उर्दू, urdu, urdu word cloud, inquilab zindabad, इंकलाब जिंदाबाद
मासिक ब्लॉग भवेश दिलशाद की कलम से....

उर्दू की ज़मीन की फ़िक्र

              उर्दू से मोहब्बत के मा’ने क्या हैं? और जिस तरह उर्दू से मोहब्बत का इज़हार अमूमन किया जाता है, क्या सच में उर्दू के एक उजले मुस्तक़बिल के लिए काफ़ी है? उर्दू को रोमैंटिसाइज़ करना अलग बात है, उर्दू का ख़ैरख़्वाह होना अलग।

उर्दू अदब पर कुछ कहना, उर्दू लिपि पर कुछ कहना और उर्दू ही पर कुछ बात करने में फ़र्क है। उर्दू का हाल क्या है? इस बारे में मुख़्तसर कुछ बातें करने से पहले यह कह दूं कि उर्दू की अपनी धरती वह ​वसीअ हिंदोस्तान है, जो तक़सीम से पहले हुआ करता था। सरहदें बंट गयीं और सरहदों वाली लकीर ज़बान तक खींचने की तमाम सियासी साज़िशें चलती रहीं। इसके बावजूद उर्दू के चाहने वालों ने मज़हब का मुंह नहीं ताका। लेकिन इस दौर में उर्दू से मोहब्बत का इज़हार करने वाले हैं कौन? इनकी शिनाख़्त कैसे होती है?

आम ज़िन्दगी में, आम तौर से अंग्रेज़ी में काम करते हुए, परिवारों और समाज के बीच हिंदी या एक आमफ़हम हिंदोस्तानी बोलते हुए ये लोग उर्दू से मोहब्बत जताने के लिए अचानक कुछ अरबी-फ़ारसी मिश्रित शब्दावली या पुराने क़िस्सों के मुस्लिम घरों के रहन-सहन से पाये हुए किसी ख़ास अंदाज़ में बतियाने लग जाते हैं।

उर्दू से मोहब्बत जताने का एक और आम तरीक़ा उर्दू शायरी से कुछ निस्बत रखना या फिर उसे सुनना, पढ़ना और बातचीत के दौरान कुछ मिसरे कोट करना भी है। ऐसे लोगों में से कुछ तो भले ही ठीक से ‘ग़ालिब’ बोल भी न पाएं, लेकिन उर्दू और शायरी के विषयों पर नुक़्ताचीनी के लिए सींग लड़ाने तैयार बैठे दिखते हैं।

ग़ालिब, फ़ैज़, गुलज़ार जैसे कुछ शायरों से इतर प्रेमचंद, मंटो और कृष्ण चंदर जैसे गिनती के कुछ लेखकों के नाम हैं, जिनके बारे में कुछ बात करते हुए देखे जा सकते हैं, ये ख़ुद को उर्दू का चाहने वाला कहने वाले।

उर्दू शायरी, शायरी पोस्टर, आनंद नारायण मुल्ला के शेर

ज़ाहिर है, इन लोगों के लिए उर्दू की मोहब्बत तक़रीबन 50 साल पीछे चल रही है। ये आज की उर्दू शायरी की समझ और नस्रनिगारी यानी गद्य लेखन की दुनिया से न के बराबर वाक़िफ़ हैं। उर्दू के इन चाहने वालों में से कितनों को तो उर्दू का अक्षरज्ञान तक नहीं है।

जैसे लोग बग़ैर किसी वास्तविक अनुभव या ज्ञान के किसी बाबा के फेर में पड़ जाते हैं और लौ लगा लेते हैं, वैसे उर्दू के इन चाहने वालों की यह मोहब्बत एक तक़लीद की तरह ही है। बहरहाल, फिर भी मोहब्बत है और मोहब्बत की क़द्र करने के अलावा चारा भी क्या है।

चलिए, उर्दू रस्म-उल-ख़त यानी लिपि सीख ली, शायरी और अदब का ठीक-ठाक मुतालअ यानी स्वाध्याय भी कर लिया, तब भी सवाल जो पेश है, कि क्या इतनी मोहब्बत उर्दू के आने वाले कल के लिए काफ़ी है? इससे उर्दू का भला हो जाएगा? आप ठीक समझ रहे हैं, यहां से बातें और तल्ख़ होने वाली हैं।

चार किताबें पढ़कर, चार शायरों के नाम-धाम जान लेने से कोई क़ौम उर्दू का भला नहीं कर सकती। जैसे ठीक यही करके कोई क़ौम हिंदी का भला नहीं कर सकती।

हिंदी पट्टी जिसे समझा जाता है, कमो-बेश वही उर्दू पट्टी भी है। पहले दक़न में एक अलग उर्दू पट्टी हुआ करती थी, लेकिन अब क्या, कितनी रह गयी है! जैसे हिंदी वाले हिन्दोस्तान और दुनिया के तमाम कोनों में फैले हुए हैं, उसी तरह उर्दू वाले भी। लेकिन इस बिखरे हुए या बेतरतीब फैलाव को हिंदी पट्टी या उर्दू पट्टी कितना माना जा सकता है?

फ़िलहाल, यहां हम मध्य और कुछ उत्तर भारत के उस ​वसीअ इलाक़े को समझें, जहां उर्दू की ज़मीन को साबित करने की ज़रूरत नहीं है। तो, इस पट्टी में ही उर्दू के विकास के क्या आयाम दिखते हैं, कुछ सवाल उछलते हैं:

  1. क्या उर्दू बाज़ार और रोज़गार की भाषा है?
  2. क्या उर्दू में शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं/सुविधाएं/अवसर उपलब्ध हैं?
  3. क्या उर्दू साहित्य/कलाजगत की पहुंच तसल्लीबख़्श है?
  4. क्या उर्दू की पत्रकारिता की कोई आवाज़ है?

अब बारी-बारी से ज़रा ग़ौर करते हैं कि इन सवालों को किस तरह खोला जा सकता है। इस पूरी बातचीत में, हिंदी की जो समस्याएं हैं, उन्हें भी मद्देनज़र रखते चलिए क्योंकि दोनों भाषाओं की चुनौतियों में बहुत कुछ ऐसा है, जो मिलता-जुलता है।

  1. सुनने में भले कैसा भी लगे, लेकिन कहने में क्या गुरेज़ कि सरकारी पनाह, मदद और तवज्जोह जितनी हिंदी को हासिल है, उर्दू को उसके मुक़ाबले कुछ भी नहीं। इसके बावजूद जब हिंदी को रोज़गार की भाषा के रूप में खड़ा करने के लिए आज तक सिवाय बहस और मांगों के बात बढ़ी नहीं है, तो उर्दू का हश्र पर तो क्या ही कहना। रही बात बाज़ार की तो, जनता के बीच जो बड़ी पहुंच रखते हैं, उन अख़बार, टीवी, रेडियो कहीं भी आप कितने/कौन-से विज्ञापन/प्रचार उर्दू (लिपि नहीं भाषा) में देखते हैं?
  2. मुद्रा नोट पर भले ही उर्दू की उपस्थिति है, लेकिन उर्दू को चलने वाला सिक्का नहीं छोड़ा गया है। जिस वक़्त में हिंदी/उर्दू इलाक़ों में बने पुराने रेलवे स्टेशनों पर लगे हुए बोर्डों से उर्दू हटायी जा रही है, सरकारी विभागों में बाक़ायदा आदेश जारी करके उर्दू बहुल शब्दावली बदली जा रही है, तब शिक्षा/विज्ञान/स्वास्थ्य आदि सेवाएं उर्दू में कहां मिलेंगी। शिक्षा में तीन भाषा नीति थी और है लेकिन इसी हिंदी/उर्दू क्षेत्र में हिंदी और अंग्रेज़ी के बाद तीसरी भाषा के तौर पर उर्दू सीखने/पढ़ने वाले कितने रहे और हैं?
  3. उर्दू के चाहने वाले कहते ज़रूर हैं कि दिल्ली में उर्दू का एक बड़ा जश्न होता है, दुनिया भर के साहित्यकारों का जमावड़ा लगता है। बाक़ायदा टिकट बेचे जाते हैं। यानी उर्दू साहित्य का एक मेला, एक बाज़ार चलता है। इंटरनेट पर भी उर्दू का एक बड़ा प्लेटफ़ॉर्म बन गया है। तो क्या! यह सब तो हिंदी के लिए भी है। इससे साहित्य सृजन में क्या उपलब्धि हासिल हुई? हमारे उत्सवधर्मी देश में जितने उत्सव हिंदी साहित्य के हो रहे हैं, क्या उर्दू के हो पा रहे हैं? और कला जगत देखिए, तो फ़िल्म व थिएटर में उर्दू ज़बान कितनी धड़क रही है? जगजीत सिंह के बाद ग़ज़ल गायकी में आये ख़ला से कौन इनकार कर सकता है?
  4. और अब सहाफ़त यानी उर्दू पत्रकारिता। एक आम हिन्दोस्तानी घर में क्या किसी को देश के दो-चार उर्दू अख़बारों या शीर्ष उर्दू पत्रकारों के नाम पता हैं? इन घरों में बुज़ुर्ग पीढ़ी को छोड़ दें, तो नयी पीढ़ियों में कितने लोग हैं जिन्होंने कभी कोई उर्दू अख़बार, रिसाला यानी पत्रिका आदि को अपनी आंखों से देखा है, छुआ है? उर्दू पत्रकारिता हाशिये पर और इतनी ग़ैर-ज़रूरी हो चुकी है कि उसके कुछ भी लिखने/बोलने से किसी को कोई फ़र्क नहीं पड़ता।

जागो! उर्दू के चाहने वालो..

चन्द बहलावे चलते रहें, अलग बात है पर हक़ीक़त यह है कि राजनीति, समाज, संस्कृति कहीं उर्दू की कोई क़द्र नहीं है। अब इस सवाल से भी मुंह मत फेरिए कि उर्दू की छवि आख़िर है क्या? पहली यही कि मुसलमानों की भाषा है। जैसे हिंदी अख़बारों में हिंदू धार्मिक गतिविधियों को प्रमुखता दी जाती रही और है, वैसे ही उर्दू अख़बार मुस्लिमों के मज़हबी कंटेंट से अटे रहे हैं और हैं। इससे धीरे-धीरे होता यह है कि भाषा, अदब, तहज़ीब और सहाफ़त के मक़सद धुंधलाते जाते हैं, ऐसी छवि बनती जाती है, जो वह्मो-ग़ुमान को ही बढ़ावा देती है।

कई माध्यमों से उर्दू की एक छवि उस भाषा की भी बनायी गयी है, जिसे आतंकवादी बोलते हैं या​ फिर फ़तवे जारी करने वाले मौलाना टाइप के दक़ियानूसी लोग। हमारी जनरेशन को उर्दू बोलने वाले शिक्षाविद्, उर्दू बोलने वाले वैज्ञानिक या उर्दू बोलने वाले चिंतक का शायद ही कोई नाम याद आये।

उर्दू की एक छवि चुप्पी इख़्तियार कर लेने वाली डरपोक ज़बान की भी बनायी जा रही है। जब देश के युवा, महिलाएं, किसान या अन्य पीड़ित वर्ग लामबंद होते हैं, तब उर्दू कौन-से मुशायरों में हुस्नो-इश्क़ और पर्द-ओ-हिजाब की शायरी करती रहती है? ‘इन्क़िलाब ज़िन्दाबाद’ जैसी गूंज देने वाली उर्दू (लिपि नहीं भाषा) इतनी बेज़ुबान, गुमनाम और बेबस क्यों नज़र आती है?

उर्दू साहित्य से वास्ता रखने वाले यह भी दबी ज़बान में कहते हैं कि हिन्दोस्तानी तहज़ीब की नुमाइन्दा ज़बान के रूप में उर्दू का ढिंढोरा तो पीटा जाता है, लेकिन उसमें दर्ज की जाने वाली वैचारिकी और भावभूमि में फ़ारस और अरब का मुंह ताकने के रुजहान लगातार बहसतलब और परेशानी के सबब बने हुए हैं। कुछ आलिम तो यहां तक कहते हैं कि भारतीय उर्दू साहित्य में मौलिक सृजन है ही नहीं (हो भी तो न के बराबर)। और इसलिए इस ज़बान के साहित्यकारों को नोबेल तो क्या कभी कोई ढंग का अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड मिलना भी तक़रीबन नामुमकिन है।

उर्दू, urdu, urdu word cloud, inquilab zindabad, इंकलाब जिंदाबाद

हिंदी वालों ने जिस तरह हिंदी का बेड़ाग़र्क कर रखा है, कमो-बेश उसी तरह उर्दू वाले ही उर्दू की लुटिया डुबो रहे हैं।

…उर्दू एक प्रोग्रेसिव ज़बान रही कि नहीं? सेकुलर ज़बान रही कि नहीं? शोध किया जाता रहे लेकिन अब उसे ऐसे ही उभरना पड़ेगा। उर्दू और हिंदी एक ही ज़बान रही कि नहीं? रही तो अलग कैसे हुई? रीसर्च ख़ूब की जाती रहे, हक़ीक़त जो भी रही हो, लेकिन अब दोनों को एक होना पड़ेगा।

उर्दू को सच में एक उजला मुस्तक़बिल चाहिए तो अपनी ज़मीन पर उसे जहालत, नफ़रत और तमाम ख़तरों के मुक़ाबिल खड़े होने का जोखम उठाना पड़ेगा। मज़हब और सियासत के ख़िलाफ़ एक जिहाद छेड़ना ही होगा।

भवेश दिलशाद, bhavesh dilshaad

भवेश दिलशाद

क़ुदरत से शायर और पेशे से पत्रकार। ग़ज़ल रंग सीरीज़ में तीन संग्रह 'सियाह', 'नील' और 'सुर्ख़' प्रकाशित। रचनात्मक लेखन, संपादन, अनुवाद... में विशेष दक्षता। साहित्य की चार काव्य पुस्तकों का संपादन। पूर्व शौक़िया रंगमंच कलाकार। साहित्य एवं फ़िल्म समालोचना भी एक आयाम। वस्तुत: लेखन और कला की दुनिया का बाशिंदा। अपनी इस दुनिया के मार्फ़त एक और दुनिया को बेहतर करने के लिए बेचैन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!