
ग़ज़ल तब: सलीम अश्क
3 अप्रैल 1947 को जन्मे सलीम अश्क का ग़ज़ल संग्रह ‘ज़ख़्मों का सफ़र’ 1976 में प्रकाशित हुआ था। अलीगढ़ और ग्वालियर से विज्ञान, उर्दू और हिंदी में उच्च शिक्षित इस शायर ने अनेक काव्य विधाओं में कलम चलायी और कहते हैं ग़ज़लों से उन्हें उस समय पहचाना गया। गाहे-गाहे वह छपते-छपाते रहे लेकिन वक़्त के साथ उनका नाम भुला दिया गया। आब-ओ-हवा के लिए भवेश दिलशाद की पेशकश…

मुझको मज़बूर न कर साज़ उठाने के लिए
मेरे नग़्मे हैं बहुत आग लगाने के लिए
आदमी काम में उलझा है मशीनों की तरह
किसको फ़ुरसत है तेरी मांग सजाने के लिए
भूख की आग में जलने लगे बच्चों के बदन
कोई क़िस्सा भी नहीं इनको सुनाने के लिए
कोई शे’र पढ़ूंगा तो शिकायत होगी
तुम कोई बात करो हंसने-हंसाने के लिए
घर के दरवाज़े खुले छोड़ दिये हैं मैंने
कौन आएगा मगर मुझको मनाने के लिए
—–*—–
इक धूल-सी उड़ी मेरी सांसों में भर गई
आंधी जुनूं की राह को हमवार कर गई
बरसात के दिनों में वो सूखी हुई नदी
प्यासे समन्दरों की तहो में उतर गई
कुछ और बढ़ गईं दरो-दीवार की हदें
दहलीज़ घर की आज सड़क पार कर गई
चौराहे पे पड़ी है किसी अजनबी की लाश
इक भीड़ आस-पास लगी थी बिखर गई
पानी बग़ैर धूप में मुरझा गये कंवल
प्यासी नज़र की झील सुराबों से भर गई
मैं पटरियों के बीच खड़ा सोचता रहा
इक रेल मेरे जिस्म से होकर गुज़र गई
हर-सू ख़ला में गूंज रही है मेरी सदा
ख़ामोश हूं कि अब मेरी आवाज़ मर गई
—–*—–
बेगाने फिर बेगाने हैं अपनों से तंग आ के लोग
जाने क्या-क्या पूज रहे हैं इन्सां से घबरा के लोग
ये कैसी दीवाना-रवी है देख के मह्वे-हैरत हूं
बैठे-बैठे ताप रहे हैं घर को आग लगा के लोग
वैसे इनको चैन नहीं था ऐसे भी तो चैन नहीं
दीवारों से झांक रहे हैं दीवारें उठवा के लोग
अय् दिल देख सम्भलकर चलना ये तुझको मालूम नहीं
इस बस्ती में लूट लिया करते हैं प्यार जता के लोग
मैं ठहरा आवारा पंछी फिर भी ‘अश्क’ न जाने क्यूं
मेरा ठिकाना पूछ रहे हैं अपना नाम बता के लोग
—–*—–
