
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
मासिक ब्लॉग सलीम सरमद की कलम से....
एकांत, शोर, अकेलापन
“अकेलेपन के कारण ही मनुष्य ने समाज की अवधारणा की होगी।” -कोकोश्का
समय के बहाव में स्त्री और पुरुष एकांत की लहर को स्पर्श करते… लहर धीरे-धीरे उफनती और अंततः नीचे लौट आती थी।
एक रात भयानक और जंगली अंधेरे ने परिवार को यकजा कर दिया, सुरक्षित परिवारों का दायरा बढ़ा और समाज बन गये।
समाज, ग्राम में और ग्राम नगर में तब्दील होते गये। सभ्यताओं ने अस्थिरता की नियति को अनजाने में स्वीकार कर लिया, संस्कृति समय की नदी की तरह बहती रही।
…लेकिन इन सभी के केंद्र में ‘ठहरा आदमी’ अकेलेपन की तरफ़ पलटा।
जैसे घने जंगल में अनगिनत पेड़ हैं और हर पेड़ पर पत्ते, हर पत्ते की हरीतिमा उसकी अपनी है। शाम धुंधलके में, दूर झाड़ियों में और शरणार्थी अंधेरे की पृष्ठभूमि में झिलमिलाते जुगनुओं का हुजूम लेकिन हर जुगनू की चमक उसकी अपनी है।
आदमी अकेलेपन में ख़ुद को देख सकता है।
हालांकि भीड़ पवित्रता का पीछा करते हुए आयी थी और हर बार अनैतिक थी, फिर भी एकांत अराजक नहीं हुआ।
गुफाएं कभी आश्रय थीं। जंगल जीवन का आधार… नायक ने जब-जब इनका फेरा किया अतीत की गंध पायी, वहां एकांत महकता था।
भीड़ में अकेलापन था। एकांत ने विरोधाभास को जन्म दिया।
अब गुफाएं नहीं हैं- बाज़ार है। अब जंगल भी नहीं है- बस्तियाँ हैं, मकान हैं। तेज़ गति से चलते वाहनों को आते-जाते देखते रहना। लोगों के बीच चुप खड़े रहना। धीरे-धीरे चारों तरफ़ सिर्फ़ एकांत रह जाता है।
आर्टिस्ट बार-बार एकांत में लौटता है। काफ़्का कहते हैं-
मुझे अपने लेखन के लिए जो चीज़ चाहिए वह है- एकांत किंतु यह सन्यासी का एकांत नहीं है। वह काफ़ी नहीं होगा, मुझे चाहिए एक मृतक का एकांत। इस अर्थ में लेखन मेरे लिए एक ऐसी नींद है, जो मृत्यु से भी ज़्यादा गहरी है और जिस तरह हम मृतक को उसकी क़ब्र से खींचकर बाहर नहीं ला सकते, उसी तरह रात की घड़ी में मुझे अपनी डेस्क से खींचकर कोई नहीं ले जा सकता…
शोर हमलावर की तरह लपक कर आता है। शोर न्यूरॉन और दिमाग़ी कोशिकाओं को घायल करता है। अकेलापन धीरे-धीरे आता है, धीरे-धीरे मन को संवारता है और देर तक साथ रहता है।
हंगामा-आदिम समय में देवताओं का आवाहन था। चीख आविष्कार थी। शोर उपलब्धि- इसी से जीवंतता की परख होती थी। शिकार जाल में फँसता था।
उत्सव, नाट्यमंच, दर्शकों का जमावड़ा, आपसी बातचीत का कोलाहल लेकिन इनके समानांतर थी मृत्यु की चुप… पपड़ी से भरे अधखुले होंठ, अधखुली स्थिर आंखें जैसे अकाल के बाद धरती की दरारें…
अकेलेपन से निजात पाने की कोशिश में मत- मज़हब बना, स्मृति- इतिहास और सामर्थ्य- सत्ता… लेकिन मज़हब, इतिहास और सत्ता ने कलह पैदा की और शोर विषैला हो गया।
अकेलापन अब फिर अस्तित्व की ख़ाल से चिपकने लगा है, जिसे कभी बा-मुश्किल खरोंचकर निकाला था।
मज़हब ने समझाया था कि अदृश्य ताक़त को मनाने के लिए सामूहिक प्रार्थना ज़रूरी है। इतिहास ने उकसाया था कि झुंड में रहने से ही ‘बचाव’ है। सत्ता ने भीड़ पर कंट्रोल रखने के लिए क़ानून बनाये थे।
मज़हब, इतिहास और सत्ता परिवर्तन का परिणाम थे मगर इनसे ‘दार्शनिक’ छिटक गया।
अकेलापन दार्शनिक की ख़ातिर ख़ूराक है। दार्शनिक का ‘आंतरिक एकलाप’ एक बहुत बड़ी नैतिक ज़िम्मेदारी की तरह दुनिया के सामने आता है।
दार्शनिक ‘भ्रम की स्थिति’ को अपने मन से प्याज़ के छिलकों की तरह उतारता रहता है। दार्शनिक ने बहुत पहले इस गुत्थी को सुलझा लिया था कि- समाज, सभ्यता, संस्कृति, सत्ता, क़ानून, न्याय सब यूटोपिया है- भ्रम।
मनोवैज्ञानिक उकताहट से निकलना है तो मनुष्य को दुबारा अपने एकांत की ओर लौटना होगा।

सलीम सरमद
1982 में इटावा (उ.प्र.) में जन्मे सलीम सरमद की शिक्षा भोपाल में हुई और भोपाल ही उनकी कर्म-भूमि है। वह साहित्य सृजन के साथ सरकारी शिक्षक के तौर पर विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान पढ़ाते हैं। सलीम अपने लेखन में अक्सर प्रयोगधर्मी हैं, उनके मिज़ाज में एकरंगी नहीं है। 'मिट्टी नम' उनकी चौथी किताब है, जो ग़ज़लों और नज़्मों का संकलन है। इससे पहले सरमद की तीन किताबें 'शहज़ादों का ख़ून' (कथेतर) 'दूसरा कबीर' (गद्य/काव्य) और 'तीसरा किरदार' (उपन्यास) प्रकाशित हो चुकी हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
