
उर्दू/हिन्दी में पढ़िए 7 प्रसिद्ध फ़ारसी ग़ज़लें
#उर्दूकीज़मीनें… तकनीक प्रचंड हो चुकी है और एआई अनुवाद की विधा को ख़त्म करने पर उतारू है। अनुवाद विधा को ज़िंदा रखने के लिए कलात्मकता और गहराई अब अनिवार्य है। सलीम सरमद पेशे से शिक्षक हैं लेकिन तबीयत से लेखक, शायर, कलाप्रेमी और आब-ओ-हवा के नियमित ब्लॉगर भी हैं। प्रसिद्ध फ़ारसी रचनाओं के अनुवाद पिछले कुछ समय से कर रहे हैं और ग़ज़ल के फ़ॉर्म में ही। आब-ओ-हवा के इस अंक के लिए काव्यानुवाद की यह ख़ास पेशकश…

1. बू अली शाह क़लंदर की प्रसिद्ध ग़ज़ल ‘मनम मह्व-ए-जमाल-ए-ऊ न मी-दानम कुजा रफ़्तम’
मैं हूँ मह्वे-जमाल उसका कहाँ पहुँचा नहीं मालूम
मैं उसके वस्ल में डूबा कहाँ पहुँचा नहीं मालूम
ग़ुलाम उस चेहरे का ही था असीर उस ज़ुल्फ़ का ही था
ग़ुबार उसकी गली का था कहाँ पहुँचा नहीं मालूम
हुए थे आशना मह से फ़िदा थे जानो-दिल जबसे
फ़ना मैं था फ़ना मैं था कहाँ पहुँचा नहीं मालूम
मैं उसमें मुब्तिला होता मैं उसके पांव तक झुकता
मैं उसको देखता रहता कहाँ पहुँचा नहीं मालूम
2. अमीर ख़ुसरौ का प्रसिद्ध कलाम ‘न मी दानम चे मंज़िल बूद शब जाए कि मन बूदम’
नहीं मालूम क्या मंज़िल थी मैं कल शब कहां पर था
हर इक थिरकन वहां बिस्मिल थी मैं कल शब कहां पर था
परी पैकर बदन महविश कशिश शादाब चेहरे की
सरापा वो बला-ए-दिल थी मैं कल शब कहां पर था
रक़ीबों की निगाहें पढ़ रही थीं ज़ुम्बिशे-लब को
सुख़न किस दर्जा फिर मुश्किल थी मैं कल शब कहां पर था
3. हक़ीम नज़्र अशरफ़ अशरफ़ी की प्रसिद्ध ग़ज़ल ‘न मी दानम कि आख़िर चूँ दम-ए-दीदार मी रक़्सम’
नहीं मालूम आख़िर क्यों दमे-दीदार मैं नाचा
मगर मुझको है नाज़ इस पर कि पेशे-यार मैं नाचा
तू क़ातिल है तमाशे के लिए भी क़त्ल करता है
मैं हूँ घायल तो ज़ेरे-ख़ंजरे-ख़ूंख़ार मैं नाचा
सरापा बेख़ुदी के हाल पर अपने हुआ क़ुरबाँ
कि अपने चार-सू ख़ुद सूरते-परकार मैं नाचा
मिरे महबूब आकर देख किस दर्जा तमाशा है
कि रुसवाई हुई मेरी सरे-बाज़ार मैं नाचा
जो मयनोशी है जिस पर पारसाई कर दूं मैं पामाल
कि तक़वा है तो सर पर बांधकर दस्तार मैं नाचा
तेरी नग़मा सराई जब हुई हर बार मैं नाचा
कि जिस धुन पर नचाया तूने मेरे यार मैं नाचा
ठहरता ही नहीं है क़तर-ए-शबनम जो कांटों पर
मगर क़ुदरत की मर्ज़ी है ब-नोके ख़ार मैं नाचा
4. कैफ़ी चिरैयाकोटी की प्रसिद्ध ग़ज़ल ‘न मन दर ख़ान:-ए-ख़म्मार मस्तम’
नहीं मयख़्वार का घरबार मैं हूँ मस्त
अनलहक़ लब पे और है दार मैं हूँ मस्त
मेरी मस्ती से मुझको मिल गया है यार
है मेरे साथ मेरा यार मैं हूँ मस्त
मैं क्या रुसवाइयां देखूंगा मस्ती में
गली कूचा कि हो बाज़ार मैं हूँ मस्त
शुमार एक-इक नफ़स है मय के साग़र में
यही है कैफ़ियत हर बार मैं हूँ मस्त
नहीं मालूम जन्नत का निशाँ मुझको
कि ज़ेरे-साय-ए-दीवार मैं हूँ मस्त
5. ख़्वाज़ा मीर दर्द का प्रसिद्ध कलाम ‘मन चे दानम नग़्मः-ए-मस्तानः रा’
बाग़ से निस्बत है क्या मस्ताने को
इक लहर ख़ुशबू की है दीवाने को
दिल है शक़* फिर भी न सौदा हो सका
हाथ से यूं ही लिया बैआने को
आंसुओं के बीज बोकर आस है
रब हरा कर देगा हर इक दाने को
*टूटा हुआ
6. हाफ़िज़ की प्रसिद्ध ग़ज़ल ‘ब-हर सू जल्वः-ए-दिलदार दीदम’
चमकता हर तरफ़ दिलदार देखा
हर इक शै में जमाले-यार देखा
नहीं देखी कोई शै उससे ख़ाली
उसी को कूच-ओ-बाज़ार देखा
था मेरे आईने में अक्स उसका
जो देखा ख़ुद को अपना यार देखा
संभालो ज़ाहिदो, मेहराबो-मिम्बर
कि आख़िर आशिकों ने दार देखा
7. अमीर ख़ुसरौ की प्रसिद्ध ग़ज़ल ‘अज़ फ़िराक़त ज़िंदगानी चूँ कुनम’
इस विरह में ज़िंदगानी क्या करूं
ऐसे ग़म को शादमानी क्या करूं
इश्क़ नाचारी ग़रीबी और विरह
पेशतर हैं, ज़िंदगानी क्या करूं
चांद के कहने पे आख़िर वार दूँ
जां है आशिक़ पर गिरानी* क्या करूं
अपने दुख से बा-ख़बर हूं मैं मगर
गत मेरी तूने न जानी क्या करूं
*बोझ
