
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
नियमित ब्लॉग रति सक्सेना की कलम से....
शायराना घरौंदे में एक पंछी...
(तुर्की के डेन्जिली प्रांत से प्राचीन संस्कृति की ओर)
उसने एक बार भी मुड़कर नहीं देखा
उसने एक बार भी जाते-जाते विदा नहीं कहा
वह बस चुप हो गया
और अपने बाजे को भी नहीं उतारा
किसी ने फिर कोई खबर नहीं सुनी
वह किसी दिन अचानक नहीं चला आया
हालाँकि किसी को उसका इंतजार नहीं था
और न ही उसके लिए रोया
-अहमत तैलि
खाने की लम्बी मेज़ पर मंगोली नाक-नक़्श वाले का दर्द केवल तुर्की का नहीं, पूरी दुनिया के हर उस मुल्क का है, जहाँ लोक-गायक विलुप्त होते जा रहे हैं। हम होटल शीर यानी शायरी के घरौंदे में शायराना अंदाज़ में सजी लम्बी-सी मेज़ पर तुर्की के ख़ास कवियों का वक्तव्य सुन रहे हैं। इस्लामिक देशों से बेहद अलग, अमेरिकन राजनीति से प्रभावित इस देश का दर्द देखने में संभवतः महसूस नहीं होता, लेकिन शायरों, लेखकों ने इस दर्द को बेहद होशियारी से थामा हुआ है। दरअसल यहाँ के शायरों, लेखकों और कलाकारों ने सरकार की नकेल बख़ूबी पकड़ रखी है, यह उनके वक्तव्यों से ज़ाहिर होता है।
अहमत तैलि कह रहे हैं… हमें सरकार से कोई भय नहीं, वे हमें जेल में डालकर देख ही चुके हैं, हमारी कलम रुकती नहीं, हद से हद वे हमारे सर से छत उतार लेंगे, हमारी रोटी छीन लेंगे…. जब तक यह होटल शायरी है, हमें उसकी भी चिंता नहीं। अब यह शीर होटल क्या, एक जुनून है इसात बोजबियक का, जो इसके मालिक हैं।
शीर में इसात ने कविता को मिट्टी-गारे से रचा है, रंगों से सजाया है और फिर दिल से अपनाया है। शीर के सामने कलम-दवात को थामे दो हाथ हैं, होटल में घुसते ही तुर्की कवियों की मूर्तियाँ दिखायी देंगी, दीवारों पर कवियों के चित्रों की बेहद ख़ूबसूरती से प्रस्तुति… सोफ़ों के कपड़ों पर कविता की पंक्तियाँ और मेज़ों पर कविता लिखी काग़ज़ की कतरनें… शीर में कमरों के नाम तुर्क के बड़े कवियों के नाम पर रखे गये हैं। कुछ कमरे कवियों के लिए इस तरह से सुरक्षित हैं कि वे जब चाहें, आकर रह सकते हैं। कमरों के भीतर श्वेत सज्जा के साथ दीवार पर कवि और कविता की चित्रमय प्रस्तुति.. शीर के चर्चा कक्ष में दुनिया के बड़े-बड़े कवियों के चित्र और उनकी कविताएँ ख़ूबसूरती से सज्जित हैं। भोजन कक्ष में कविता-वृक्ष है, जिसमें दुनिया के कवियों की कविता हाथ से लिखकर पत्तों की तरह टाँगी गयी है। वातावरण में बेहद सादगी और शाइस्तगी….
कहते हैं कि नसरुद्दीन होड्जा ने यहाँ की फ़िज़ा में, हवा में, वादियों में कविता देखी थी।
इसात ने उसे साकार किया। इसात के सपने में एक पाखी आयी, प्यार के शब्दों को चुनने के लिए, उसने पहाड़ों, घाटियों, नदियों और नहरों में से प्यार के शब्दों को चुना… और इसात को थमा गयी… इसात ने रेत, गारे और सीमेंट को कविता में मिलाया, इस्पात और कांक्रीट से कविता को मज़बूत किया, रंग-रोशन में कविता के छींटे दिये और शीर होटल यानी कि शायरी का होटल बनाया।
मैं नहीं जानती कि व्यावसायिकता के इस दौर में शायरी के घर का क्या मुकाम!
मैं नहीं जानती कि युद्ध की विभीषिका में प्रेम का क्या मुकाम!
मैं बस यह समझ रही हूँ कि कुछ भी नामुमकिन नहीं…
कल्पना का हक़ीक़त में बदलना, या फिर हक़ीक़त का कल्पना में साकार होना।
भारत से यहां तक की यात्रा
21 मार्च 2012 की रात को जब मैं दिल्ली के हवाई अड्डे पर पहुँची तो उतनी परेशानी नहीं हुई, जितनी कि मुंबई के हवाई अड्डे पर हुआ करती थी। चेकिंग आदि का काम काफ़ी जल्दी हो गया, लेकिन सबसे अच्छा अनुभव वीज़ा काउंटर पर हुआ। ऑफ़िसर ने पूछा… कहिए मैडम, बच्चों से मिलने जा रही हैं? मैंने कहा- नहीं, कवितोत्सव में। उसे इस जवाब की आशा नहीं थी क्योंकि आजकल मेरी उम्र की अधिकतर महिलाएँ विदेश यात्रा अपने बच्चों के बच्चों की आयागिरी करने को ही किया करती हैं। वह पूछने लगा- आप लिखती हैं, क्या कोई किताब भी है?
मैंने कहा संभवतः लिखने के कारण ही बुलाया जा रहा है। और अपना कार्ड उसे देते हुए कहा गूगल सर्च कर लीजिए। वह कहने लगा, मैडम, मुझे भी लिखने-पढ़ने का शौक़ है, इसलिए पूछा था।
चलो, शुरूआत एक पढ़े-लिखे आदमी के दर्शन से हुई। मन ख़ुश था… लेकिन अब समस्या थी वक्त काटने की… यह फ़्लाइट इस्ताम्बुल जा रही थी, लेकिन यूरोपियन देशों के काफ़ी यात्री थे, जो वहाँ से आगे की उड़ान लेने वाले थे। मैं देख रही थी कि अनेक विदेशी गेरुए वस्त्र पहने हुए ठेठ वृन्दावन वाली वेशभूषा में थे। विकास सर्पोमुखी होता है, जहाँ से शुरूआत, वहीं अंत। ये युवक उन देशों के होंगे, जहाँ हमारे युवक जाने को लालायित रहते हैं और वहाँ के नवयुवक यहाँ शांति की खोज में। दोनों की खोज छद्म है, संभवतः वे ताउम्र जान भी नहीं पाते… लेकिन हर सिद्धार्थ के भाग्य में बुद्ध बनना थोड़े ही बदा होता है।
एक युवती केसरी लहंगा और ओढ़नी पहने, गले में मालाएँ पहने मेरे पास आ बैठी तो मैं उससे कुछ पूछना चाहती थी, लेकिन इस तरह कि उसे बुरा न लगे।
किसी आश्रम से लौट रही हैं आप? – मैंने अंग्रेज़ी में पूछा।
जी हाँ, आश्रम से ही। – उसने कोई नाम लिया, जो मुझे याद भी नहीं।
वहाँ क्या करती हैं? हिचकिचाते हुए पूछा।
बस भजन गाना, मन्दिर की सफ़ाई, माला जाप करना… मैं विस्मित थी, इतने भर से कोई आनन्द कैसे पा लेता है? उस महिला के माथे पर चन्दन की बिन्दियों से लग रहा था कि वह राधावल्लभ जैसे किसी सम्प्रदाय वाले आश्रम में जाती रही होंगी।
क्या आप अपने देश में भी यही वेशभूषा पहनती हैं?
नहीं, मैं छह महीने नौकरी करती हूँ, और फिर छह महीने भारत आती हूँ, उस पैसे से छह महीने काम चला लेती हूँ।
क्या नौकरी?
हर बार नयी खोजनी पड़ती है, क्योंकि लगकर काम जो नहीं कर पाती।
मुझे वे पंछी याद आये, जो वर्ष के छह महीने उड़कर दूरस्थ देशों में जाते हैं और फिर लौटकर अपने नीड़ों में लौट आते हैं।
इस्ताम्बुल में मेरे पास काफ़ी वक़्त था, डेन्जिली के लिए मेरा जहाज़ शाम को था, मुझे अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अन्तर्देशीय अड्डे की ओर जाना था। इस देश में आते ही मुझे यही लगने लगा कि मैं भाषा नामक वस्तु से पूर्णतया अपरिचित हूँ। सब कुछ तुर्की भाषा में था। इशारों के साथ मैं जब देशीय हवाई अड्डे में पहुँची, तो मेरे लिए वक़्त मानो थम-सा गया। मैंने अपने साथ कोई पुस्तक रखी नहीं थी। हवाई अड्डे पर अंग्रेज़ी के नाम पर अख़बार तक नहीं था। मैं घूम-घूमकर दुकानों के चक्कर लगाती रही। फिर थककर बैठ जाती, लेकिन वक़्त बिताना बेहद मुश्किल होता जा रहा था। पुस्तकों की दुकानों पर अंग्रेज़ी की एक भी किताब नहीं…
किसी तरह शाम के चार बजे मुझे रकेल और अतौल दिखायी दिये, वे भी इसी फ़्लाइट से डेंजिली जा रहे थे। मुझे देखकर दोनों ख़ुश हुए। मुझे पता चला कि रकेल पूरे दो दिनों से इस्ताम्बुल में हैं। ख़ूब घूम रही हैं… काश, मैं भी…
जब हम डेन्जिली पहुँचे तो अन्य कवि नील हैव (डेनमार्क) Niels Hav दिखे। वातावरण में खुनक थी, लेकिन हवा बेहद तेज़। मुझे कसकर ठण्ड लगने लगी। रकेल ने अपना लेदर जैकेट मुझे दिया… मैं तो स्वेटर लेकर आयी थी… और ऐसी हवा में स्वेटर काम ही नहीं कर सकता था।
जब हम होटल शीर पहुँचे तो रात हो चुकी थी, अनेक लोग हमारा इंतज़ार कर रहे थे। सारी बातें या तो तुर्की में हो रही थीं, या फिर फ़्रेंच में। मैं सब चेहरों को दिमाग़ में दर्ज करने की कोशिश कर रही थी। कहा गया कि थोड़ी देर में डिनर के लिए पहुँचना है।
मैं जब कमरे में पहुँची तो विश्वास ही नहीं कर सकी कि कोई कमरा इतना काव्यात्मक हो सकता है… यहीं मुझे होटल शीर की कहानी सुनने को मिली, यहीं तुर्की के समकालीन कवियों से परिचय हुआ।

एक सैर
फिर इतना आरामदायक कमरा, और मेरी आँखों में नींद ही नहीं… न वक़्त का भान था, न ही वक़्त कट पा रहा था, एकदम सन्नाटा। थोड़ा-बहुत सोयी तो फिर नींद खुल गयी, अब मैं नहा-धोकर नीचे आयी तो भोजन कक्ष में सन्नाटा पसरा था। मैं वापस कमरे में आ गयी।
कुछ देर बाद नीचे गयी तो बढ़िया नाश्ता लगा था, लेकिन कवियों में से कोई दिखायी नहीं दिया। मैंने नाश्ता किया और कैमरा लेकर होटल में घूमने लगी। होटल में तुर्क के नामी कवियों की मूर्तियाँ लगी हुई थीं। एक छोटा-सा पुस्तकालय था, जहां कविता की पुस्तकें शेल्फ़ों में सजी थीं। इसके उपरान्त सभागार था, जहां विश्व के बड़े-बड़े कवियों के चित्र और उनकी कविताएँ थीं। बड़े कवियों में टैगोर की उपस्थिति तो लाज़मी है। क्योंकि मुझे इस कवितोत्सव में आमंत्रित किया गया था, इसलिए मेरी कविताएँ और चित्र भी वहाँ थे। निस्संदेह मुझे ख़ुशी होती, लेकिन थोड़ा अटपटा ज़रूर लगा कि मेरे साथ यानीस रित्सोस का चित्र था। मुझे अपने बौनेपन का भान शिद्दत से होने लगा।
फिर दोपहर के ग्यारह बजे तक हम सब सैर को निकले। डेन्जिली प्राचीन अन्तोलिया का एक हिस्सा है, जो तीन चीज़ों के लिए बहुत प्रसिद्ध है: मुर्गा, सूती कपड़े और ख़ूबसूरत औरतें। हमने पहाड़ियां देखीं, वह खनिज साइट देखी, जहां एक कंपनी के विरुद्ध हज़ारों की संख्या में जनांदोलन हुआ। कारपेट विलेज में रेशम के कीड़ों के बारे में जाना और वहां काम करती स्त्रियों को देखकर कश्मीरी औरतों का चित्र उभरा। झील, पक्षी देखे और केरल को याद करते हुए तस्वीरें खींचीं…
भोजन के बाद हमें डेन्जिली सिटी घूमने जाना था, लेकिन अतौल ने कार्यक्रम बदल दिया। उन्हें यूनिवर्सिटी में आमंत्रित किया गया था, तो उन्होंने मुझसे और रकेल से उनके साथ यूनिवर्सिटी चलने को कहा। निस्संदेह हम सहर्ष तैयार थे।
डेन्जिली के विश्वविद्यालय में
अतौल, तुर्की के लोकप्रिय कवि छात्रों की भीड़ से घिरे हुए थे। घनघोर राजतन्त्रीय जीवन शैली वाले इस राज्य में, जो उदारवादी विचारधारा के कारण पश्चिम में ही नहीं पूर्व में भी ख़ासा लोकप्रिय है, अतौल वामपंथी विचारधारा के कवि हैं, जो राजनीतिज्ञों के आँख की किरकिरी होते हुए भी युवा वर्ग और जनता में बेहद लोकप्रिय हैं। डेन्जिली पहुँचने के दूसरे दिन सुबह अतौल ने हम लोगों को बताया तो था कि उन्हें शाम को शीर होटल (शायरी होटल-डेन्जिली) के कविता समारोह से पहले पमुक्कले विश्वविद्यालय में छात्रों को सम्बोधित करने जाना है। यह वह वक़्त था, जिसे शहर भ्रमण के लिए रखा गया था। लेकिन मुझे और रकेल दोनों को लगा कि शहर तो फिर घूमा जा सकता है, छात्रों से मिलने का इससे अच्छा अवसर मिलना नामुमकिन है।
तुर्क में प्रवेश करते ही भाषा की समस्या का अनुभव लगातार हो रहा था। होटल मालिक इसात के बेटे आनिल को छोड़ कोई भी अंग्रेज़ी नहीं बोल पा रहा था। अतौल भी अंग्रेज़ी की अपेक्षा फ़्रेंच भाषा का बेहतर ज्ञान रखते हैं। पिछली शाम सहभोज के वक़्त हम आनिल का उपयोग दुभाषिये के रूप में कर रहे थे। भाषा न आना भी एक अजीब-सा मज़ा दे जाता है, पहली बार आप मूल भाषा को केवल आंगिक प्रतिक्रिया के रूप में देख पाते हैं। शब्द कानों से टकरा-टकराकर बिखर जाते हैं। फिर दुभाषिये की ज़बान में भाषा का अजीब-सा अर्थ प्रस्तुत हो जाता है। मैं सोच रही थी यूनिवर्सिटी के छात्रों के सम्मुख संभवतया भाषाई समस्या नहीं होगी, क्योंकि तुर्की जैसे विकसित देश में युवाओं में अंग्रेज़ी का ज्ञान अवश्य होगा।
जब हम विश्वविद्यालय पहुँचे तो गेट पर छात्रसंघ के अध्यक्ष और सांस्कृतिक प्रतिनिधि ने स्वागत किया था। ये दोनों हमें लेकर सभागार पहुँचें, जहाँ हज़ारों की संख्या में छात्रों ने तालियों के साथ अतौल का स्वागत किया। इसके उपरान्त सभी छात्र त्वरित गति से उठे और राष्ट्रीय गीत गाने लगे। मैंने ऐसा दृश्य अपने देश में कभी नहीं देखा था।
यहाँ भी हर कार्य मात्र तुर्की भाषा में हो रहा था। अतः अतौल ने ही दुभाषिये का ज़िम्मा उठाया। उन्होंने अतिथि सत्कार को ध्यान में रख सबसे पहले मुझे और रकेल को मंच पर आमन्त्रित किया। फिर तुर्की में परिचय करवाते हुए कविता पढ़ने को आमन्त्रित किया। अनुवाद अतौल ने पढ़ा।
मैं देख रही थी कि अतौल में एक लोकप्रिय नेता के सारे गुण मौजूद हैं। वे कभी भी कागज का सहारा नहीं लेते। मंच पर मज़े से चलते हुए कविताएं पढ़ते जाते हैं। उनकी दृष्टि हमेशा दर्शकों पर टिकी रहती है, जिससे कविता संवाद का रूप ले लेती है। मैंने यह भी देखा कि जैसे ही वे एक ग़ज़ल पढ़ते, किसी अन्य का नाम छात्रों की ज़बान पर आ जाता और वे बिना हिचके दूसरी ग़ज़ल पढ़ जाते। इसी बीच उनसे कुछ सवाल भी हुए, जिसका जवाब उन्होंने ग़ज़ल से दिया।
इसके उपरान्त पुनः मुझे और रकेल को मंच पर बुलाया गया और हमसे भी सवाल किये गये। मैंने देखा कि भाषा की अज्ञानता के बावजूद अनेक छात्र और अध्यापक लगातार सवाल करते जा रहे हैं। एक दृष्टिहीन व्यक्ति का सवाल सबसे दिलचस्प था। उसने पूछा कि कविता अब श्रव्य रस क्यों खोती जा रही है। मैंने अतौल की ग़ज़लों पर ध्यान दिया था कि वे गायकी से काफ़ी दूर जाकर वैचारिक भावों को प्रधानता दे रही थीं। संभवतया उस व्यक्ति का इसी बात की ओर इशारा था। मैंने उसे प्रतिपक्ष में सवाल किया…
आपने मेरी और रकेल की कविताएँ सुनीं? आपको उन्हें सुनकर क्या प्रतीत हुआ?
उस व्यक्ति ने बेहद उम्दा जवाब दिया- “मुझे आप लोगों की कविताएं सुनकर ऐसा लगा कि आप जो कुछ कह रही हैं, उसमें एक पीड़ा का भाव तो है ही, साथ ही कुछ सवाल भी हैं…”
“फिर तो आप कविता को देख सकते हैं, जो सामान्यतया लोगो के बस में नहीं होता।”
सवालों का सेशन काफ़ी लम्बा था, अब छात्र कुछ सवाल अतौल से करना चाहते थे, जो संभवतया देश की राजनीतिक समस्याओं को लेकर थे। हम लोग नीचे आकर बैठ गये।
इस यात्रा का हासिल
मुझे यह तो मालूम था कि अतौल कम्युनिस्ट पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं, जो सरकार पर ख़ासी लगाम कसते हैं। पिछली रात सहभोज में एक बात बार-बार उछलकर आ रही थी कि अधिकतर बुद्धिजीवी कभी न कभी जेल भेजे गये थे। अतौल के बारे में तो मुझे मालूम ही था। लेकिन होटल के मालिक इसात के बारे में भी यह जानकारी मिली कि वे पहले तुर्की भाषा के अध्यापक थे। एक बार उन्होंने वे कविताएँ पढ़ीं, जिन पर सरकार ने प्रतिबन्ध लगा रखा था, तो उन्हें दो साल की जेल हो गयी। ऐसे ही अन्य प्रतिष्ठित कवि अहमत तैलि ने भी सरकार की कठोरता को लेकर कुछ बातें कही थीं।
विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के उपरान्त अतौल ने हमसे कहा कि हम दोनो होटल लौट जाएँ, जिससे शाम के कविता पाठ के लिए तैयार हो सकें।
इसी वक्त वह छात्र दौड़ा-दौड़ा आया था, उसने आते ही कहना शुरू किया कि वह हमसे बहुत ज़रूरी बात करना चाह रहा है। यूनिवर्सिटी से होटल का रास्ता ज़्यादा नहीं था इसलिए वह लगातार बोलने लगा…
“देखिए, मैं आप लोगों के द्वारा दुनिया को सन्देश देना चाहता हूँ। आपको शायद मालूम ही नहीं होगा कि हमारे हज़ारों छात्र आज जेल में हैं।”
जेल में! मैं आश्चर्यचकित थी। देखने में तुर्क एक बेहद सम्पन्न देश लगता है। इस्लाम होते हुए भी कट्टरता का नामो-निशान भी नहीं दिख रहा था। हालाँकि यूनिवर्सिटी आडिटोरियम में दो तुर्की साफ़-साफ़ दिखे, एक बेहद माडर्न और दूसरा परम्परावादी, लेकिन कट्टरवाद कहीं नहीं महसूस हुआ।
वह युवा अपने छात्रों के सघर्ष के बारे में लगातार कुछ बताता जा रहा था।
“ऐसे कैसे? मैं आश्चर्यचकित थी, यहाँ तो सब कुछ इतना खुला-खुला लगता है, लगता ही नहीं कि हम किसी इस्लामी देश में हैं।” मैंने कहा।
“हाँ, बाहर से सब कुछ अच्छा है, हमारी सरकार बेहद आधुनिक लगती है। पूरी अमेरिकन संस्कृति की अनुयायी, लेकिन भीतर ही भीतर बड़ा बवण्डर मच रहा है। कट्टर ताक़तें सिर उठा रही हैं। सरकार उन्हें भी ख़ुश रखना चाहती है, और ऐसे नियम बनाती है जो देखने में सामान्य लगते हैं लेकिन उनके भीतर कट्टरवाद है। उदाहरण के लिए पहले यहाँ आठवीं तक शिक्षा मुफ़्त थी, लेकिन अब उसे घटाकर केवल चौथी तक कर दिया… ये मदरसे भी सरकारी शह पर कट्टरता को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसा अधिकतर पूर्वी तुर्क में ज़्यादा हो रहा है। इसी तरह से सरकार एक अलग ढंग से भी कट्टरता को बढ़ावा दे रही है। पर्यटन के बहाने पुरातन विचारधारा को तश्तरी में परोसा जा रहा है। सूफ़ी संगीत के नाम पर कट्टरता को बढ़ावा दिया जाता है। हम छात्र जानते हैं, और अपनी पीढ़ी को बचाना चाहते हैं…
यदि हम साधारण सी बात, जैसे कि तकनीकी सुविधा आदि के लिए भी सवाल उठाएं, जेल में बन्द कर दिये जाते हैं… हम चाहते हैं दुनिया हमारी हक़ीक़त समझे। मैं आप लोगों से गुज़ारिश करने आया हूँ कि आप अपने देशों में अपनी भाषा में इसे सामने लाएं।”
इसके उपरान्त वह मुझसे कहने लगा कि हमने सुना है भारत में छात्र नक्सलवाद का सहारा ले रहे हैं। मैंने उसे बताया कि भारत में अधिकतर छात्रों और बुद्धिजीवियों की मानसिकता साम्यवाद से प्रेरित है, और वे हर ग़लत बात का पुरज़ोर विरोध करते हैं, लेकिन नक्सलवाद अलग मुद्दा है।
इस छात्र के संवाद से मुझे यद आया अतौल ने बताया था कि वे देश के प्रमुख पत्रों में लेख लिखते हैं, जिसमें सरकारी नीतियों की आलोचना होती है। मैं यह तो नहीं समझ पायी कि आलोचना का मुद्दा क्या होता है। लेकिन एक मज़ेदार बात यह थी कि उन्होंने अब लेख लिखने की बजाय कविता में सरकारी आलोचना करनी शुरू कर दिया है। वे बता रहे थे कि उनके लेख के जवाब में कई सरकार प्रायोजित लेख आ जाते हैं, लेकिन अब जब वे अपनी बात कविता में कहेंगे तो सरकार को जवाब देने में तकलीफ़ होगी, और उनकी बात सरकार के पास आसानी से पहुंच जाएगी।
अतौल के कविता अस्त्र के बारे में जान कर मुझे बेहद अच्छा लगा। कविता उनके लिए व्यक्तिगत शग़ल नहीं। मैं उन तुर्की छात्रों की आवाज़ अपने देश के बुद्धिजीवियों के सम्मुख लाना चाहती हूँ, मैं कविता की शक्ति से पहचान करवाना चाहती हूँ… संभवतया यही मंत्र था, जो मुझे तुर्क यात्रा में मिला।

रति सक्सेना
लेखक, कवि, अनुवादक, संपादक और वैदिक स्कॉलर के रूप में रति सक्सेना ख्याति अर्जित कर चुकी हैं। व्याख्याता और प्राध्यापक रह चुकीं रति सक्सेना कृत कविताओं, आलोचना/शोध, यात्रा वृत्तांत, अनुवाद, संस्मरण आदि पर आधारित दर्जनों पुस्तकें और शोध पत्र प्रकाशित हैं। अनेक देशों की अनेक यात्राएं, अंतरराष्ट्रीय कविता आंदोलनों में शिरकत और कई महत्वपूर्ण पुरस्कार/सम्मान आपके नाम हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
