उर्दू शायरी, शायरी पोस्टर, आनंद नारायण मुल्ला के शेर

उर्दू की फ़िक्र में उर्दू नज़्में

जब कोई ख़ास मौक़ा आता है, तो उसे सिर्फ़ जश्न तक महदूद नहीं कर दिया जाना चाहिए बल्कि उसके बहाने हालात, सरोकार और चुनौतियों पर चिंता ज़रूर करना चाहिए। उर्दू की शान में दर्जनों अशआर आपकी नज़रों से गुज़रे हैं लेकिन उर्दू की वास्तविक चिंता करती शायरी से वाकिफ़ हैं आप? आब-ओ-हवा की इस पेशकश में कुछ यही कोशिश…

उर्दू शायरी, शायरी पोस्टर, आनंद नारायण मुल्ला के शेर

साया हो जब उर्दू के जनाज़े पे ‘वली’ का
हों ‘मीर-तक़ी’ साथ तो हमराह हूँ ‘सौदा’
दफ़नाएँ उसे ‘मुसहफ़ी’-ओ-‘नासिख़’-ओ-‘इंशा’
ये फ़ाल हर इक दफ़्तर-ए-मंज़ूम से निकले
उर्दू का जनाज़ा है ज़रा धूम से निकले

बद-ज़ौक़ है अहबाब से गो ‘ज़ौक़’ हैं रंजूर
उर्दू-ए-मुअ’ल्ला के न मातम से रहें दूर
तल्क़ीन सर-ए-क़ब्र पढ़ें ‘मोमिन’-ए-मग़्फ़ूर
फ़रियाद दिल-ए-‘ग़ालिब’-ए-मरहूम से निकले
उर्दू का जनाज़ा है ज़रा धूम से निकले

-रईस अमरोहवी की नज़्म का एक अंश

—–*—–

सौ साल से जो तुर्बत चादर को तरसती थी
अब उस पे अक़ीदत के फूलों की नुमाइश है
उर्दू के तअ’ल्लुक़ से कुछ भेद नहीं खुलता
ये जश्न ये हंगामा ख़िदमत है कि साज़िश है

जिन शहरों में गूँजी थी ग़ालिब की नवा बरसों
उन शहरों में अब उर्दू बेनाम-ओ-निशाँ ठहरी
आज़ादी-ए-कामिल का एलान हुआ जिस दिन
मा’तूब ज़बाँ ठहरी ग़द्दार ज़बाँ ठहरी

जिस अहद-ए-सियासत ने ये ज़िंदा ज़बाँ कुचली
उस अहद-ए-सियासत को मरहूम का ग़म क्यूँ है
‘ग़ालिब’ जिसे कहते हैं उर्दू ही का शाइर था
उर्दू पे सितम ढा कर ‘ग़ालिब’ पे करम क्यूँ है

-साहिर लुधियानवी की नज़्म ‘जश्न-ए-ग़ालिब’ का अंश

—–*—–

मैं उर्दू हूँ
मुझे ग़ैरों से क्या ख़तरा
कभी दुश्मन से होता ही नहीं ख़तरा किसी को भी
सबब तुम भी समझते हो
कि दुश्मन हर घड़ी हर पल
मुक़ाबिल ही रहा करता है दुश्मन के
मुक़ाबिल से तो मैदानों में अक्सर जंग होती है
नतीजा जंग का तुम भी समझते हो

महाज़-ए-जंग पुर-ख़तर है नहीं होता
शिकस्त-ओ-फ़त्ह होती है
तो फिर ख़तरा कहाँ से है
सुनो रूदाद-ए-ग़म
दिल थाम कर सुनना ज़रा लोगो
मुझे ख़तरा है अपनों से

मुझे ख़तरा है शाइ’र और दानिश-वर अदीबों से
मुझे नक़्क़ाद से ख़तरा मुहक़क़िक़ से मुझे ख़तरा
ये सारे लोग वो हैं जो तअ’ल्लुक़ से मिरे अब तक
ज़मीं से अर्श तक
दा’वे तो करते हैं बुलंदी के
मुहाफ़िज़ ख़ुद को उर्दू का कहा करते हैं ये अक्सर

ये दावा सब बजा लेकिन
कोई पूछे ज़रा उन से
तुम्हारे प्यारे बच्चों में कोई ऐसा भी बच्चा है
कि जिस को आप ने उर्दू से बहरा-वर किया अब तक
अगर कोई ये पूछेगा
शिकन माथे पे आएगी नफ़ी में सर झुकाएँगे

यही क़ातिल तो हैं मेरे
यही तो मेरे अपने हैं
उन्हीं से मुझ को ख़तरा है
उन्हें पहचान लो लोगो
उन्हें पहचान लो लोगो

-शम्स रम्ज़ी की नज़्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!