
- November 20, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
विवेक रंजन श्रीवास्तव की कलम से....
प्रेमनाथ और जबलपुर में उनका 'एम्पायर'
किसी शहर की पहचान केवल उसकी सड़कों, इमारतों और बाज़ारों से ही नहीं होती बल्कि कुछ चेहरे, कुछ जगहें और कुछ स्मृतियां भी उसकी पहचान का हिस्सा होती हैं। जबलपुर के लिए एम्पायर टॉकीज़ ऐसी ही एक जगह थी।
एम्पायर सिनेमाघर में बैठकर मैंने भी फ़िल्में देखी हैं। तब शायद मैं नहीं जानता था कि जिस पर्दे पर हम फ़िल्मी सितारों को देखकर रोमांचित होते रहे, उसका रिश्ता हिंदी सिनेमा के एक ऐसे अभिनेता से है, जिसकी कहानी जबलपुर की मिट्टी से गहराई से जुड़ी है। बाद में ज्ञात हुआ कि वह प्रसिद्ध अभिनेता थे प्रेमनाथ।
21 नवंबर 1926 को पेशावर में जन्मे प्रेमनाथ का परिवार देश विभाजन के बाद जबलपुर आकर बस गया था। उनके पिता राय करतारनाथ पुलिस विभाग में अधिकारी थे। प्रेमनाथ ने जबलपुर के गवर्नमेंट साइन्स कॉलेज में शिक्षा प्राप्त की। इस तरह, जबलपुर उनकी जन्मभूमि तो नहीं था, लेकिन उनकी किशोरावस्था, पारिवारिक जीवन और सांस्कृतिक स्मृतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा अवश्य था।

प्रेमनाथ के जीवन का एक रोचक प्रसंग एम्पायर टॉकीज़ से जुड़ा है। बताया जाता है कि विद्यार्थी जीवन में एक बार वे दीवार फांदकर बिना टिकट फ़िल्म देखने पहुंच गये। टिकट चेकर ने उन्हें पकड़ लिया और थप्पड़ जड़ दिया। उस अपमान ने उनके भीतर एक संकल्प जगा दिया। उन्होंने तय किया कि एक दिन इस सिनेमाघर को खरीदेंगे। समय बदला। प्रेमनाथ फ़िल्मी सितारा बने और उन्होंने सचमुच एम्पायर टॉकीज़ का स्वामित्व हासिल कर लिया। इससे भी रोचक बात यह है कि टॉकीज़ के उद्घाटन पर उन्होंने उसी कर्मचारी को सम्मानित किया, जिसने कभी उन्हें थप्पड़ मारा था। अपमान का यह कैसा सुंदर प्रतिकार था! बदला लेने के बजाय सम्मान देना। यह प्रसंग प्रेमनाथ के व्यक्तित्व का एक अनूठा मानवीय पक्ष सामने लाता है।
एम्पायर टॉकीज़ का अपना गौरवशाली इतिहास था। अंग्रेज़ों के समय बनी यह इमारत अपनी विशाल स्क्रीन और स्थापत्य के लिए जानी जाती थी। यहां अंग्रेज़ी फ़िल्में ख़ूब दिखायी जाती थीं। जेम्स बॉन्ड की फ़िल्मों का भी अपना आकर्षण था। बाद में राजश्री बैनर और राज कपूर की फ़िल्मों के पुनर्प्रदर्शन ने इसे दर्शकों का प्रिय सिनेमाघर बनाये रखा।
टॉकीज़ अपने अंतिम समय में भी अंग्रेज़ी फ़िल्मों के लिए ही जानी जाती थी।
टीवी का दौर आया और एम्पायर टॉकीज़ ढह गयी, पर दुनिया भर के दर्शकों के मन में बना प्रेमनाथ जी का सम्राज्य आज भी क़ायम है।
प्रेमनाथ का बंगला भी इसी परिसर के निकट था। उनकी लाल रंग की शेवरले कार जबलपुर की सड़कों पर अलग ही पहचान रखती थी। स्थानीय मैकेनिक रमज़ान कारीगर उसकी देखभाल करते थे। एक फ़िल्मी सितारे का शहर से ऐसा घरेलू रिश्ता आज कल्पना जैसा लगता है।
रंगमंच की यादें
प्रेमनाथ का एक कम चर्चित पक्ष जबलपुर के रंगमंच से उनका आत्मीय जुड़ाव था। पिता के निधन पर जब वे जबलपुर आये, तब शहीद स्मारक में राजकला मंदिर संस्था का नाटक ‘राह के कांटे’ देखा। प्रस्तुति से प्रभावित होकर उन्होंने तीन स्थानीय कलाकारों को मुंबई आने का निमंत्रण दिया। वे बाद में नाटकों की रिहर्सल देखने भी पहुंचते रहे। जिलहरी घाट पर नर्मदा में तैरने के बाद सीधे रिहर्सल में पहुंच जाना उनकी सहज जीवनशैली का हिस्सा था। कलाकारों के बीच बैठकर पृथ्वी थिएटर के अनुभव सुनाना और अचानक समोसे मंगवाने की फ़रमाइश करना उन्हें किसी दूर बैठे फ़िल्मी सितारे के बजाय अपना आत्मीय साथी बना देता था।
जबलपुर के रंगकर्मी उनका एक कथन आज भी याद करते हैं। वे कहते थे, घोड़ा अस्तबल में नहीं बिकता, बाज़ार में बिकता है। उनका आशय साफ़ था। फ़िल्मों में काम करना है तो मुंबई जाओ, संघर्ष करो और अपने हुनर को बड़े मंच पर आज़माओ। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को केवल सलाह नहीं दी, बल्कि उनकी मदद भी की। एम्पायर टॉकीज़ में नाटकों की रिहर्सल के लिए जगह उपलब्ध करवायी।
उन्होंने मीरा नामक फ़िल्म बनाने की योजना भी बनायी थी। इसमें जबलपुर के कलाकारों को अवसर मिलना था। रेडियो उद्घोषक मनोहर महाजन का चयन भी हुआ, लेकिन यह योजना पर्दे तक नहीं पहुंच सकी। यह प्रेमनाथ के भीतर बसे उस कलाकार का प्रमाण है, जो अपने शहर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ते देखना चाहता था।
जबलपुर की स्मृतियों में प्रेमनाथ
प्रेमनाथ का व्यक्तित्व अभिनय तक सीमित नहीं था। वे लेखक, उपन्यासकार, निर्माता और आध्यात्मिक जिज्ञासु भी थे। उन्होंने हिंदी और अंग्रेज़ी में उपन्यास लिखे। कैलाश पर्वत की यात्रा की और अपने अनुभवों पर कैलास दर्शन नामक वृत्तचित्र बनाया। फ़िल्म निर्माण में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन उनकी रचनात्मक जिज्ञासा कभी कम नहीं हुई। उनके पुत्र मोंटी नाथ द्वारा निर्मित वृत्तचित्र “अमर प्रेमनाथ: लास्ट ऑफ़ द टाइटन्स” में उनके व्यक्तित्व के अनेक अनदेखे पहलू हैं।
तीसरी मंज़िल, जॉनी मेरा नाम, धर्मात्मा, बॉबी, रोटी कपड़ा और मकान तथा कालीचरण जैसी फ़िल्मों ने उन्हें लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचाया। उन्होंने नायक के रूप में शुरूआत की, खलनायक की भूमिकाओं में अपनी अलग पहचान बनायी और फिर चरित्र अभिनेता के रूप में भी दर्शकों का दिल जीता। उनकी आवाज़, व्यक्तित्व और संवाद अदायगी की अपनी विशिष्ट छाप थी।
एम्पायर टॉकीज़ को प्रेमनाथ ने कभी अपने सपनों का सिनेमाघर बनाया था, वह जर्जर होने के कारण अगस्त 2024 में ध्वस्त कर दी गयी। अब वह इतिहास है। बची हैं, तो केवल स्मृतियां।
प्रेमनाथ की जन्मशती पर उन्हें याद करना केवल एक अभिनेता को श्रद्धांजलि देना नहीं है। यह जबलपुर की उस सांस्कृतिक विरासत को याद करना भी है, जहां सिनेमा और रंगमंच एक दूसरे के क़रीब थे। जहां मुंबई का सितारा अपने शहर के कलाकारों के बीच बैठकर समोसे खाता था और उन्हें बड़े सपने देखने की प्रेरणा देता था।
जब एम्पायर टॉकीज़ में देखी फ़िल्मों को याद करता हूं, तो लगता है कि उस सिनेमाघर के साथ मेरी भी कुछ स्मृतियां ध्वस्त हुई हैं। इमारत चली गयी, पर्दा उतर गया, लेकिन प्रेमनाथ की कहानी अब भी जीवित है। शायद कलाकार की असली अमरता यही है। वह केवल अपनी फ़िल्मों में नहीं, किसी शहर की सामूहिक स्मृति में भी जीवित रहता है।

विवेक रंजन श्रीवास्तव
सेवानिवृत मुख्य अभियंता (विद्युत मंडल), प्रतिष्ठित व्यंग्यकार, नाटक लेखक, समीक्षक, ई अभिव्यक्ति पोर्टल के संपादक, तकनीकी विषयों पर हिंदी लेखन। इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स के फैलो, पोस्ट ग्रेजुएट इंजीनियर। 20 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। हिंदी ब्लॉगर, साहित्यिक अभिरुचि संपन्न, वैश्विक एक्सपोज़र।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
