कोमल जौइया, komal joiya

ग़ज़ल अब: कोमल जौइया

असली नाम है शाज़िया ख़ुरशीद और मुल्तान, पाकिस्तान में रहते हुए उर्दू शायरी में एक पहचान बना रही हैं। राजनीति शास्त्र में मास्टर्स और उर्दू में एम.फिल. करने वाली कोमल के कलाम के अब तक तीन संग्रह आ चुके हैं। ‘धूप नहाती बारिश’ तीसरा है, जो 2024 में शाए हुआ। सियासत और रवायात पर तल्ख़ी उभरकर आती ही है, उनकी शायरी में हमारे दौर की अक्कासी, एक तेज़तर्रार लहजा भी दिखायी-सुनायी देता है। आब-ओ-हवा के लिए ग़ज़ाला तबस्सुम की पेशकश…

कोमल जौइया, komal joiya

मंसूब चराग़ों से, तरफ़दार हवा के
तुम लोग मुनाफ़िक़ हो मुनाफ़िक़ भी बला के

क्यों ज़ब्त की बुनियाद हिलाने पे तुला है?
मैं फेंक न दूँ हिज्र तुझे आग लगा के

एक ज़ूद-फ़रामोश की बेफ़ैज़ मुहब्बत
जाऊँगी गुज़रते हुए रावी में बहा के

इस वक़्त मुझे उम्र-ए-रवाँ दर्द बहुत है
तुझसे मैं निपटती यूँ ज़रा देर में आ के

ज़ंजीर नहीं होते तअल्लुक़ कि जकड़ लो
चाहो तो बिछड़ जाओ अभी हाथ छुड़ा के

मैं अपने ख़द्दो-ख़ाल ही पहचान न पाई
गुज़रा है यहाँ वक़्त बड़ी धूल उड़ा के

करती हूँ तरो-ताज़ा हरी रुत के मनाज़िर
काग़ज़ पे कभी पेड़, कभी फूल बना के

—–*—–

सब चराग़ों की हिदायात का मतलब समझे
चाँद रूठा तो सियाह रात का मतलब समझे

कौन रह-रह के वफ़ाओं को निभाना सीखे
कौन फ़र्सूदा रिवायात का मतलब समझे

उससे पहले तो दुआओं पे यक़ीं था कम-कम
तूने छोड़ा तो मुनाजात का मतलब समझे

जब वो भर-भर के लुटाता रहा औरों पे ख़ुलूस
हम तही-दस्त इनायात का मतलब समझे

अब किसी और तरफ़ बात घुमाने वाले
मैं समझती हूँ तेरी बात का मतलब, समझे

तुझको भी छोड़ के जाए तेरा अपना कोई
तू भी इक रोज़ मुक़ाफ़ात का मतलब समझे

—–*—–

ये जंग हार न जाए सिपाह क़ैद में है
ग़ुलाम तख़्त पे क़ाबिज़ हैं, शाह क़ैद में है

परिन्दे इसलिए ज़िंदाँ के गिर्द घूमते हैं
कि उनकी डार का इक बेगुनाह क़ैद में है

तिरे हुक़ूक़ की कोई नहीं ज़मानत अब
ग़रीब-ए-शहर तिरा ख़ैरख़्वाह क़ैद में है

सुख़न की हम को इजाज़त न हुक्म देखने का
क़लम असीर-ए-सलासिल, निगाह क़ैद में है

सवाल कौन उठाएगा मुन्सिफ़ों पे हुज़ूर
बरी हुए सभी मुजरिम, गवाह क़ैद में है

ये अर्श-ओ-फ़र्श को इक दिन हिलाएगी कोमल
दुरून-ए-दिल जो मिरी सर्द आह क़ैद में है

—–*—–

मुनाफ़िक़- पाखण्डी; ज़ूद-फ़रामोश- जल्द भूल जाने वाला; बेफ़ैज़- बिना लाभ के
फ़र्सूदा- पुराना, जर्जर; मुनाजात- ख़ुदा से गुफ़्तगू; तही-दस्त इनायात- ख़ाली हाथों से की गयी मेहरबानी; मुआफ़क़ात- सहमति
ज़िदां- पिंजरा; हुक़ूक़- अधिकार; असीर-ए-सलासिल- ज़ंजीरों में जकड़ा हुआ; दुरून-ए-दिल- अंतर्मन

1 comment on “ग़ज़ल अब: कोमल जौइया”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!