
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 1
नियमित ब्लॉग चारु शर्मा की कलम से....
बस्टर कीटन: ट्रैजडी और कॉमेडी
चार्ली चैप्लिन और हेरोल्ड लॉयड के समकालीन एक और कलाकार ने मूक सिनेमा को एक नयी पहचान दी। बस्टर कीटन (Buster Keaton) विश्व सिनेमा के इतिहास के उन महान कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने बिना संवादों के केवल अपने चेहरे के भाव, शरीर की गतिविधियों और अद्भुत टाइमिंग से दर्शकों को हँसाया। उन्हें The Great Stone Face के नाम से जाना जाता था, क्योंकि उनकी सबसे बड़ी पहचान उनका शांत, गंभीर और लगभग भावहीन चेहरा था। आस-पास चाहे कितनी भी अफ़रा-तफ़री क्यों न मच जाये, उनके चेहरे पर शायद ही कभी मुस्कान दिखायी देती थी।
बस्टर कीटन केवल अभिनेता नहीं थे, बल्कि लेखक, निर्देशक, स्टंट कलाकार और फ़िल्म निर्माण की तकनीक को समझने वाले एक असाधारण रचनात्मक प्रतिभा थे। उनकी फ़िल्मों में हास्य के साथ-साथ कल्पनाशीलता, इंजीनियरिंग, कैमरे की समझ और जोखम लेने का अद्भुत साहस दिखायी देता है।
4 अक्टूबर 1895 को अमेरिका के Kansas (कैनसस) राज्य के Piqua में जन्मे बस्टर कीटन के माता-पिता दोनों ही मंचीय कलाकार थे। वे वॉडेविल (Vaudeville) नामक मनोरंजन परंपरा से जुड़े थे, जिसमें हास्य, संगीत, नृत्य, जादू और करतबों (gymnastics) के कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाते थे।
बस्टर का बचपन सामान्य बच्चों जैसा नहीं था। उनका परिवार लगातार अलग-अलग शहरों में यात्रा कर मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया करता था। बहुत छोटी महज़ तीन साल की उम्र से ही वे थिएटर और दर्शकों के बीच बड़े हुए।
कहा जाता है जब बस्टर लगभग छह महीने के थे, तब वे सीढ़ियों से गिर गये थे, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आयी। इस घटना के बाद ही उनका नाम बस्टर पड़ने की कहानी का ख़ास बिंदु यह है कि जादूगर हैरी हॉडिनी ने कथित तौर पर उनके बारे में कहा कि इस बच्चे ने तो बहुत बड़ा बस्टर यानी ज़ोरदार गिरना सह लिया। इस उपनाम की वास्तविक उत्पत्ति के बारे में अलग-अलग विवरण भी मिलते हैं।
उनके परिवार का कार्यक्रम द थ्री कीटन्स कहलाता था। इसमें उनके पिता उन्हें मंच पर उछालते, गिराते और अलग-अलग करतब करवाते थे। बस्टर ने बहुत कम उम्र में सीख लिया था कि किस तरह गिरना है, शरीर को कैसे संतुलित रखना है और चोट से कैसे बचना है।
यही अनुभव सिनेमा के सबसे साहसी स्टंट कलाकारों में उन्हें शामिल करवाने की वजह बना। उनके चेहरे पर गंभीर भाव बनाये रखने की आदत भी इसी अभ्यास से विकसित हुई। दर्शकों को लगता कि उनके साथ जो भी दुर्घटना हो रही है, वे उससे बिल्कुल प्रभावित नहीं होते।
बस्टर के बचपन और किशोरावस्था की एक दुर्घटना यह भी थी कि अस्थिर होते स्वभाव और शराब की लत ने उनके पिता को कठोर और हिंसक बना दिया था। बस्टर ने आख़िरकार 1917 में पारिवारिक कार्यक्रम छोड़ दिया। इसी समय उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया।
फ़िल्मी शुरूआत और पहचान
हॉलीवुड में उनकी मुलाक़ात कॉमेडियन रॉस्को ‘फ़ैटी’ आर्बकल Roscoe “Fatty” Arbuckle से हुई। आर्बकल उस समय मूक फ़िल्मों के लोकप्रिय हास्य कलाकार थे। वही बस्टर को न केवल फ़िल्म निर्माण व अभिनय की दुनिया में लेकर आये बल्कि फ़िल्म की बारीकियों को समझाने वाले भी साबित हुए।
बस्टर की पहली फ़िल्मी उपस्थिति 1917 की लघु फ़िल्म The Butcher Boy में हुई। आर्बकल के साथ उन्होंने कई छोटी कॉमेडी फ़िल्मों में काम किया। दोनों की जोड़ी दर्शकों को पसंद आयी और बस्टर ने कैमरे के सामने अलग पहचान बनाना शुरू कर दिया।
जल्द ही फ़िल्मों से उनकी दूरी का कारण बना 1918 में प्रथम विश्व युद्ध। बस्टर कीटन अमेरिकी सेना में भर्ती हुए। उन्हें फ्रांस भेजा गया, जहाँ उन्होंने सेना के मनोरंजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। युद्ध के बाद वे अमेरिका लौटे और दोबारा फ़िल्मी दुनिया में सक्रिय हुए।
1920 का दशक बस्टर कीटन के करियर का सबसे महत्वपूर्ण समय माना जाता है। इस दौरान उन्होंने न केवल अभिनय किया, बल्कि फ़िल्मों के निर्देशन और रचनात्मक निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
1919 में निर्माता Joseph M. Schenck ने उन्हें अपना प्रॉडक्शन स्थापित करने का अवसर दिया। बस्टर को अपनी फ़िल्मों पर पहले की तुलना में अधिक रचनात्मक नियंत्रण मिला। उन्होंने अपने स्टूडियो में कई लघु कॉमेडी फ़िल्में बनायीं और विशिष्ट फ़िल्म निर्माण शैली विकसित की।
1920 में उनकी पहली प्रमुख फ़ीचर फ़िल्म The Saphead रिलीज़ हुई। इसमें उन्होंने एक अमीर लेकिन भोले युवक का किरदार निभाया। इस फ़िल्म ने उन्हें एक लोकप्रिय अभिनेता के रूप में स्थापित करने में मदद की।
इसके बाद उनकी महत्वपूर्ण फिल्मों की सूची लंबी है:
One Week (1920): एक नवविवाहित जोड़े के घर बनाने की हास्य कथा।
The Playhouse (1921): इसमें बस्टर ने एक ही फिल्म में कई अलग-अलग किरदार निभाने का प्रयोग किया।
Cops (1922): एक ऐसे व्यक्ति की कहानी जिसके पीछे अनजाने में पुलिस पड़ जाती है।
Our Hospitality (1923): परिवारों की पुरानी दुश्मनी और हास्य के मिश्रण वाली फ़िल्म।
Sherlock Jr. (1924): एक प्रोजेक्शनिस्ट की कहानी जो सपने में ख़ुद को फ़िल्म का जासूस समझने लगता है।
The Navigator (1924): एक बड़े जहाज़ पर फँसे दो लोगों की हास्य कथा।
Seven Chances (1925): एक ऐसे व्यक्ति की कहानी जिसके सामने विरासत पाने के लिए तय समय में शादी करना शर्त है।
Go West (1925): एक अकेले युवक और गाय के बीच विकसित होने वाले संबंध की कहानी।
इन फ़िल्मों में बस्टर ने शारीरिक कॉमेडी के साथ-साथ कैमरे और संपादन की संभावनाओं का भी शानदार उपयोग किया। वे लंबे शॉट्स में वास्तविक स्टंट दिखाना पसंद करते थे, ताकि दर्शक कलाकार की शारीरिक क्षमता और दृश्य की वास्तविकता को महसूस कर सकें।
यादगार फ़िल्म
1926 में बस्टर कीटन ने अपनी सबसे प्रसिद्ध फ़िल्मों में से एक The General बनायी। इसमें अभिनय के साथ निर्देशन और लेखन की ज़िम्मेदारी भी ली। फ़िल्म अमेरिकी गृहयुद्ध (American Civil War) की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। इसमें बस्टर ने जॉनी ग्रे नामक रेल इंजन चालक की भूमिका निभायी, जो अपनी ट्रेन और प्रेमिका को बचाने के लिए एक असाधारण अभियान पर निकलता है।
इस फ़िल्म की सबसे बड़ी विशेषता इसके वास्तविक लोकेशन, ट्रेन से जुड़े दृश्य और ख़तरनाक स्टंट थे। फ़िल्म में एक विशाल रेल इंजन को पुल से नदी में गिराने का दृश्य शामिल था। यह मूक सिनेमा के सबसे महंगे और महत्वाकांक्षी दृश्यों में से एक माना जाता है।
हालाँकि रिलीज़ के समय द जनरल को अपेक्षित व्यावसायिक सफलता नहीं मिली और आलोचकों की प्रतिक्रिया भी मिश्रित रही। असफलता ने बस्टर की आर्थिक स्थिति और उनके स्वतंत्र फ़िल्म निर्माण को प्रभावित किया। लेकिन समय के साथ इसका मूल्यांकन बदल गया। आज इसे मूक सिनेमा की महानतम फ़िल्मों में गिना जाता है। इसकी दृश्य रचना, कॉमेडी, एक्शन और तकनीकी कौशल को फ़िल्म इतिहास में विशेष स्थान प्राप्त है।
बदलता दौर और एक फ़ैसला
बस्टर कीटन के करियर में 1928 एक निर्णायक वर्ष साबित हुआ। उन्होंने स्वतंत्र फ़िल्म निर्माण छोड़कर Metro-Goldwyn-Mayer (MGM) के साथ अनुबंध कर लिया। यह निर्णय उनके लिए आगे चलकर नुक़सानदायक साबित हुआ। अपने स्वतंत्र दौर में वे फ़िल्म की कहानी, निर्देशन, अभिनय, स्टंट और संपादन से जुड़े निर्णयों पर काफ़ी हद तक नियंत्रण रखते थे। MGM में आने के बाद उन्हें स्टूडियो की व्यवस्था और दूसरे निर्देशकों के साथ काम करना पड़ा। इससे उनकी रचनात्मक स्वतंत्रता प्रभावित हुई। इसी समय, सिनेमा में क्रांति हुई यानी बोलती फ़िल्मों (Talkies) का सूत्रपात हुआ।
1929 में बस्टर ने The Hollywood Revue of 1929 के साथ बोलती फ़िल्मों के दौर में प्रवेश किया। नयी तकनीक और स्टूडियो की बदलती व्यवस्था के बीच उनका करियर पहले जैसी ऊँचाइयों पर नहीं रह पाया। यह कहना सही नहीं होगा कि बस्टर बोलती फ़िल्मों में अभिनय नहीं कर सकते थे। उनकी आवाज़ और संवाद बोलने की क्षमता समस्या नहीं थी। असली चुनौती थी कि स्टूडियो की नयी व्यवस्था में उन्हें अपनी कॉमेडी और रचनात्मक शैली के अनुसार काम की स्वतंत्रता नहीं मिल सकी।

रिश्तों की नाकामी
बस्टर कीटन का निजी जीवन भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा। 1921 में उन्होंने अभिनेत्री Natalie Talmadge से शादी की। वह प्रसिद्ध Talmadge बहनों में से एक थीं और उनका संबंध उस समय के हॉलीवुड फ़िल्म उद्योग से था। इस विवाह से उनके दो बेटे हुए जेम्स और रॉबर्ट।
शुरू में उनका पारिवारिक जीवन ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के संबंधों में तनाव बढ़ने लगा। बस्टर अपने काम में बहुत व्यस्त रहते थे और उनके वैवाहिक जीवन में समस्याएँ आने लगीं। फिर 1930 के दशक के शुरू में ही उनका तलाक़ हो गया।
पहली शादी की नाकामी और शराब की लत ने उनके काम और स्वास्थ्य को प्रभावित करना शुरू कर दिया था। MGM में उन्हें धीरे-धीरे प्रमुख अभिनेता की जगह सहायक भूमिकाओं और कॉमेडी दृश्यों के लिए काम दिया जाने लगा।
बस्टर अकेलेपन और व्यावसायिक तनाव से गुज़र रहे थे और तब उनकी ज़िंदगी में फिर प्यार ने दस्तक दी। 1933 में बस्टर ने Mae Scriven से दूसरी शादी की। हालांकि यह रिश्ता भी अधिक समय तक नहीं चला। 1935–36 के आस–पास यह विवाह भी समाप्त हो गया। इस विवाह से कोई संतान नहीं हुई। इस समय बस्टर का करियर भी मुश्किल दौर में था। वे आर्थिक और व्यक्तिगत परेशानियों से जूझ रहे थे। कभी मूक सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाने वाले कलाकार को अब छोटे बजट की कॉमेडी फ़िल्मों और सीमित भूमिकाओं में काम करना पड़ रहा था।
1938 के आसपास बस्टर की मुलाक़ात अभिनेत्री और डांसर Eleanor Norris से हुई। वह बस्टर से उम्र में काफ़ी छोटी थीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ और 1940 में उन्होंने शादी कर ली। यह बस्टर की तीसरी और अंतिम शादी थी। इस शादी ने उनके जीवन में स्थिरता और भावनात्मक सहारा प्रदान किया। यह शादी 26 साल यानी बस्टर की मृत्यु तक टिकी। Eleanor ने उनके कठिन दौर में साथ दिया और बाद के वर्षों में उनकी ज़िंदगी में अहम भूमिका निभायी।
कुछ और यादगार क़िस्से
Eleanor से मिलने के पहले उन्होंने कोलंबिया पिक्चर्स के लिए भी कई छोटी कॉमेडी फ़िल्में बनायीं। 1930 और 1940 के दशक में उन्होंने मार्क्स बंधुओं सहित कई कलाकारों की फ़िल्मों के लिए गग राइटर के रूप में भी काम किया। यह सबूत है कि कठिन समय के बावजूद उनकी हास्य संबंधी समझ और रचनात्मक प्रतिभा बनी रही।
1950 में बस्टर कीटन ने निर्देशक Billy Wilder की प्रसिद्ध फ़िल्म सनसेट बूलेवार्ड में एक छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभायी। यह फ़िल्म हॉलीवुड के पुराने मूक सिनेमा और बदलते फ़िल्म उद्योग पर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी थी। बस्टर की मौजूदगी ने फ़िल्म को मूक सिनेमा के इतिहास से एक वास्तविक जुड़ाव दिया।
इसके बाद 1952 में उन्होंने चार्ली चैप्लिन की फ़िल्म लाइमलाइट में काम किया। इस फ़िल्म में पहली बार दोनों महान कॉमेडियन एक साथ पर्दे पर दिखे। यह सिनेमा इतिहास के यादगार क्षणों में से एक था।
1957 में उनके जीवन पर आधारित फ़िल्म The Buster Keaton Story रिलीज़ हुई, जिसमें Donald O’Connor ने उनका किरदार निभाया।
1959 में ऑस्कर पुरस्कार एकेडमी ने उन्हें मानद एकेडमी अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए था।
उनकी फ़िल्मों का महत्व अब पहले से कहीं अधिक समझा जाने लगा था। जिस कलाकार को कभी बदलते फ़िल्म उद्योग ने पीछे छोड़ दिया था, उसे अब सिनेमा के महान रचनाकारों में सम्मान दिया जा रहा था। जीवन के अंतिम वर्षों में भी बस्टर ने काम करना बंद नहीं किया। 1965 में उन्होंने Samuel Beckett की पटकथा पर आधारित लगभग 22 मिनट की मूक फ़िल्म में अभिनय किया। Alan Schneider निर्देशित यह फ़िल्म बहुत अलग तरह का सिनेमाई प्रयोग थी। इसमें संवाद लगभग नहीं थे और कहानी का केंद्र मनुष्य, कैमरा और देखे जाने की अनुभूति थी।
1965 में वेनिस फ़िल्मोत्सव में इस फिल्म से बस्टर को शानदार प्रतिक्रिया मिली। यह उनके लंबे करियर के अंतिम महत्वपूर्ण रचनात्मक क्षणों में से एक था।
कीटन की विरासत
कीटन ने कहा था कि ट्रैजडी एक क्लोज़-अप और कॉमेडी एक लॉन्ग शॉट है। और उनका यही वाक्य शायद उनके जीवन का सार बन गया। 70 वर्षीय बस्टर कीटन ने लंग कैंसर के कारण 1 फरवरी 1966 को कैलिफ़ोर्निया में अंतिम सांस ली। उनका जीवन ऐसे समय में समाप्त हुआ, जब दुनिया फिर उनकी कला और योगदान को पहचानने लगी थी। उन्होंने अपने जीवन में लोकप्रियता का शिखर देखा, आर्थिक और व्यक्तिगत संकट झेले और अंततः सिनेमा के इतिहास में अपना स्थायी स्थान बनाया।
बस्टर कीटन का योगदान केवल मूक फ़िल्मों तक सीमित नहीं है। उनकी फ़िल्मों में स्टंट केवल दर्शकों को चौंकाने के लिए नहीं होते थे, बल्कि कहानी का हिस्सा होते थे। वे अपने स्टंट स्वयं करते थे और कई बार वास्तविक जोखम उठाते थे। उनके काम में कैमरे की स्थिति, फ्रेमिंग, संपादन और दृश्य की भौतिक संरचना का विशेष महत्व था।
उनकी सबसे बड़ी विशेषता यही थी कि जब पूरी दुनिया उनके आसपास गिरती हुई दिखायी देती थी, तब भी वे अपने चेहरे पर वही शांत भाव बनाये रखते थे। यही उनका हास्य था, यही उनकी पहचान थी और यही उन्हें सिनेमा के इतिहास में अमर बनाता है।
बस्टर कीटन की विरासत का एक दिलचस्प पहलू यह है कि उनके बच्चों ने ख़ुद फ़िल्मी सितारे बनने के बजाय अलग-अलग जीवन चुना, लेकिन उनकी पोती और परपोती आज भी उनके नाम और फ़िल्मों की विरासत को आगे बढ़ाने में सक्रिय हैं। उनकी पत्नी Eleanor ने भी उनकी मृत्यु के बाद उनकी फ़िल्मों और यादों को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका अदा की। उन्होंने बस्टर की फ़िल्मों को दोबारा प्रदर्शित करवाने, फ़िल्म समारोहों में जाने और उनकी विरासत को जीवन्त बनाये रखने का काम जारी रखा। उनका निधन 19 अक्टूबर 1998 को हुआ।
बस्टर के नाम पर एक संग्रहालय है, जिसका नाम Buster Keaton Memorial Museum है, यह उसी छोटे शहर में है, जहाँ वह जन्मे थे। एक सरकारी इमारत के भीतर स्थित इस म्यूज़ियम में बस्टर की फ़िल्मों के पोस्टर, तस्वीरें, जीवन से जुड़ी सामग्री और कुछ यादगार वस्तुएँ सुरक्षित हैं। Eleanor ने भी संग्रहालय को कुछ यादगार चीज़ें दान की थीं।
इसके अलावा, कैनसस के लोला शहर में बस्टर कीटन सेलिब्रेशन नाम से एक वार्षिक आयोजन भी होता रहा है। इसमें उनकी फ़िल्में दिखायी जाती हैं, फ़िल्म इतिहासकार बातचीत करते हैं और परिवार के सदस्य भी कई बार शामिल होते हैं। उनकी पोती और परपोती आज भी उनके नाम को जीवित रखने का काम कर रही हैं।

चारु शर्मा
फ़िल्मकार, लेखक, प्रोड्यूसर और सांस्कृतिक क्यूरेटर। यथाकथा फ़िल्म एंड लिटरेचर फ़ेस्टिवल की संस्थापक। चारु मुख्यतः सामाजिक मुद्दों और ऐतिहासिक कथाओं संबंधी डॉक्यूमेंट्री फिल्मों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कंटेंट पर केंद्रित हैं। व्यक्तित्वों, विचारों आदि के दस्तावेज़ीकरण से जुड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं। फ़ीचर-लेंथ डॉक्यूमेंट्री “एम्बेसडर ऑफ़ सोशलिज़्म – लाइफ एंड टाइम्स ऑफ डॉ. राममनोहर लोहिया” उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है। संपर्क: 9082050680
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky

1 comment on “बस्टर कीटन: ट्रैजडी और कॉमेडी”