क़तील शिफ़ाई की आपबीती, qateel shifai ki aapbeeti
गूंज बाक़ी... क़तील शिफ़ाई की आपबीती यानी एक तरह से आत्मकथात्मक कृति उर्दू साहित्य में काफ़ी सराही गयी किताब है। हिंदी के कम ही पाठक इस तक पहुंचे हैं। #उर्दूकीज़मीनें के तहत ख़ास पेशकश के तौर पर इसी किताब से एक अंश यहां साभार...
लिप्यंतरण व शब्दार्थ प्रोफ़ेसर मुहम्मद नौमान ख़ां....

भोपाल का मुशायरा

            सलीक़े के सामेईन (श्रोता) एक तो हैदराबाद दक्कन के मुशायरे में मिले और दूसरे भोपाल के एक मुशायेरे में। भोपाल एक मुस्लिम रियासत थी और मुसलमान शासकों का ज़ौक़ तो रहा है कि वो शे’रो-मौसीक़ी (कविता और संगीत) पर ज़्यादा तवज्जोह देते रहे हैं लेकिन शायरी का एक मैदान ऐसा था, जहाँ मुसलमान हुक्मरानों की इजारा दारी (प्रमुखता) थी। जैसा बादशाह वैसी रिआया (प्रजा) की भाँति भोपाल में भी मुसलमान हुक्मरानों के प्रभाव से लोग शे’री ज़ौक़ रखते थे। नवाब हमीद उल्लाह खाँ इल्मो-अदब और सियासत में अपना एक मुकाम रखते थे। उनके इल्मो-अदब की सरपरस्ती के अन्दाज़ अल्लामा इक़बाल की किताबों से भी ज़ाहिर हैं। जिन्होंने ‘ज़रबे-कलीम’ उनके नाम समर्पित की और उनके शीशमहल में, जहाँ ये मेहमान ठहराये गये थे, अल्लामा इक़बाल ने जो कुछ कहा उसका हवाला अपनी नज्मों में भी दिया।

मैंने भोपाल के बारे में बहुत-सी दास्तानें सुनी थीं और तमन्ना थी कि मैं भी भोपाल देखूँ। शायरी की बरकत से मुझे यह मौक़ा भी मयस्सर आ गया और जब भोपाल गये तो पुराने दोस्तों में से शे’री भोपाली मिले, जिनसे मुख़्तलिफ़ मुशायरों में पहले मुलाक़ात हो चुकी थी। मैं, भोपाल और’ शे’री भोपाली’ को अभिन्र भोपाल की पहचान समझता था।

पर्चा ‘अफ़कार’ पार्टीशन से पहले यहीं से निककता था और बाद में कराची स्थानान्तरित हो गया। मैं उन लोगों में से हूँ, जिन्होंने ‘अफ़कार’ के पहले शुमारे (अंक) से लिखना शुरू किया था, चुनांचे ये चीज़ें ज़ेह्न मे लेकर मैं भोपाल पहुंचा। पहले तो वहां के दस्तूर के मुताबिक़ हमें शहर की सैर के लिए ले जाया गया। शहर देखा और उसके ख़ास-ख़ास महल देखे। इसके बाद मुशायेरे की रात आ गयी।

क़तील शिफ़ाई की आपबीती, qateel shifai ki aapbeeti

इस मुशायरे की सदारत यानी अध्यक्षता वाजपेयी साहब कर रहे थे। उनके बारे में विचार यह पाया जाता था कि वह उर्दू के हामी नहीं हैं। मेरे ख़याल में उन्होंने इस मुशायरे की सदारत इसलिए क़ुबूल की भी क्योंकि वह इसका खण्डन करना चाहते थे। यह मुशायरा जिस जगह हुआ, उसे इक़बाल ग्राउंड का नाम दिया गया है। यह एक बहुत बड़ा ग्राउंड था, जिसके आस-पास इमारतें हैं, बीच में एक ग्राउंड है, जिसमें हज़ारो आदमी बैठे हुए थे। इसके अलावा इंतज़ाम यह किया गया था कि शहर के चार-पाँच चौकों पर स्पीकर लगा दिये गये थे। चुनाँचे इस ग्राउंड में मौजूद हज़ारों आदमियों के अलावा, बेशुमार लोग इन चौकों में खड़े होकर भी मुशायरा सुन रहे थे। यह चीज़ वहाँ की जिद्दत यानी नयेपन के लगाव को और ज़ाहिर कर रही थी कि यह पूरा शहर इल्मो-अदब और शे’रो-शायरी से दिलचस्पी रखता है। वरना लाउडस्पीकर का बेजा इस्तेमाल हो तो लोग विरोध करते हैं। लेकिन भोपाल में यह इन्तेज़ाम वहां के लोगों की फ़रमाइश पर किया गया था।

इस मुशायरे में भी कैफ़ियत हैदराबाद दक्कन वाली थी और बा-ज़ौक सुनने वाले यानी साहित्य रसिक मौजूद थे और बेजा हुल्लड़बाज़ी नहीं थी। इस मुशायरे से पहले वहाँ एक दावत हुई, चूँकि शिरकत करने वालों में हिन्दू और मुसलमान दोनों ही मौजूद थे इसलिए पास-पास की मेज़ों पर दो तरह का खाना रखा गया था। एक वेजीटेरियन और दूसरा नॉन-वेजीटेरियन। हम गोश्तख़ोर लोग ज़्यादातर गोश्त की बनी हुई चीज़ें पसन्द करते हैं लेकिन मैंने कहा, मैं तो वेजीटेरियन खाना खाऊंगा।

जब मैं उस मेज़ पर पहुंचा जो वेजीटेरियन लोगों के लिए थी, तो मैंने देखा कि वहाँ भी कबाब और कोफ़्ते वग़ैरह हैं। मैंने हैरत से कहा कि मैंने तो सब्ज़ी खाने की ख़्वाहिश ज़ाहिर की है, लेकिन यहाँ तो दाल के अलावा ज़्यादातर चीज़ें गोश्त ही की हैं। वो कहने लगे कि आप खाकर देखिए। मैंने चॉप उठायी तो देखा कि वो बैंगन से बनी हुई थी। कोफ़्ते देखे तो वो पनीर के थे। कबाब देखे तो वो भी किसी सब्ज़ी के बने हुए थे, मगर यह सब कुछ ऐसा लज़ीज़ बना हुआ था कि प्रभावित हुए बग़ैर नहीं रह सका।

मेरे दादा, परदादा काकाज़ई (पठानों की एक नस्ल) कहलाते थे। अब सरहद में ‘काका ख़ैल’ तो मौजूद हैं, काकाज़ई नाम के क़बीले वहाँ मौजूद नहीं, बल्कि पंजाब के बहुत-से इलाक़ो में कके ज़ई नाम के नाम से मौजूद हैं। ख़ुदा जाने काकाज़ई और ककेज़ई में क्या सम्बन्ध है लेकिन मैं भोपाल के मुशायरे के सिलसिले मे गया तो मेरी लिखी हुई किसी तहरीर से लोगों को पता चला कि मैं काकाज़ई हूं, जिस पर भोपाल से चन्द मील के फ़ासले (दूरी) पर स्थित एक गाँव से कुछ लोग आये और बताया कि वो काकाज़ई हैं और उनका पूरा गाँव काकाज़इयों का है। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज सरहद से आये थे। मैंने पूछा आप कके ज़ई तो नहीं कहलाते, उन्होने कहा कि ‘नहीं हम काकाज़ई हैं’। तो अजब बात है कि कहाँ का मुआामला कहाँ नज़र आया। यानी एक फ़ैमिली हमारी थी और उसके बाद भोपाल में काकाज़ई नज़र आये।

मैं समझता हूँ कि सूब-ए-सरहद में जो लफ़्ज़ बोला जाता है, वो यहाँ आकर थोड़ा-सा बदल जाता है। मसलन फ़्रंटियर में नाम काला ख़ान होगा तो यहाँ उसे काले ख़ां कहेंगे। इस तरह अगर नहाँ नाम काका ज़ई होगा तो यहाँ उसे ककेज़ई कहेंगे। ख़ैर! मैं तो ज़ात-पात का मानने वाला नहीं हूँ। यूं ही बातचीत के तौर पर बात बतायी है कि हम लोग उस सरज़मीन से आये हुए हैं जो ‘ख़ुशहाल ख़ां खटक’ की ज़मीन है। मैं इस बात पर गर्व करता हूँ कि मैरे पूर्वज उस मिट्टी से ताल्लुक रखते हैं, जिसने ख़ुशहाल ख़ां खटक जैसा ‘साहिबे-सैफ़ो-क़लम (कलम और तलवार वाला) पैदा किया और शायद इसी मिट्टी के किसी ज़र्रे का असर हो कि मुझमें और मेरे बाप में अदबी ज़ौक़ (साहित्यिक लगाव) मौजूद था और मैं अब आकर अपनी पहचान पैदा कर सका हूं।

मो. नौमान ख़ान

मो. नौमान ख़ान

उर्दू साहित्य की सात किताबों के लेखक, 6 किताबों के संपादक और दर्जनों पाठ्यपुस्तकों के संकलक/संपादक रह चुके हैं डॉ. नौमान। सवा सौ ज़्यादा शोधपत्र प्रकाशित हैं। आधा दर्जन साहित्यिक किताबें प्रकाशनाधीन हैं। दर्जनों सेमिनार में बतौर एक्सपर्ट वक्ता शामिल होने के साथ ही आपको आधा दर्जन से ज़्यादा महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है। 2 जुलाई 1952 को जन्मे डॉ. नौमान एनसीईआरटी में प्रोफ़ेसर रहे हैं और बतौर पत्रकार और महत्वपूर्ण अकादमिक संस्थानों में सेवाएं दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!