ismat chughtai, इस्मत चुग़ताई
नियमित ब्लॉग नमिता सिंह की कलम से....

मुस्लिम नवजागरण और इस्मत चुग़ताई के शब्द

               इस्मत चुग़ताई उर्दू की ऐसी कथा लेखिका हैं, जिन्होंने पाखंडों से निर्मित धर्म और नैतिकता के बुतों को ध्वस्त करते हुए कथा-साहित्य में हक़ीक़त-निगारी के नये आयाम स्थापित किये। अपने समय से मुठभेड़ करते हुए रचनाकार इतिहास निर्मित करते हैं और स्वयं इतिहास बनते हैं। कभी वे स्वयं क्षत-विक्षत होते हैं तो कभी ख़ूने-जिगर में उंगलियाँ डुबोकर अमर बनाते हैं। लेकिन एक ज़रूरी तत्व इसके लिए है- निर्भीकता! बहादुरी का जुड़वां! मुचहटा लेने का जज़्बा! परंपरागत संस्कारों से मुक्ति पाकर नये अनजान रास्तों पर चलने का हौसला! अब बात मजाज़ की हो या मंटों, रशीद जहाँ हों या इस्मत चुग़ताई, लहू-लुहान होते हुए उन्होंने रास्ते के झाड़-झंखाड़, काँटे उलांघते हुए समय-समाज की तस्वीर साफ़ की और आने वाली पीढ़ी के लिए रास्ते भी सुगम किये।

उत्तर-प्रदेश के बदायूँ क़स्बे में 1915 में एक संपन्न और विशाल परिवार में इस्मत चुग़ताई का जन्म हुआ, जहाँ परंपरागत रीति-रिवाज और आधुनिकता का विचित्र अंतर्विरोध था। बाप रोशन ख़्याल तो मां घोर परंपरावादी। इस्मत ने लिखा है, “हम इतने सारे बच्चे थे कि हमारी माँ को हमारी सूरत से कै आती थी। एक के बाद एक हम उनकी कोख को रौंदते-कुचलते चले आये थे। उल्टियाँ और दर्द सह-सहकर वह हमें एक सज़ा से ज़्यादा अहमियत नहीं देती थीं। पैंतीस बरस की उम्र में वह नानी भी बन गयीं और सज़ा-दर-सज़ा झेलने लगीं। हम बच्चे नौकरों के रहमो-करम पर पलते थे और उनसे बेतरह मानूस थे (काग़ज़ी है पैरहन)।”

इस्मत चुग़ताई की आत्मकथा के इस अंश ने डॉ. रशीद जहाँ के नाटक ‘पर्दे के पीछे’ का स्मरण करा दिया। अपने लेखन और वैचारिकता के निर्माण में इस्मत चुग़ताई ने रशीद जहां को ही अपने मार्गदर्शक के रूप में हमेशा स्वीकार किया।

लंबे-चौड़े परिवार वाले, कई तरह के भाई-बहनों के बीच वह ‘मर्दमार’ स्वभाव और ज़रूरत पड़ने पर “धमोके’ खाने और ‘धमोके’ मारकर अपने को बनाये रखने की आदत ने ही उनकी लेखन शैली को वह स्वरूप दिया, जिससे इस्मत चुग़ताई की अपनी पहचान बनी। दुनियादारी से उनका पहला परिचय था कि “कोई किसी को बेदर्दी से मार रहा है था। मारने वाला बड़ा देवज़ाद था और पिटने वाला मखनी (मरियल) सा, काला-कलूटा बच्चा था।” इस्मत नाम की बच्ची को मालूम हो गया था कि ताक़तवर कमज़ोर को और बड़ा छोटे को मारता है। उन्होंने इस क़द्दे-आदम सुतून को पहचाना था, जिसके नीचे कमज़ोर मरियल की तरह, कूड़े की तरह था। अपने आस-पास, घर-परिवार से लेकर पूरे सामाजिक परिवेश को पहचाना, पढ़ा, समझा भी और अंतरंगता भी स्थापित की। उनके बेलौस, मर्दमार स्वभाव को उनके अध्ययन की गहराई ने धार दी और उसके अंतर्विरोधों को समझते हुए उनकी संवेदना को प्रखर किया।

स्त्री शिक्षा के आंदोलन

मनुष्य की चेतना का द्वार शिक्षा और ज्ञान के रास्ते से ही गुज़रकर खुलता है। इसी शिक्षा- ज्ञानार्जन से भारतीय समाज की स्त्रियां वंचित थीं। सभी धार्मिक समाजों में स्त्रियों की ग़ुलामी पितृसत्तात्मक सभ्यता-संस्कृति की अनिवार्य पहचान रही है। मनुष्यता के स्तर पर बराबरी का स्थान देना तो संभव ही नहीं था। उन्नीसवीं सदी के समाज सुधार आंदोलन के नेताओं पर अंग्रेज़ी शिक्षा, जीवन-पद्धति और सामाजिक स्वरूप का बड़ा प्रभाव था। बंगाल में राजा राममोहन राय, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, केशवचंद्र सेन, रवीन्द्रनाथ टैगोर आदि ब्रह्म समाज, तत्वबोधिनी सभा जैसे समाज सुधार आन्दोलनों के ज़रिये सती प्रथा, बाल विवह का विरोध कर रहे थे। विधवाओं की अमानवीय स्थिति को देखते हुए विधवा विवाह की क़ानूनी मान्यता के लिए संघर्ष कर रहे थे। उत्तर भारत में इन सुधारों के लिए दयानंद सरस्वती तो पश्चिम भारत में महादेव गोविन्द रानाडे और उनका ‘प्रार्थना समाज’ संघर्षरत था! इन सबसे ऊपर ये सभी आंदोलन मुख्य रूप से स्त्री-शिक्षा की बड़ी मुहिम चला रहे थे।

इन सभी आन्दोलनों का एक प्रमुख कार्यक्रम लड़कियों के लिए स्कूल खोलना और उनके लिए पाठ्यक्रम बनाना था। परंपरागत हिन्दू समाज इनका घोर विरोधी था क्योंकि ये सभी कार्यक्रम उसकी दृष्टि में ये हिन्दू समाज की परंपराओं को भ्रष्ट करने वाले और धर्म विरोधी थे! दरअसल उन्नीसवीं सदी के आरंभ से ही ईसाई मिशनरी लड़कियों की शिक्षा के लिए स्कूल खोल रहे थे, जिनमें धीरे-धीरे उच्च वर्ग के अलावा अन्य वर्गों की लड़कियाँ भी जा रही थीं। इन सभी समाज सुधार आन्दोलन के नेताओं को अय था कि मिशनरी अपनी शिक्षा-मुहिम के ज़रिये धर्मांतरण के काम में भी संलग्न हैं!

इन सबके बीच मुस्लिम समाज की क्या स्थिति थी? दरअसल मुस्लिम समाज शुरू से अंग्रेज़ी शासन के विरोध में था। शासन-च्युत होने की ख़लिश मन में थी। 1867 की क्रांति के बाद अंग्रेज़ों ने जिस तरह भीषण नरसंहार किया, वह अब इतिहास है। मुग़ल शासक के रूप में बहादुरशाह ज़फ़र के नेतृत्व में अंग्रेज़ी राज को चुनौती दी गयी थी। कहा जाता है दिल्ली में बमुश्किल हज़ार के क़रीब उच्चवर्गीय मुस्लिम ही बचे थे।

मुस्लिम स्त्रियों की शिक्षा की मुहिम

सरकारी मुलाज़िम के रूप में सैयद अहमद ख़ां ने ‘असबाब-ए-बग़ावत-ए-हिंद’ लिखकर अंग्रेज़ों के सामने उन कारणों को प्रस्तुत करने थे कोशिश की, जिसके कारण जनता का असंतोष और आक्रोश बेक़ाबू हुआ और 1857 की बग़ावत हुई। उन्होंने यह भी महसूस किया कि अंग्रेज़ी और आधुनिक शिक्षा के प्रति बेरुख़ी के कारण मुस्लिम समाज सामाजिक और ज़ेह्नी तौर पर पिछड़ा हुआ है। दूसरी ओर, हिन्दू समाज का युवा वर्ग तेज़ी से आधुनिक अंग्रेज़ी शिक्षा को अपना रहा था और आगे बढ़ रहा था, ऊँचे पदों पर था। मुसलमानों में आधुनिक, वैज्ञानिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए सैयद अहमद ने गहन प्रयासों के बाद 1864 में ‘साइंटिफ़िक सोसायटी’ की स्थापना की। अपने शिक्षा संबंधी प्रयासों के लिए वे लगातार ब्रिटिश शामक वर्ग के क़रीब रहे और 1877 में ‘मोहमडन एंग्लो ओरियंटल’ कॉलेज की स्थापना की, जो बाद में विस्तारित होकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रूप में पल्लवित हुआ और आज देश का प्रमुख शिक्षा संस्थान है।

मुस्लिम नौजवानों को आधुनिक नयी शिक्षा के लिए प्रेरित करने वाले सैयद अहमद ख़ां का लड़कियों की शिक्षा के लिए विचार था कि उन्हें बाहर नहीं जाना चाहिए। घर पर ही शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। सैयद अहमद से परंपरावादी मुल्ला-मौलवी नाराज़ थे और उनके ख़िलाफ़ फ़तवा भी जारी कर चुके थे। संभवतः इसीलिए सैयद अहमद अपने आधुनिक अंग्रेज़ी शिक्षा कार्यक्रम में लड़कियों को शामिल करके मुसीबतें और नहीं बढ़ाना चाहते हों। उन्होंने मुस्लिम लड़कियों के मिशनरी स्कूलों में जाने का भी विरोध किया कि वे धर्मांतरण कर लड़कियों को ईसाई बना लेंगे। इस मुस्लिम नवजागरण के दूसरे स्तंभ बने सर सैयद अहमद ख़ां के एक नौजवान शिष्य और एम.ए.ओ. कॉलेज की पहली पीढ़ी के शेख़ मुहम्मद अब्दुल्लाह, जो जीवन-पर्यंत नारी शिक्षा के लिए समर्पित हो गये। आज इतिहास में मुस्लिम शिक्षा और शेख़ मुहम्मद अब्दुल्लाह समानार्थी हो गये हैं।

mother dauther, muslim women, meta image

शेख अब्दुल्लाह बालक ठाकुरदास के रूप में कश्मीर के एक ब्राह्मण परिवार में पैदा हुए। बाद में, स्वयं धर्म परिवर्तन कर लिया। यह एक लंबा वृत्तांत है। बाद में 1891 में एम.ए.ओ. कॉलेज में फ़र्स्ट इयर में दाख़िला लिया और बी.ए., एल.एल.बी. कर अलीगढ़ में वकालत शुरू कर दी। 1886 में मुस्लिम शिक्षा के वातावरण निर्माण हेतु सर सैयद ने ऑल इंडिया मोहमडन एजुकेशनल कांग्रेस की स्थापना की थी। 1902 में इसके दिल्ली अधिवेशन में शेख़ अबदुल्लाह को ‘महिला संभाग’ का सचिव चुना गया, जो मुस्लिम महिला शिक्षा के लिए प्रयासरत था। इस कॉन्फ़्रेंस में भोपाल की नवाब सुल्तान जहाँ भी मौजूद थीं, जो शुरु से स्त्री शिक्षा अभियान से जुड़ी थीं। उन्होंने लगातार इस मुहिम को अनुदान राशि प्रदान की और 1904 में अलीगढ़ में लड़कियों के स्कूल की स्थापना के लिए सौ रुपये मासिक चंदे की घोषणा की।

अनेक प्रकार के घटनाक्रमों के बाद अलीगढ़ के मैरिस रोड क्षेत्र में बहुत बड़ी ज़मीन—जो नानक बाग़ के रूप में जानी जाती थी—ख़रीद ली गयी और सबसे पहले छात्रावास बना। उसके पश्चात स्कूल की इमारत। कॉलेज की ऊंची चारदीवारी के साथ पर्दे की ख़ास व्यवस्था थी। बेगम वहीद जहाँ स्वयम् छात्रावास में लड़कियों के साथ रहतीं, उनके भोजन आदि की व्यवस्था करतीं। उनके साथ उनकी पाँचों लड़कियां भी वहीं रहतीं।

नवजागरण काल में व्यापक स्त्री शिक्षा की मुहिम उस समय के साहित्य का भी महत्वपूर्ण हिस्सा थी। श्रद्धाराम फिल्लौरी, पं, माधव प्रसाद जैसे अनेक लेखक स्त्री शिक्षा को अपने लेखन का विषय बना रहे थे। उसी समय डिप्टी नज़ीर मुहम्मद ने भी इसका समर्थन करते हुए ‘मिरातुल-उरूस’ और ‘बनातुन्नाश’ जैसे उपन्यास लिखे! हालांकि इससे पहले 1862 में मशहूर शायर हक़ीम फ़सीहउद्दीन रंज मेरठी का ‘शायरात का पहला तज़किरा’ आ चुका था, जिसमें उन्होंने मुस्लिम महिलाओं की योग्यता तथा उनके शिक्षा ग्रहण करने के अधिकार की पुरज़ोर वकालत की थी। लगभग इसी समय 1881 में रशीदुन्निसा बेगम ने इक ‘इस्लाहुन्निसा’ नाम का उपन्यास लिखा, जिसे बाद में नवें दशक के क़रीब उनके बेटे—जो बड़े सरकारी मुलाज़िम थे— ने छपवाया। इसी समय 1882 में ‘एक अज्ञात हिन्दू औरत’ के नाम से एक महिला ने ‘सीमन्तिनी उपदेश’ पुस्तक लिखी, जिसमें महिलाओं की निम्नतम स्थितियों का वर्णन था और उन्हें शिक्षा प्राप्त करने तथा समान सामाजिक स्थान के लिए प्रेरित किया गया था। डिप्टी नज़ीर मुहम्मद ने भी राजाओं, राजकुमारों, राजकुमारियों की दास्तानों अलौकिक, जादुई विवरणों से अलग उर्दू कथा साहित्य में पहली बार यथार्थ के धरातल पर मध्यवर्गीय मुस्लिम समाज की धार्मिक, सामाजिक और नैतिक स्थितियों का वर्णन किया। उन्होंने स्त्री शिक्षा के साथ परिवार में महिलाओं की महत्ता को भी विषय बनाया।

अलीगढ़ में गर्ल्स स्कूल के छात्रावास की नींव 1911 में कार्यकारी लेफ्टिनेंट गवर्नर की पत्नी श्रीमती पोर्टर ने रखी और 1914 में बेगम भोपाल ने इसका उद्घाटन किया। उद्घादन के बाद पहले दिन जिन नौ लड़कियों ने दाख़िला लिया, उनमें तीन बेटियां शेख़ अब्दुलाह की, तीन बेटियाँ बेगम अब्दुल्लाह की बहन की, एक बेटी उनकी मित्र मैमूना बेगम की तथा दो लड़कियाँ वे थीं, जिनकी सरपरस्ती अब्दुल्लाह परिवार कर रहा था। एम.ए.ओ. कॉलेज 1920 में स्वतंत्र रूप से अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में बदल चुका था। बाद में, गर्ल्स कॉलेज (जो अब्दुल्लाह गर्ल्स कॉलेज कहलाता था) यूनिवर्सिटी से संबद्ध हो गया।

रशीद जहां की शिनाख़्त

शेख़ अब्दुल्लाह की सभी बेटियाँ उच्च शिक्षा प्राप्त थीं। आधुनिक सोच रखने वाले अब्दुल्लाह की दूसरी बेटी ख़ुर्शीद जहाँ शादी के बाद बंबई जाकर रेणुका देवी के नाम से फ़िल्मी दुनिया का हिस्सा बनीं। उनका बेटा और बहू शाहिदा भी बंबई चले गये और बहू ने नीना नाम से अभिनय किया।

सबसे बड़ी बेटी रशीद जहाँ लखनऊ के आई.टी. कॉलेज और फिर लेडी हार्डिंग कॉलेज से मेडिकल की पढ़ाई कर लखनऊ में ही मेडिकल ऑफ़िसर नियुक्त हुईं। रशीद जहाँ कहानीकार, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता थीं। वे नाटक भी लिखती थीं और उनका मंचन कराती थीं। 1932 में एक कहानी संग्रह उर्दू में छपा, जिसमें सज्जाद ज़हीर, लखनऊ विश्वविद्यालय में अंग्रेज़ी के अध्यापक अहमद अली, राजनीतिक कार्यकर्ता और उच्च शिक्षा प्राप्त व ज़मींदार के बेटे महमूदुज़्ज़फ़र तथा डॉ. रशीद जहाँ की कहानियाँ शामिल थीं। सभी कहानियाँ आधुनिक भाव बोध की थीं। रशीद जहां की कहानी ‘दिल्ली की सैर’ और नाटक ‘पर्दे के पीछे’ भी ‘अंगारे’ में शामिल थे। पुस्तक क्या छपी, मानो भूचाल आ गया।

परंपरागत मुस्लिम समाज और उनके नेतागणों ने कहानियों को अश्लील बताया। रशीद जहां की ‘पर्दे के पीछे’ सामंती समाज की, पर्दे में रहने वाली औरत की नरक समान जीवन-गाथा थी। ऐसी ही अमानवीय उपेक्षा की शिकार औरत की कहानी ‘दिल्ली की सैर’ थी। मौलाना अब्दुल माजिद दरियाबादी ने तो डॉ. रशीद जहाँ के नाक-कान काटने का फ़तवा भी दे दिया।

यह सर्वविदित है कि अंततः ये घटनाएं और ‘अंगारे’ की कहानियों के ख़िलाफ़ उठे उग्र विरोध ने आगे प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना के विचार को जन्म दिया और आधारभूमि निर्मित की। 1936 में प्रगतिशील लेखक संघ का स्थापना समारोह, जिसकी अध्यक्षता कथा-सम्राट प्रेमचंद ने की, उसकी तैयारियों में भी डॉ. रशीद जहाँ अग्रिम पंक्ति में थीं।

इस्मत चुग़ताई उस समय अलीगढ़ के गर्ल्स कॉलेज में थीं और छात्रावास में रहती थीं। अलीगढ़ में एक मुल्ला शाहिद अहरारवी एक चीथड़ा अख़बार निकालता था और उसमें लगातार गर्ल्स कॉलेज और रशीद जहाँ को लेकर गाली-गलौज करता था। इसी दौरान ‘अंगारे’ रात में छुपकर हॉस्टल में इस्मत चुग़ताई और उनकी दोस्तों द्वारा पढ़ा गया।

सवेरे इस्मत चुग़ताई ने, शाहिद अहरारवी और उसके अख़बार के बारे में लेख लिखा और लिखा कि अगर इन लोगों ने कॉलेज बंद कराया, लड़कियों पर हमला किया तो यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले हमारे छह हज़ार भाई हमारी रक्षा करेंगे। शेख़ अब्दुल्लाह ने इस्मत चुग़ताई का वह लेख ‘अलीगढ़ गजट’ में छपवा दिया। फिर क्या था। यूनिवर्सिटी के छात्रों ने शाहिद अहरारवी की ख़ूब ठुकाई की और उसका प्रेस भी बंद करवा दिया।

प्रगतिशील लेखक संघ

अलीगढ़ यूनिवर्सिटी और गर्ल्स कॉलेज भी उस समय नवजागरण कालीन सामाजिक, शैक्षिक और प्रगतिशील चेतना का केंद्र था। मजाज़ लखनवी की बहन हमीदा सालिम थीं, जो लगातार लिख रही थीं। दूसरी बहन सफ़िया ने जाँ निसार अख़्तर से शादी की। उनके​ लिखे पत्र ‘हर्फ़े-आशना’ तथा ‘ज़ेरे-लब’ नाम से पुस्तकों के रूप में छपे और उर्दू साहित्य की धरोहर हैं। हमीदा सालिम की दोस्त हमीदा उमर ने लंबे प्रेम प्रसंग के बाद अलीगढ़ के ही मशहूर कम्युनिस्ट कार्यकर्ता और लेखक अख़्तर हुसैन रायपुरी से शादी की।

मुस्लिम नवजागारण और अलीगढ़ आन्दोलन ने एक पूरी पीढ़ी तैयार की, जो आधुनिक विचारों की, चेतना सम्पन्न और शिक्षित पीढ़ी थी। राजनीतिन पटल पर अगर एक ओर उच्च वर्ग में मुस्लिम लीग का प्रभाव था, तो दूसरी ओर बड़ी तादाद में प्रगतिशील विचारों के, वामपंथी रुजहान के, राजनीतिक कार्यकर्ता और सामाजिक बदलाव के पक्षधर लेखक भी थे। प्रेमचंद की अध्यक्षता में हुए प्रगतिशील लेखक संघ के स्थापना सम्मेलन में कोई हिन्दी का लेखक उस समय शामिल नहीं हुआ। प्रेमचंद के साथ जैनेन्द्र गये थे, लेकिन उन्होंने उसके घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किये। बाद में, दूसरे-तीसरे सम्मेलन से हिन्दी लेखक जुड़े।

इस्मत के शब्दों में…

इस्मत चुग़ताई की आत्मकथा ‘काग़ज़ी है पैरहन’ एक महत्वपूर्ण पुस्तक है क्योंकि वह उनके व्यक्तित्व निर्माण के कारक और परिस्थितियों के अलावा तत्कालीन मध्यवर्गीय मुस्लिम समाज का प्रामाणिक इतिहास भी है। उनका महत्वपूर्ण उपन्यास “टेढ़ी लकीर’ भी आपबीती ही है, जो बीसवीं सदी के तीसरे-चौथे दशक में सामाजिक सरोकारों और छात्र राजनीति से जुड़े युवावर्ग के ऐतिहासिक समय को बख़ूबी चित्रित करता है। बहुत संक्षेप में यदि इस्मत चुग़ताई की कहानियों और उपन्यासों का ज़िक्र करें तो भी यह वृहदाकार है।

‘कागज़ी है पैरहन’ वाले सामंती परिवार का वातावरण टेढ़ी लकीर की शम्मन के घर में भी दिखायी देता है- “नौ बच्चों के बाद एक का इज़ाफ़ा! वहाँ आपा की शादी-ब्याह की किसी को फ़िक्र नहीं.. पैदा होते हर साल बच्चों के लिए पानी गर्म करो– देखभाल करो.. दूध पिलाने के लिए गुवालन बुलवा ली गयी.. क्या मजाल जो अम्मा दूध पिला जाएँ। वह दूध पिलाये और बेगम की पट्टी से पट्टी जुड़ी रहे।” यही सामंती वातावरण और औरत का दर्द मुहम्मदी बेगम के रूप में रशीदजहाँ के नाटक ‘पर्दे के पीछे’ में उजागर होता है और ‘काग़ज़ी है पैरहन’ में इस्मत चुग़ताई की अम्मी के रूप में भी।

‘छुईमुई’ कहानी की भाभी जान, जिनसे शादी के बाद सिर्फ़ बच्चा पैदा करने की उम्मीद की जा रही है- “(वे) सीधी माँ के कूल्हे से तोड़कर भाईजान के पलंग की ज़ीनत बना दी गयीं।” कमसिन भाभी जान बी-मुलतानी के संरक्षण में पाली-पोसी जा रही हैं। वहीं उनके रेल में सफ़र के दौरान एक गंवारिन चलती ट्रेन में लपककर रेंगती हुई अंदर आती है और ग़ुसलख़ाने के बाहर बैठी, प्रसव पीड़ा के बाद चलती ट्रेन में बच्चे को जन्म देती है। स्वयं को और नवजात को संभालती वह ग्रामीण-श्रमिक औरत अचानक कहानी के केंद्र में आकर मुख्य पात्र बन जाती है, जो अकेली है और ख़ुद-मुख़्तार भी है।

“दिल की दुनिया” जो लघु-उपन्यास है, उसमें क़िस्मत की मारी कुदसिया बेगम के शौहर विलायत पढ़ने के लिए गये तो वहाँ से मेम ले आये। कुदसिया बेगम मायके में निर्वासित जीवन के लिए अभिशप्त हैं। समय-समय पर हक़ीम साहब का जानलेवा काढ़ा उन्हें पिलाया जाता है ताकि उनके शरीर की गर्मी को ख़त्म किया जा सके। उनका परिचय भी ऐसे ही कराया जाता है- “भाई, ये हैं कुदसिया, जिनके मियाँ ने मेम डाल ली है और कुदसिया ख़ाला भी उसे वक़्त फ़ख़्र करने लगती थीं, हर कोई मेम थोड़ी डाल सकता है।” ऐसी ही कहानी ‘भावी’ है। कमसिन भावी कॉन्वेंट की पढ़ी, आधुनिक रहन-सहन वाली है तो पूरा परिवार उन्हें गृहस्थ बनाने पर तुल जाता है। ताबड़तोड़ बच्चे पैदा कर चौवीस साल में ही वह भद्दी और ठुस्स हो जाती हैं, तो फिर तलाक़ ही नियति है।

उनकी बेहद चर्चित कहानियाँ ‘लिहाफ़’ और ‘चौथी का जोड़ा’ भी सामंती परिवेश में घुटती औरतें हैं। संपन्न परिवारों में यदि ये परिस्थितियाँ समलैंगिकता का वातावरण उत्पन्न करती हैं तो विपन्न परिवारों में शादी के इंतज़ार में ग़रीबी और तपेदिक से जूझती लड़कियों की नियति हैं।

इस्मत चुग़ताई ने धर्म, सामंती परिवेश से जूझती, बेबस औरतों के साथ ही सशक्त संकल्प के साथ अन्याय से जूझती औरतों को भी पहचाना। ‘दिल की दुनिया’ की कुदसिया बेगम अंत में विद्रोह पर उतारू होती है। उसने हक़ीम सहब का काढ़ा पीने से इनकार किया और अंतत: अपना मुस्तक़बिल शब्बीर भाई से जोड़ने की हिम्मत की। एक दिलचस्प पात्र ‘घरबाली’ कहानी की लाजो है। बिन ब्याही, मिर्ज़ा के घर रहने वाली लाजो स्वतंत्र है, लेकिन दुनियादारी को देखते हुए जब मिर्ज़ा उससे निकाह पढ़वा लेते हैं, तो उस पर लादी गयी सभ्यता, पहनावे सहित बंदिशें उसे समझ नहीं आतीं और वो विद्रोह पर उतारू हो जाती है।

एक अन्य उत्कृष्ट कहानी ‘दो हाथ’ में इस्मत सामाजिक पाखंड और नैतिकता पर प्रश्न करती हैं। बूढ़ी मेहतरानी का बेटा राम अवतार लाम पर चला गया था। घर में बहू और सास अकेली थी, तो उसका चचेरा भई रतीराम आकर कहने लगा और बहू के साथ कमाने भी घरों में जाने लगा। बहू के बच्चा हुआ तो सभी ख़ुश थे, सिवाय मुहल्ले के संभ्रांत परिवारों के लोग। बेटा एक साल का हो गया और तभी राम अवतार भी वापिस आ गया। वह भी बेटे को देखकर ख़ुश है। मुहल्ले वाले कहते हैं कि बहू चरित्रहीन है, उसे घर से निकाल दो। लेकिन ऐस नहीं होता। सास कहती है कि बहू के कमाने वाले हाथ हैं, वह मेहनती है। यह संभ्रांत समाज के पाखंड को उजागर करती है तथा श्रमिक स्त्री के श्रम को गरिमा प्रदान करती है।

लेखिका की स्मृतियों में बसी ‘बच्छू फूफी’ पर उनकी कहानी भी संवेदना जगाती है। “मुग़ल बच्चा’ की गोरी दादी पूरी ज़िंदगी पुरुष की अहमन्यता का शिकार हो अपना घूंघट उठने के इंतज़ार में बूढ़ी हो गयी, लेकिन स्वाभिमान का दामन अंत तक न छोड़ा।

इस्मत हमेशा, अपने जीवन में और लेखन में धर्म और परंपरा के नाम पर विभिन्न वर्गों की पीड़ित औरतों के पक्ष में ताल ठोककर खड़ी हुईं। समाज की कुड़वी-नंगी सच्चाइयाँ अभिजात्य वर्ग की शालीन भाषा में व्यक्त नहीं की जी सकतीं। उन्होंने विषय के अनुरूप खुली, नंगी भाषा का ही प्रयोग किया। इस्मत ने अपना जीवन अपनी शर्तों पर जिया और मृत्यु के बाद भी अपनी शर्तें लागू कीं। इसीलिए शरीर छोड़ने के बाद भी परंपरावादी धार्मिक कट्टरपंथियों ने उन्हें नहीं बख़्शा।

नमिता सिंह

नमिता सिंह

लखनऊ में पली बढ़ी।साहित्य, समाज और राजनीति की सोच यहीं से शुरू हुई तो विस्तार मिला अलीगढ़ जो जीवन की कर्मभूमि बनी।पी एच डी की थीसिस रसायन शास्त्र को समर्पित हुई तो आठ कहानी संग्रह ,दो उपन्यास के अलावा एक समीक्षा-आलोचना,एक साक्षात्कार संग्रह और एक स्त्री विमर्श की पुस्तक 'स्त्री-प्रश्न '।तीन संपादित पुस्तकें।पिछले वर्ष संस्मरणों की पुस्तक 'समय शिला पर'।कुछ हिन्दी साहित्य के शोध कर्ताओं को मेरे कथा साहित्य में कुछ ठीक लगा तो तीन पुस्तकें रचनाकर्म पर भीहैं।'फ़सादात की लायानियत -नमिता सिंह की कहानियाँ'-उर्दू में अनुवादित संग्रह। अंग्रेज़ी सहित अनेक भारतीय भाषाओं में कहानियों के अनुवाद। 'कर्फ्यू 'कहानी पर दूरदर्शन द्वारा टेलीफिल्म।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!