
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
पुस्तक चर्चा डॉ. वसीम इफ़्तेख़ार अन्सारी की कलम से....
सुख़नवरान-ए-भोपाल: दस्तावेज़ी और ऐतिहासिक किताब
सरज़मीने-भोपाल, उर्दू शे’रो-अदब के नक़्शे पर एक ऐसी कहकशां की हैसियत रखती है कि जिसकी रोशनी ने न सिर्फ़ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे उपमहाद्वीप के साहित्यिक क्षितिज को रौशन किया है। भोपाल के शासकों और फ़नकारों ने उर्दू ज़बान एवं शे’री-अदब के प्रचार-प्रसार में ऐतिहासिक किरदार अदा किया है। यहाँ हर ज़माने में इल्मो-फ़न का चराग़ रोशन करने वाकी हस्तियाँ स्पष्ट नज़र आती हैं, जिन्होंने उर्दू शे’रो-अदब को एक नया रंगो-आहंग, एक नयी आबो-ताब बख़्शी है। प्रोफ़ेसर मुहम्मद नौमान ख़ां भोपाली साहित्य के विशेषज्ञ हैं। भोपालियात पर उनकी लिखित आठ पुस्तकें प्रकाशित होकर अदबी हलक़ों में मक़बूल हो चुकी हैं।
डॉ. नौमान की यह नयी किताब “सुख़नवरान-ए-भोपाल” एक दस्तावेज़ी, ऐतिहासिक और साहित्यिक किताब है। 464 पृष्ठों की इस किताब में भोपाल के 44 प्रमुख शायरों के हालात और उनकी साहित्यिक व शे’री ख़िदमात का जायज़ा या कहें कि जीती-जागती तस्वीर हमारे सामने पेश कर दी है। इस किताब के ज़रिये इस बात को भी याद करवाने की कोशिश की गयी है कि इमारतें ढह सकती हैं, हुकूमतें बदल सकती हैं लेकिन इल्मो-फ़न की जो छवि दिलों में समा जाये, उसे ज़माने की लाख कोशिशें भी मिटा नहीं सकती हैं।
किताब “सुख़नवरान-ए-भोपाल” के लेखक ने इस किताब के ज़रिये रहमत का एक ऐसा दरवाज़ा खोल दिया है, जिसकी ख़ुशबू देर तक अदबी माहौल को सुगंधित करती रहेगी। लेखक ने इस किताब में ख़ाकानिगारी (रेखाचित्र), तज़किरानिगारी (समीक्षा) और जदीद तनक़ीदी उसूलों (आधुनिक आलोचनात्मक नियमों) के समावेश से प्रस्तुति का ऐसा ढंग अपनाया है, जो पाठक को देर तक किताब से बाँधे रखता है ही, मिट्टी की मुहब्बत में लेखक की लगन से परिचित और प्रभावित भी करता है। नौमान साहब की कोशिश इसलिए भी काममाब कही जा सकती है कि इस किताब में जो कुछ है, वो समग्रत: उनका अपना है।

जैसे शीर्षक उनके अपने हैं, लेख उनके अपने हैं, उसलूब यानि स्टाइल उनका अपना है, फ़नकार उनके अपने हैं और शहर भोपाल भी उनका अपना है। जब सब कुछ अपना ही हो तो तहरीर (लेखन) में बेपनाह दिलकशी और जान पैदा हो जाती है। जो आँखों से दिल में उतरकर दिन की धड़कन बन जाती है। लेखक ने शोध के चश्मों में डूबकर अपने शहरे-ग़ज़ल भोपाल के गुज़रे हुए कल, वर्तमान के फ़नकारों के कारनामों को इस तरह क़लमबंद किया है कि माज़ी और हाल मिलते दिखायी देते हैं। यह कोई एक किताब नहीं है, बल्कि एक ही किताब में कई किताबों का रस निचोड़कर रख दिया गया है।
भोपाल की शाइरी में एक तरफ़, जहाँ क़दीम शाइरों के प्रभाव से क्लासिकी (परम्परागत) रचाव है, वहीं बदलते हालात के तहत तरक़्क़ीपसन्द (प्रगतिशील) नज़रयात (विचारधारा) और जदीद (आधुनिक) तर्ज़े-फ़िक्र की झलकियाँ भी दिखायी देती हैं। नौमान साहब ने अपनी इस किताब में सभी रंगों, विचारधाराओं के शाइरों के कलाम एवं उनकी शख़्सियत एवं परिवेश आदि का जायज़ा ख़ास अन्दाज़ से पेश किया है।
समग्र तौर पर सुख़नवरान-ए-भोपाल एक प्रमुख इल्मी, तारीखी, शोधपरक एवं आलोचनात्मक दस्तावेज़ है, जो कि लेखक की अन्य किताबों की तरह भविष्य के शोधकर्ताओं और इतिहासकारों के लिए एक आवश्यक स्रोत और वसीले का काम करेगा। इस किताब के अध्ययन से लेखक की अपने वतन से मुहब्बत और भोपाल के अदबी सरमाये (धरोहर) को सुरक्षित रखने के सच्चे जज़्बे का आभास होता है।
सही नतीजों तक पहुंचने के लिए अपनाये गये आधुनिक साईंटिफिक अन्दाज़ ने इस किताब को शोध एवं आलोचनात्मक साहित्य का उच्च कोटि का शाहकार बना दिया है।
हमें ख़ुशी ही नहीं फ़ख़्र भी है कि नौमान साहब जैसा सच्चा साहित्य-सेवक हमारे दरमियान मौजूद है, जो अपने जादूई क़लम से अपने पुरखों और वर्तमान युग के फ़नकारों और उनकी साहित्यिक धरोहरों का संरक्षण करके उसे नयी नस्ल तक पहुँचाने की कोशिशों मे मसरूफ़ है।

डॉ. वसीम इफ़्तेख़ार अन्सारी
पेशे से प्राध्यापक और तबीयत से साहित्यकार। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेन्स, शासकीय हमीदिया महाविद्यालय, भोपाल में अरबी शोध केन्द्र और उर्दू विभाग अध्यक्ष। कई किताबें और रचनाएं पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित और अनेक पुरस्कारों/सम्मानों से नवाज़े जा चुके हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
