amir khusrau, hafez, khwaja mir dard, sufi poets
सिद्दीक़ रतलामी की कलम से....

हिन्दोस्तान में उर्दू के पैदा होने की कहानी

             ज़बानों के जानकार दुनिया की तमाम ज़बानों को उनकी पैदाइश के लिहाज़ से कैटिगेराइज़ करते हैं। ज़बानों की इन कैटिगरीज़ को लैंग्वेज फ़ैमिली कहा जाता है। इस तरह दुनिया की तमाम ज़बानें सात लैंग्वेज फैमिलीज़ में बांटी जाती हैं। इनमें एक लैंग्वेज फ़ैमिली इंडो-यूरोपियन फ़ैमिली है। ऐसा कहा जाता है कि भारत की ज़्यादातर ज़बानें इसी लैंग्वेज फ़ैमिली से तअल्लुक रखती हैं। आगे चलकर इंडो-यूरोपियन फ़ैमिली से एक ब्रांच और निकली जिसको इंडियन-आर्यन लैंग्वेजेस कहा गया।

इंडो-आर्यन लैंग्वेजेस का आगाज़ आर्यन्स के भारत में आने के बाद शुरू होता है। आर्यन्स के भारत आने के बाद भारत में बोली जाने वाली ज़बानों का नक़्शा भी बदलने लगा। इनका इतिहास 1500 बीसी से 10वीं सदी तक रहा। इस दौरान इंडो-आर्यन लैंग्वेजेस की तीन शक्लें या रूप भारत में प्रचलित रहे- संस्कृत, प्राकृत और अपभ्रंश। संस्कृत बड़ी ज़रखेज़ और मक़बूल ज़बान रही मगर जब संस्कृत ने अपना दायरा सीमित किया और अवाम से इसका रिश्ता कमज़ोर होने लगा तो इसी से कुछ ज़बानें और बोलियां चलन में आयीं, जिनको प्राकृत कहा गया।

जब प्राकृत भी उच्च वर्ग के ज़बान बन गयी और अवाम से इसका रिश्ता टूटने लगा तो इसी से कुछ टूटी-फूटी बोलियां वजूद में आ गयीं, जिनको अपभ्रंश कहा गया। अपभ्रंश ज़बान का एक बिगड़ा हुआ रूप ही है, जिसमें जो लफ़्ज़ जहां से जिस हालत में भी आ जाता, वह चल जाता था। इसकी कोई ठोस ग्रामर और कोई सजी-संवरी हुई वोकैबलरी नहीं थी। 10वीं सदी के आते-आते अपभ्रंश भी अपना असर खोने लगी और अवाम में इसका चलन कम होने लगा।

फिर यह हुआ कि अपभ्रंश से ही कुछ बोलियां और ज़बानें वजूद पाने लगीं। उत्तर भारत में सिंधी और पंजाबी, पश्चिम में राजस्थानी और गुजराती, पूर्वी भारत में बंगाली और दक्षिण भारत में मराठी आकार लेने लगी। उधर दिल्ली और उसके आसपास के इलाक़ों में वेस्टर्न हिंदी का पौधा पनपने लगा। वेस्टर्न हिन्दी किसी बोली या ज़बान का नाम नहीं था बल्कि यह पांच भाषाओं के कलेक्शन का नाम था। ये पांच भाषाएं थीं- 1) खड़ी बोली 2) ब्रज 3) बुंदेली 4) हरियाणवी 5) कन्नौजी।

ऐसा कहा जाता है कि उर्दू वेस्टर्न हिन्दी से ही निकली हुई ज़बान है और इनमें भी इसका सीधा कनेक्शन खड़ी बोली हिंदी से रहा। भाषा के जानकारों का कहना है कि उर्दू खड़ी बोली से ही निकली हुई ज़बान है।

उर्दू की शुरूआत…

यहां तक आते-आते आप समझ गये होंगे कि उर्दू से पहले भारत का भाषाई इतिहास क्या रहा है। कैसे संस्कृत से शुरू होने वाला इंडो-आर्यन लैंग्वेज का सफ़र अपभ्रंश पर ख़त्म हुआ और फिर भाषा के इतिहास में एक और सफ़र शुरू हुआ, जिसको मॉडर्न इंडो-आर्यन लैंग्वेज कहा गया। उर्दू भी इसी मॉडर्न इंडो-आर्यन लैंग्वेजेस में से एक है, जिसकी बुनियाद ख़ालिस हिंदुस्तानी थी। जो यहीं की बोली और भाषाओं के मेल-मिलाप से बनी थी।

amir khusrau, hafez, khwaja mir dard, sufi poets

अब हम उस सामाजिक ज़रूरत को समझते हैं जिसकी वजह से उर्दू ज़बान वजूद में आयी और इसके बनने का अमल शुरू हुआ। बात दसवीं सदी की है। यह ज़माना भारत की सामाजिक, भाषाई और सियासी उथल-पुथल का ज़माना था। इसी वक़्त मॉडर्न इंडो-आर्यन लैंग्वेज बनना शुरू हुई थी। इसी वक़्त मुसलमान हिंदुस्तान पहुंचे थे। हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों में फैलते जा रहे थे। जगह-जगह उनकी हुक़ूमतें क़ायम होने लगी थीं। जब मुसलमान पंजाब से होते हुए 1193 में यानी 12वीं सदी के अंत में भारत पहुंचे, तो वे अपने साथ फ़ारसी, तुर्की और अरबी ज़बान लाये। यह भाषा यहां के लोगों के लिए अजनबी थी। उस वक़्त इनके सामने सबसे बड़ी मुश्किल यह आयी कि वे कैसे यहां के अवाम से रिश्ता बनाएं? किस तरह इनसे बात कर सकें?

दरबार की ज़बान तो उन्होंने फ़ारसी को ही बनाया लेकिन फ़ारसी अवाम से तालमेल नहीं बिठा पा रही थी। बस इसी ज़रूरत ने उर्दू को, जो पहले ही से दिल्ली और उसके आस-पास के इलाक़ों में बोली जाने लगी थी, परवान चढ़ने का अच्छा मौक़ा मिला। इस तरह अगली दो-तीन सदी में उर्दू का निखरा हुआ रूप हमारे सामने आया। यहां यह बात भी याद रखने की है कि उर्दू को उर्दू बहुत बाद में कहा जाने लगा। शुरू में यह खड़ी बोली, हिंदवी, हिंदुस्तानी और रेख़्ता के नाम से जानी गयी। कभी इसे दक्कनी और गुजरी भी कहा गया।

लंबे वक़्त तक उर्दू ज़बान सिर्फ़ बोलचाल के तौर पर इस्तेमाल होती रही। इस ज़बान के अदबी नमूने हमें अमीर ख़ुसरौ के यहां मिलते हैं। उन्होंने इसके साफ़-सुथरे और निखरे हुए या कहें इसके पुराने रूप खड़ी बोली में शे’र कहे। ख़ुसरौ के अलावा सूफ़ियों और संतों ने भी उर्दू के पुराने रूप का भरपूर इस्तेमाल किया। अमीर ख़ुसरौ के बाद उत्तर भारत में उर्दू का विकास अगली दो सदी तक लगभग रुक-सा गया था। सिर्फ़ बोलचाल में इस्तेमाल हो रही थी। इसमें लिखने-पढ़ने की परंपरा को ज़्यादा स्पेस नहीं मिल सका। इसका एक ऐतिहासिक कारण यह भी है कि उत्तर भारत में फ़ारसी का वर्चस्व बहुत ज़्यादा था, जो कि उस वक़्त दरबार की ज़बान थी। उर्दू अवाम में जगह ज़रूर बना रही थी, मगर सिर्फ़ दिल्ली या उसके आस-पास के इलाक़ों तक थी।

दकन का रुख़…

सन् 1327 में मोहम्मद तुग़लक ने जब दकन पर फ़तह हासिल की तो दिल्ली से हज़ारों ख़ानदान, सूफ़ी, संत और विद्वान वहां गये। तुग़लक ने अपनी राजधानी दकन में ही बनायी और इस तरह यहां एक नयी और मिली-जुली सभ्यता का आग़ाज़ हुआ। दिल्ली से दकन आ बसे लोगों के साथ उर्दू भी दक्कन आ गयी थी। इस तरह नयी जगह उर्दू को परवान चढ़ने का बहुत अच्छा मौक़ा मिला। दकन में उस समय कई लोकल ज़बानें और बोलियां बोली जाती थीं मगर कोई ज़बान ऐसी नहीं थी, जिसके सामने उर्दू का रंग फीका पड़ सके। यहां अवाम ने दिल खोलकर उर्दू का इस्तक़बाल किया। सूफ़ियों ने भी अवाम से बातचीत का ज़रिया इसी ज़बान को बनाया और अपने अकवाल और शे’र इसी ज़बान में लिखे।

फिर यह हुआ कि दकन में दिल्ली की सल्तनत ख़त्म हो गयी और बहमनी सल्तनत क़ायम हो गयी। बहमनी सल्तनत 1347 से 1527 तक हुकूमत करती रही। इस सल्तनत के हुक्मरां नस्लन तुर्क थे। उनके ज़माने में भी उर्दू में बहुत तरक़्क़ी की। 1527 में बहमनी सल्तनत बिखरकर पांच टुकड़ों में बंट गयी। फ़रीद शाही सल्तनत, इमाद शाही सल्तनत, आदिलशाही सल्तनत, निज़ाम शाही सल्तनत और कुतुब शाही सल्तनत। ये सल्तनतें पूरे दक्कन में फैली हुई थीं। इन सल्तनतों के बादशाहों ने उत्तर से आयी इस नयी-नवेली ज़बान को बहुत अहमियत दी और इसके विकास में जी खोलकर हिस्सा लिया।

दकन के बादशाहों को फ़ारसी ज़बान और तहज़ीब बहुत ज़्यादा पसंद नहीं थी, इसलिए इनसे हटकर अपनी एक अलग आइडेंटिटी बनाना चाहते थे। आदिलशाही और कुतुबशाही सल्तनतों के बादशाहों ने उर्दू को अपने दरबार की ज़ीनत बनाया। कुतुबशाही सल्तनत का पांचवा सुल्तान मोहम्मद कुली कुतुब शाह ख़ुद एक बाकमाल शाइर था। उसने उर्दू में लगभग 50 हज़ार शेर कहे। उर्दू का पहला साहिबे-दीवान शाइर था।

फिर उत्तर भारत और…

फिर 1687 में बहमनी सल्तनत का ख़ात्मा औरंगज़ेब के द्वारा हुआ। इसके बावज़ूद यहां उर्दू के बाकमाल शाइर पैदा हुए। वली दकनी और सिराज औरंगाबादी दक्कन में बहुत मशहूर हुए। मुग़ल सल्तनत क़ायम होने के बाद दक्कन और दिल्ली के फ़ासले भी कम होने लगे। वली दकनी सन 1700 में दिल्ली पहुंचे और दिल्ली के शाइरों का मिलना-जुलना हुआ तो वो दंग रह गये। हालांकि उर्दू दिल्ली और उसके आस-पास के इलाक़ों से दक्कन पहुंची थी मगर जब दो सौ-ढाई सौ बरस के बाद दिल्ली पहुंची तो दिल्ली के शाइरों को इसका सजा-संवरा हुआ रूप देखकर तअज्जुब हुआ।

उर्दू की अहमियत का अंदाज़ा वली दकनी के दीवान से भी हुआ, जो 1719 में उनके इंतक़ाल के 12 बरस बाद दिल्ली पहुंचा था। वली की उर्दू शाइरी का कमाल देखकर दिल्ली के शाइरों ने भी उर्दू में शेर कहना शुरू किया। अब तक दिल्ली के शाइर फ़ारसी में ही शाइरी किया करते थे। वे उर्दू में शेर कहना अपने फ़न की तौहीन समझते थे। वे उर्दू को एक गिरी-पड़ी, गंवारों और अनपढ़ों की ज़बान समझते थे।

इसके बाद उर्दू की तरक़्क़ी का वह सफ़र शुरू हुआ, जिसकी न कोई सीमा थी और न कोई सम्त। देखते ही देखते उर्दू ने लाखों दिलों में जगह बना ली। इस संक्षिप्त तारीख़ से अंदाज़ा हो जाता है कि उर्दू के विकास का सफ़र कितना दिलचस्प है। इससे यह भी पता चलता है कि कैसे बहुत-सी ज़बानों के संगम और बहुत-सी तहज़ीबों के मिलन से एक नयी ज़बान, एक नया मुहावरा जन्म लेता है।

सिद्दीक़ रतलामी, siddiqui ratlami

सिद्दीक़ रतलामी

उस्ताद दानिश अलीगढ़ी की सोहबतें हासिल किये हुए वरिष्ठ शाइर। ग़ज़ल संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। पिछले पचास सालों से ग़ज़ल की राह को शादाब कर रहे हैं। कई मुशायरों में शिरकत की। अमीर ख़ुसरौ, ग़ालिब की शाइरी पर महत्वपूर्ण पर्चे लिखे। फ़िलहाल उर्दू के इतिहास पर काम कर रहे हैं। जनवादी लेखक संघ उर्दू विंग के प्रदेश संयोजक। संपर्क: 9806232457

1 comment on “हिन्दोस्तान में उर्दू के पैदा होने की कहानी”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!