अन्य हिंदी कवियों के तरजुमे किये। एनबीटी से छपी उनकी किताब ‘हसरत मोहानी’ का हिन्दी समेत अन्य ज़बानों में अनुवाद हुआ। उनकी एक और किताब ‘हिन्दुस्तान उर्दू में’ देवनागरी में भी छपी, जिसमें होली, भगवान राम, रामायण, क़ौमी एकता जैसे अनेक विषयों पर उनके लेख हैं।

आशुतोष: आज उर्दू दिवस के मौक़े पर अगर मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब हमारे बीच होते तो आप उनसे उर्दू के वर्तमान और भविष्य को लेकर क्या सवाल पूछते?

परवेज़: किस तरह हम मोहब्बत को फ़रोग़ दे सकते हैं!

आशुतोष: उनकी कोई ऐसी ग़ज़ल, कविता या किताब, आप समझते हैं कि आज के युवाओं को ज़रूर पढ़ना चाहिए.. और क्यों?

परवेज़: यूं तो वालिद मोहतरम ने 1700 से ज़्यादा ग़ज़लें कही हैं और सौ से ऊपर उनकी किताबें हैं इस लिए मेरे लिए किसी एक का इंतिख़ाब करना मुश्किल से भी ज़्यादा है। फिर भी, इस वक़्त मैं कहूंगा ग़ज़ल दरीचा (हिन्दी) तेज़ाब में तैरते फूल (उर्दू शायरी) और हिन्दुस्तान उर्दू में (हिन्दी, उर्दू दोनों में उपलब्ध) ज़रूर पढ़ें!

आशुतोष: आपके पिता ने आपको कभी कोई ऐसा शेर या साहित्यिक सीख दी, जिसने उर्दू से आपके रिश्ते को हमेशा के लिए प्रभावित किया?

परवेज़: शायरी में हर तरह के तजरुबे को पिरोया जा सकता है, बस पिरोने का फ़न आना चाहिए। वो हमेशा कहा करते थे अदब में कोई चोर दरवाज़ा नहीं है, मेहनत करो, ख़ूब मुताअला करो, सीखो।

अपने एक शेरी मजमूआ कलाम का इन्तेसाब यानि समर्पण उन्होंने मेरे नाम अपने इस शेर के साथ कुछ इस तरह किया:

दाएं हाथ में नेज़ा हो तो बाएं शाने पर मशकेज़ा
बाहर कैसा ही बंजर हो अंदर से मिट्टी नम रखना

इस शेर में आपके सवाल का जवाब छुपा है।

आशुतोष: शायरी, भाषा-बोध, उनकी सोच या कुछ और.. बेटे के रूप में आपको क्या लगता है, मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब की सबसे बड़ी साहित्यिक विरासत क्या है?

परवेज़: मेरा ख़्याल है, वालिद साहब बहुत ज़हीन शायर और तख़लीक़कार थे। अपने से छोटों पर वो अपने इल्म का रोब नहीं झाड़ते थे लेकिन उनके हमअस्रों के बीच बहस-मुबाहिसे में कोई उनके आगे टिक नहीं पाता था!

शायरी बिल ख़सूस ग़ज़ल उनकी महबूब सिन्फ़-ए-सुख़न थी। ग़ज़ल कहने को वो सांस लेने की तरह लाज़मी अमल क़रार देते थे। अपनी इस पसंद का इज़हार उन्होंने इस तरह किया है:

बुरी नहीं है मुज़फ़्फ़र कोई भी सिन्फ़-ए-अदब
क़लम ग़ज़ल के असर में रहे तो अच्छा है

आशुतोष: ऐसे कई लोग हैं जो उर्दू के दीवाने या चाहने वाले हैं पर लिपि पढ़ नहीं पाते। उर्दू दिवस के अवसर पर अगर दुनिया भर के उन लोगों के लिए एक संदेश देना हो, तो क्या कहेंगे?

परवेज़: हम अभी इस क़ाबिल तो नहीं हैं कि संदेश या पैग़ाम दे सकें, हां, गुज़ारिश कर सकते हैं कि हर ज़बान, हर कल्चर और हर मज़हब से मुहब्बत कीजिए। तख़लीक़कार का काम मोहब्बत को फैलाना होना चाहिए। जिगर ने क्या ही अच्छा पैग़ाम दिया है:

उनका जो फ़र्ज़ है वो अहल-ए-सियासत जानें
मेरा पैग़ाम मोहब्बत है जहाँ तक पहुँचे

आशुतोष: हमने मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब को उनकी शायरी के बाद आज आपके नज़रिये से भी जाना। अगर आज आप अपने पिता से उनका एक शेर सुनना चाहते, तो वह कौन-सा होता?

परवेज़: इतना काम करने वाला शायर और अदीब जब कहता है:

थोड़ी सी रोशनी है उसे जो भी लूट ले
जुगनू मियां के पास ख़ज़ाना तो है नहीं

तब इस शेर से झुरझरी-सी आ जाती है। मैं तो इसी शेर की फ़रमाइश करता और पूछता कि ये शेर क्यों और किन हालात में कहा गया था!

आशुतोष: आप ख़ुद भी शायरी करते हैं। उर्दू का कितना प्रयोग करते हैं? उर्दू लिपि में लिखना पसंद करते हैं या..?

परवेज़: मुझे उर्दू और हिंदी ज़बानें आती हैं और दोनों में लिखता हूं। मेरी शायरी की तीन किताबें उर्दू में आ चुकी हैं! दोस्तों के इसरार पर हिन्दी में भी मजमूआ लाने का इरादा रखता हूं!

आशुतोष: आप लंबे समय से यूके में रह रहे हैं। यहां आपको उर्दू का भविष्य कैसा दिखता है? और उर्दू के प्रचार-प्रसार के लिए आपकी अपनी कोशिशें क्या हैं?

परवेज़: इस वक्त मैं यहां GMLC यानि गीतांजलि मल्टीलिंग्वल लिटरेरी सर्कल का महासचिव हूं। यह संस्था पिछले तीस सालों से कम्युनिटी में काम कर रही है और मुख़्तलिफ़ ज़बानों को फ़रोग़ दे रही है, जिसमें उर्दू भी शामिल है। हम सब मिल-बांटकर एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मोहब्बत के साथ काम कर रहे हैं। डॉ. किशन कुमार साहब के मिशन को आगे लेकर चल रहे हैं।

आशुतोष: शुक्रिया परवेज़ साहब कि आपने आब-ओ-हवा के लिए हमारे साथ यह गुफ़्तगू की। अंत में, अपना कोई पसंदीदा शेर पाठकों के लिए पढ़िए…

परवेज़: मेरे पसंदीदा शायर तो मेरे वालिद मोहतरम मुज़फ़्फ़र हनफ़ी साहब ही हैं और उनके जाने के बाद अक्सर उन्हीं के शेर गुनगुनाता रहता हूं, यह अभी याद आ रहा है:

वो उभरता है मेरी याद से मोती की तरह
टूटते तारे की मानिंद गुज़रता है कभी

आपको भी बहुत शुक्रिया।

आशुतोष कुमार, ashutosh kumar

आशुतोष कुमार

पेशे से कंसल्टेंट, शौक़ से रेडियो जॉकी और तबीयत से शायर। हिंदी की अनेक संस्थाओं से संबद्धता। लंदन में रहते हुए कई संस्थाओं के लिए हिंदी और साहित्य सेवा। पार्लियामेंट हाउस, लंदन में कथा यूके द्वारा ‘अंतरराष्ट्रीय साहित्य सेतु सम्मान’ सहित अनेक सम्मान व पुरस्कार। एक ग़ज़ल संग्रह प्रकाशित और कई साझा संग्रहों में शामिल। कई मंचों, डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स आदि से प्रस्तुति/पाठ। अनेक उपलब्धियों में मार्शल आर्ट्स में ब्लैक बेल्ट भी शामिल है। गायक और अध्ययन में विशेष रुचि। संपर्क: aasu.kr@gmail.com

1 comment on “बक़ौल मुज़फ़्फ़र हनफ़ी, अदब में चोर दरवाज़ा नहीं होता..”

  1. बहुत अच्छा इंटरव्यू। हनफ़ी साहब से मैं कभी मिला नहीं हूँ,बावजूद इसके मेरे एक ग़ज़ल संग्रह का ब्लर्ब लिखा था।मैंने फोन पर गुज़ारिश की थी। उन्होंने कुछ ग़ज़लें भेजने को कहा और पंद्रह दिन के अंदर लिख कर भेज दिया।इतना मक़बूल शायर और इतनी सरलता, मैं कभी सपने में भी नहीं सोच सकता था। इस इंटरव्यू की बातों से मैं पूरी तरह सहमत हूँ। इंटरव्यू छापने के लिए आब-ओ-हवा का बहुत शुक्रिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!