hindi, urdu, उर्दू, हिंदी, होली, holi, festival of colors
नियमित ब्लॉग डॉ. आज़म की कलम से....

किसी धर्म की बपौती नहीं है उर्दू

           उर्दू हिंदुस्तानी भाषाओं में अपनी रवानी, संगीतमयता, माधुर्य की वजह से लोकप्रिय है। यह पूरी तरह से एक भारतीय भाषा है। आज न सिर्फ़ भारत बल्कि दुनिया की उन तमाम उर्दू बस्तियों में मौजूद है, जहां-जहां उर्दू जानने वाले मौजूद हैं। दाग़ देहलवी ने क्या ख़ूब कहा है:

उर्दू है जिसका नाम हमीं जानते हैं “दाग़”
हिन्दोस्तां में धूम हमारी ज़बाँ की है

और एक ज़माने से इस शेर में लोगों ने तब्दीली करते हुए इससे आज की हक़ीक़त को पेश करना शुरू कर दिया था। इसलिए यह शेर इस तरह भी मशहूर है:

उर्दू है जिसका नाम हमीं जानते हैं दाग़
सारे जहाँ में धूम हमारी ज़बाँ की है

उर्दू को अक्सर मुसलमानों की ज़बान कह दिया जाता है, जो सरासर ग़लत है लेकिन ऐसा शायद इसकी लिपि के कारण भी कहा जाता है। एक ज़माना था कि उर्दू हिंदुस्तान भर की ज़बान थी और हर तरह के लेखन कार्य उर्दू में ही यानी इसी इसी लिपि में होते थे। किसी ख़ास क़ौम से जोड़ना इसको संकुचित करना है क्योंकि इसकी तारीख़ देखी जाये, तो यह हमारी साझा संस्कृति की देन है।

उर्दू की पैदाइश और परवरिश के बारे में कहा जाता है कि यह फ़ौजी छावनियों से पनपी, जहां कई ज़बान और बोलियों वाले लोग रहते थे। इस ज़बान में 60% से ज़्यादा अल्फ़ाज़ खड़ी बोली के हैं। खड़ी बोली को उर्दू ज़बान की मां कह सकते हैं। 14वीं सदी में जब भारत पर मुसलमानों का राज स्थापित हुआ, तो उनमें ज़्यादातर फ़ौजी तुर्की, अरबी, फ़ारसी भाषा बोलने वाले थे। उस वक़्त भारत में संस्कृत, ब्रजभाषा, मगही, हरियाणवी, भोजपुरी आदि का बोलबाला था। लोगों के मेलजोल से नयी भाषा पल्लवित हुई, जिसे उर्दू कहा गया।

इस सिलसिले में डॉक्टर ताराचंद की किताब पढ़ने लायक़ है क्योंकि वह अंदाज़ा देती है कि न सिर्फ़ भाषा बल्कि लोगों की जीवन शैली भी एक-दूसरे से प्रभावित हुई और एक-दूसरे के रस्म-ओ-रिवाज के साथ ज़बान का भी आदान-प्रदान हुआ। वह लिखते हैं:

“मुस्लिम ज़ेह्न हिंदू रंग-रूप स्वीकार करने लगा। उन्होंने फ़ारसी, तुर्की की जगह स्थानीय भाषाओं को सीखना और इस्तेमाल करना शुरू किया। हिंदुओं ने अरबी, फ़ारसी और तुर्की अल्फ़ाज़ को अपने मुहावरों में जगह दी। इस लेन-देन का लाभ हमारी तहज़ीब के ख़ज़ाने में उर्दू के रूप में संग्रहित हुआ।”

कृष्ण चंदर ने लिखा: “उर्दू अदब शुरू ही सही एक साझा हिंद आर्यायी तहज़ीब और कल्चर का गहवारा रहा है। इसकी तरक़्क़ी में हिंदू और मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों ने मिल-जुलकर हिस्सा लिया है। उर्दू एक हिंदुस्तानगीर ज़बान है। इसने अपने प्रभाव के दायरे में हर मज़हब-ओ-मिल्लत, हर रंग-ओ-नस्ल के अफ़राद के अहसास और जज़्बात को समोकर ऐसा अदबी रंग और रूप अता किया है, जिससे इस ज़बान के अदब और शायरी पर बाहमी मेल-जोल, रवादारी, मुहब्बत और क़ौमी एकजहती के जज़्बों की गहरी छाप पड़ चुकी है। इन्हीं अनासिर (तत्वों) की मौजूदगी ने उर्दू ज़बान-ओ-अदब को एक सेकुलर मिज़ाज अता किया है, जो सारे हिंदुस्तानी अवाम के जम्हूरी जज़्बे से हमआहंग है।”

महात्मा गांधी ने हिंदी और उर्दू को एक ही भाषा के दो रूप मानते हुए इसे ‘हिंदुस्तानी’ कहा था और कहा था कि यह देश को जोड़ने वाली ज़बान है।

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उर्दू को भारत की अपनी मिट्टी में जन्मी और पली-बढ़ी भाषा बताया था, जो हमारी साझा संस्कृति और विरासत की पहचान है।

फ़िराक़ गोरखपुरी ने उर्दू को हिंदुस्तान की मिट्टी की सबसे ख़ूबसूरत देन माना और कहा कि यह ज़बान इंसान के अंदर की संजीदगी और रूहानियत को जगाती है।

मुंशी प्रेमचंद, जो हिंदी और उर्दू दोनों के महान कथाकार हैं, ने कहा था कि उर्दू अदब का मक़सद ज़िंदगी की हक़ीक़त को बयां करना और इंसान को बेहतर बनाना है।

जॉन गिलक्रिस्ट (स्कॉटिश भाषाविद) ने उर्दू की नज़ाकत और मिठास पर कहा था कि यह बहुत नाज़ों से पली ज़बान है और इतनी मीठी है कि इसे बोलने वाला सख़्त से सख़्त इंसान भी फ़रिश्ता नज़र आने लगता है।

ऐसा ज़रूर है कि शुरूआत में उर्दू ज़बान को आगे बढ़ाने में बहुत सारे मुस्लिम अदीब और शायर आगे रहे। बाद में भी इसको और मशहूर और लोकप्रिय बनाने में बहुत सारे शायर और अदीबों का हाथ रहा जैसे वाली दक़नी, मीर, ग़ालिब, इकबाल, फ़ैज़ वग़ैरह। मगर उनके शाना-ब-शाना निहालचंद लाहोरी, दुर्गा सहाय “सुरूर”, लल्लूलाल जी कवि, दयाशंकर “नसीम”, लभुराम “जोश” मल्सियानी, पंडित मोहन दत्तात्रेय “कैफ़ी”, बृज नारायण “चकबस्त” जैसे नाम भी हैं, जिन्होंने उर्दू को मालामाल किया। उर्दू ज़ुबान-ओ-अदब के बहुत सारे ऐसे काम, जो पहली बार उर्दू की तरक़्क़ी के ज़िम्मेदार बने, ज़्यादातर ग़ैर-मुस्लिमों ने किये। कुछ माइलस्टोन यहां देखिए :-

लाला टेकचंद ‘बहार’ — ख़ुद शायर थे और फ़ारसी ज़बान के माहिर भी। उन्होंने फ़ारसी का सबसे पहला शब्दकोश “बहार-ए-अजम” तैयार किया।

मुंशी नवल किशोर — पहले शख़्स जिन्होंने उर्दू में प्रकाशन प्रारंभ किया। ग़ालिब का दीवान, दास्तान-ए-अमीर हमज़ा, मौलाना रूमी की मसनवी, तारीख़-ए-फ़रिश्ता जैसी किताबों के साथ इस्लामी और हिंदू धर्म की किताबें शाया कीं। क़ुरआन, हदीस आदि भी पूरे एहतेराम से शाया करते थे।

पंडित रतननाथ सरशार — उर्दू का सबसे पहला और वो भी कोई डेढ़ हज़ार पन्नों का नॉवेल “फ़साना-ए-आज़ाद” लिखा। तर्जुमे/अनुवाद की शुरूआत की। अलफ़ लैला और एक स्पेनिश नॉवेल का उर्दू में अनुवाद किया।

लाला श्रीराम — उर्दू का सबसे बड़ा तज़किरा “ख़ुमख़ाना-ए-जावेद” तैयार किया, जो कई भागों में है। “तज़किरे” में शायरों और साहित्यकारों की जीवनी और उनके कलाम को यकजा किया जाता है। मीर ने भी तज़किरा लिखा है।

मुंशी दयाराम निगम — ग़ालिबन उर्दू का सबसे पहला रिसाला यानी पत्रिका “ज़माना” का प्रकाशन शुरू किया।

प्रेमचन्द — उर्दू के सबसे पहले बाक़ायदा कहानीकार और उपन्यासकार माने जाते हैं।

रामबाबू सक्सेना — उर्दू ज़बान की पहली तारीख़ (साहित्यिक इतिहास) लिखी। उन्होंने यह अंग्रेज़ी में लिखा था, जिसे उर्दू में अनुवाद किया गया। इस तरह वो उर्दू अदब के पहले इतिहासकार माने जाते हैं।

हरिदत्त — उर्दू का पहला अख़बार “जाम-ए-जहाँनुमा” शाया किया, जिस के मुदीर यानी संपादक मुंशी सदा सुखलाल थे।

तीरथराम फ़िरोज़पुरी — उर्दू में अनुवाद के क्षेत्र में किसी ने इतना बड़ा काम नहीं किया। कहा जाता है हर तरह के उपन्यासों का साठ हज़ार पन्नों पर फैला उनका अनुवाद कर्म है।

मालिकराम, कालिदास गुप्ता रिज़ा — ग़ालिब के फ़न और शख़्सियत के सबसे बड़े जानकार समझे जाते हैं।

ज्ञानचंद जैन — सबसे पहले ग़ालिब के अप्रकाशित कलाम की विवेचना की।

गोपीचंद नारंग — उर्दू के अज़ीमतरीन नक़्क़ाद माने जाते हैं।

संजीव सराफ़ — उन्होंने “रेख़्ता फ़ाउंडेशन” उर्दू की दुनिया का सबसे बड़ा प्लेटफ़ॉर्म बनाया, जिस पर बेशुमार किताबें और शायरी संग्रह पढ़ने और शोध के लिए उपलब्ध है।

अशआर के ज़रिये भी लोगों ने उर्दू ज़बान-ओ-अदब के लिए अपने दिली जज़्बात का इज़हार किया है। जैसे:-

जगन्नाथ आज़ाद:
ग़लत है जो समझता है अग़यार की बोली
ये है इख़लास की तर्ज़ तकल्लुम प्यार की बोली

रियाज़-ए-हिंद में उर्दू वो इक ख़ुशरंग पौधा है
जिसे ख़ून-ए-जिगर से हिंदू मुस्लिम ने सींचा है

ब्रज लाल राना उर्दू के लिए कहते हैं:
नाम कभी हिंदी कभी हिंदुस्तानी
फ़ारसी ख़ाला मेरी संस्कृति है नानी
भारतीय अपना लिबास और सिंगार ईरानी
लेके हर फूल से रस करती हूं गुल अफ़शानी
मैं किसी दीन की ताबे’ न धर्म की पाबन्द

कई ज़बानों की आमेज़िश से उर्दू ज़बान में मोहब्बत की ऐसी ख़ुशबू है, जो फ़ौरन दिल और दिमाग़ को ख़ुशबूदार कर देती है। इसके अंदर एक प्यार की ताक़त पैदा हो गयी, जिससे कोई भी नफ़रत नहीं कर सकता। उर्दू की मिटाने की क़सम खाने वाले भी अपनी क़सम में उर्दू के अल्फ़ाज़ लाये बिना नहीं रह सकते और वे भी उर्दू के आशिक़ बन जाते हैं। इसलिए उर्दू का कोई एक इलाक़ा, कोई एक धर्म, कोई एक मसलक, कोई एक क़ौम नहीं है। यह सभी की ज़बान है। खुशवंत सिंह ने कहा था, अगर मोहब्बत करना चाहते हैं तो उर्दू सीख लीजिए!

प्रसिद्ध आलोचक और कवि जगन्नाथ आज़ाद भी इस विचार के समर्थक थे कि उर्दू ने अपने साहित्यिक दायरे में हर धर्म और समुदाय के भावों को समाहित करके उसे एक धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक स्वभाव प्रदान किया है।

उर्दू पर किसी एक धर्म का एकाधिकार नहीं है। यह धारणा बिल्कुल ग़लत और पूर्वाग्रह पर आधारित है कि उर्दू केवल मुसलमानों की भाषा है।

जिस प्रकार अरबी भाषा दुनिया भर के सभी मुसलमानों की मातृभाषा नहीं हो सकती, उसी प्रकार उर्दू को किसी एक धर्म से जोड़ना भाषाई और ऐतिहासिक तथ्यों के विरुद्ध है। उर्दू का मूल आधार खड़ी बोली, भारतीय उपमहाद्वीप की अपनी उपज है। किसी मुस्लिम देश की पैदावार नहीं।

उर्दू की शान में कहे गये अशआर भी कम नहीं हैं और पाठकों तक कई मौक़ों पर कई माध्यमों से पहुंच चुके हैं। दरअसल हर शायर अपनी तरफ़ से उर्दू के प्रति एहसानमंद होने दावा करते हुए उसकी तारीफ़ करना चाहता है। इसलिए ऐसे अशआर की तादाद बड़ी है। इन तमाम बातों के बाद अंतत: कहने की बात यह है कि उर्दू जान लेना आसान हो सकता है मगर उर्दू को सलीक़े से बरतना दुश्वार भी है। इसके लिए मुसलसल कोशिश ही एकमात्र रास्ता है, जैसा दाग़ देहलवी ने कहा भी:

नहीं खेल ऐ दाग़ यारों से कह दो
कि आती है उर्दू ज़बाँ आते-आते

azam

डॉक्टर मो. आज़म

बीयूएमएस में गोल्ड मे​डलिस्ट, एम.ए. (उर्दू) के बाद से ही शासकीय सेवा में। चिकित्सकीय विभाग में सेवा के साथ ही अदबी सफ़र भी लगातार जारी रहा। ग़ज़ल संग्रह, उपन्यास व चिकित्सकी पद्धतियों पर किताबों के साथ ही ग़ज़ल के छन्द शास्त्र पर महत्पपूर्ण किताबें और रेख्ता से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग़ज़ल विधा का शिक्षण। दो किताबों का संपादन भी। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं से सम्मानित, पुरस्कृत। आकाशवाणी, दूरदर्शन से अनेक बार प्रसारित और अनेक मुशायरों व साहित्य मंचों पर शिरकत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!