
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 1
मासिक ब्लॉग निशांत कौशिक की कलम से....
ऐन कार्सन: सर्वथा भिन्न भाषा और चिंता
8 अक्टूबर 2026 को स्वीडिश अकादमी ने ऐन कार्सन को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया, तब प्रशस्ति में कहा गया कि यह सम्मान “उनकी निर्भीक और नवाचारी रचनाशीलता के लिए, जिसमें शास्त्रीय साहित्यिक परंपरा के साथ एक प्रयोगशील संवाद के माध्यम से समकालीन साहित्य में लेखन के नये रूप विकसित हुए हैं” दिया गया है। मूल प्रशस्ति में ‘playful dialogue’ पद का इस्तेमाल है, जिसके लिए मैंने ‘प्रयोगशील’ पद का इस्तेमाल किया है, जिसका आशय है एक क़िस्म का विनोदपूर्ण, चंचल या खिलंदड़ संवाद। प्रयोगशील कहने के पीछे मंशा यह है कि शास्त्रीय परंपराओं से संवाद करने का यह क्रम कितना भी विनोदपूर्ण हो या न हो, यह साहसपूर्ण और प्रयोगशील है, जब हमारे पाठ जानकारियों में बदले हैं और अनंत वर्तमान हम पर जाजम की तरह छाया हुआ है।
कार्सन का जन्म 1950 में टोरंटो में हुआ। वे कवि हैं, निबंधकार हैं, अनुवादक हैं और प्राचीन यूनानी भाषा की विद्वान हैं। नोबेल अनुशंसा में क्लासिकी साहित्य से संवाद का जो इशारा है, उनका उपन्यास ऑटोबायोग्राफ़ी ऑफ़ रेड (1998) उनके इसी संवाद की पहली महत्वपूर्ण बानगी है।
Autobiography of Red उपन्यास को आम तौर पर गद्य में लिखी लंबी कहानी माना जाता है। गद्य उपन्यास अपेक्षाकृत नयी विधा है, और इसके विकास का राष्ट्रवाद से गहरा संबंध रहा है। बेनेडिक्ट एंडरसन ने बहुत महत्वपूर्ण पुस्तक Imagined Communities में प्रिंट पूँजीवाद का ज़िक्र किया था, जिसमें उपन्यास के आधुनिक विकास की जड़ें हैं, एक साझा भाषा में, एक ही वक़्त और एक ही देश में रहते लोगों की कहानी पढ़ते हुए पाठक अपने को उसी समाज का हिस्सा मानने लगता था। राष्ट्र की आधुनिक कल्पना के विकास में उपन्यास का यही योगदान रहा।
कार्सन के उपन्यास को मानक अनुवाद में छंदोबद्ध उपन्यास कहा जाता है। भाषा सादा है, लहजा सपाट है और बीच-बीच में हास्य का पुट है।
किताब की कहानी का आधार यूनानी (ग्रीक) पौराणिक कथाओं के प्रसिद्ध नायक हेराक्लीज़ (रोमन नाम: हरक्यूलिस) है। हेराक्लीज़ देवताओं के राजा ज़्यूस का पुत्र था। उसकी सौतेली माँ हेरा उससे बहुत ईर्ष्या और नफ़रत करती थी। एक बार हेरा के कारण हेराक्लीज़ अपना मानसिक संतुलन खो बैठा और उसने अपने ही परिवार की हत्या कर दी। इस पाप का प्रायश्चित करने के लिए उसे राजा यूरिस्थियस की सेवा में रहकर बारह कठिन और लगभग असंभव काम पूरे करने का आदेश था। इन कामों में ख़तरनाक राक्षसों को मारना, जंगली जानवरों को पकड़ना और दूर-दराज़ की जगहों से दुर्लभ या ख़ास वस्तुएँ लाना शामिल था। उसका दसवाँ काम था गेर्योन नाम के एक भयानक राक्षस के मवेशियों को लाना।
Geryon was a monster everything about him was red
(Red Meat: Fragments of Stesichoros)
गेर्योन के आपस में ही जुड़े हुए तीन शरीर थे और वह एक दूर के द्वीप पर रहता था। हेराक्लीज़ लंबी यात्रा करके उस द्वीप पर पहुँचता है, गेर्योन को मारता है और उसके मवेशियों को लेकर राजा यूरिस्थियस के पास लौट आता है। यह उसके बारह कठिन कामों में से दसवाँ काम होता है।
क़रीब 2600 साल पहले यूनानी कवि स्टेसिकोरस ने इसी कथा पर कविता लिखी, जो पूरी तरह प्राप्य नहीं है। उसके बचे हुए टुकड़ों को कार्सन ने पढ़ा और उन्हें स्टेसिकोरस की इस कविता में गेर्योन के लिए कवि की एक हमदर्दी की खुली हुई खिड़की दिखी और उन्हें लगा कि कवि की हमदर्दी गेर्योन के साथ है। यह तत्व, ग्रीक कविता का राक्षस मिथक, कार्सन के उपन्यास में भिन्न स्वरूप में उतरता है, जैसे गेर्योन की मृत्यु के हवाले में वह कहती हैं:
“The red world and corresponding red breeze went on greyon did not”
कार्सन ने उपन्यास में स्टेसिकोरस की कविता के बचे हुए अंशों का अनुवाद, उन पर निबंधनुमा गद्य और स्टेसिकोरस के साथ एक काल्पनिक साक्षात्कार भी इस किताब में शामिल किया है। किताब इस लिहाज़ से अनेकानेक प्रयोगों का ख़ाका बन जाती है।
कार्सन की किताब में गेर्योन एक शर्मीला लड़का है, जिसके बदन का रंग लाल है और उसकी पीठ पर असली पंख हैं, जिसे वह गहरी शर्म के साथ छुपाकर रखता है। गेर्योन अपने घर में बदसुलूकी और यौन दुर्व्यवहार का शिकार रहा है, और वह छोटी उम्र से ही अपनी आत्मकथा लिख रहा है। इस तरह पुस्तक का शीर्षक जीवंत होता है।
चौदह साल की उम्र में गेर्योन की मुलाक़ात एक बस अड्डे पर हेराक्लीज़ से होती है। हेराक्लीज़ उससे बड़ा है, आकर्षक है और बेपरवाह रवैये का आदमी है। उनके बीच प्रेम सम्बन्ध पनपता है, गेर्योन जिसमें अपना सब कुछ लगा देता है, जबकि हेराक्लीज़ का जुड़ाव इतना गंभीर नहीं रहता। गेर्योन का जीवन के बदलाव, प्रेम प्रसंग और अंततः अपने पंखों, शरीर के प्रति स्वीकार के भाव में कथा का अन्य हिस्सा फैला हुआ है।
यूनानी कथा में हेराक्लीज़ नायक है और गेर्योन राक्षस। कार्सन की किताब में हेराक्लीज़ के किरदार के प्रति एक चारित्रिक हल्कापन बरता गया है और पाठक की हमदर्दी गेर्योन के साथ रहती है।
कार्सन के पास कथन की एक सर्वथा भिन्न भाषा और चिंता है, उनके यहाँ शास्त्रीय साहित्य से हासिल प्रज्ञा की ठोस मौजूदगी है, जो सिर्फ़ उद्धरण से नहीं आती, उसमें धैर्य, प्रतीक्षा और सम्मान का भाव है। ये ऐसे काँच के टुकड़े हैं, जिन पर धूप पड़े तो हीरे-सा चमकते हैं। भाषा के सन्दर्भ में कार्सन अमेरिकी कवि Gertrude Stein को अपने उपन्यास की शुरूआत में उद्धृत करती हैं:
“I like the feeling of words doing as they want to do and as they have to do”
कार्सन का उपन्यास हमारे पाठ और साहित्य के साथ नाते को प्रभावित करने की सामर्थ्य रखते हैं और हमारे वर्तमान के पाश को मुक्त करने की भी। उन्हें पढ़ना इतिहास-पाठ के तमाम पारम्परिक और आरोपित लहजों से मुक्त होना है।

निशांत कौशिक
1991 में जन्मे निशांत ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया, दिल्ली से तुर्की भाषा एवं साहित्य में स्नातक किया है। मुंबई विश्वविद्यालय से फ़ारसी में एडवांस डिप्लोमा किया है और फ़ारसी में ही एम.ए. में अध्ययनरत हैं। तुर्की, उर्दू, अज़रबैजानी, पंजाबी और अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित। पुणे में 2023 से नौकरी एवं रिहाइश।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky

1 comment on “ऐन कार्सन: सर्वथा भिन्न भाषा और चिंता”