
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 1
इस स्तंभ में 21वीं सदी के 25 वर्षों में से वो 25 भारतीय फ़िल्में, जो टर्निंग पॉइंट साबित हुईं। एक युवा फ़िल्मकार की दृष्टि से चयन...
नियमित ब्लॉग (भाग-15) मानस की कलम से...
भाग मिल्खा भाग और बायोपिक उद्योग
खिलाड़ियों और राजनीतिक हस्तियों पर बायोपिक्स आज जॉनर का एक बड़ा हिस्सा हैं। हंसल मेहता के विचार थोड़े अलग हैं, कहते हैं, “मैं बायोपिक्स को एक जॉनर के तौर पर नहीं देखता। बायोपिक्स असल में ऐसी कहानियाँ हैं, जो आपको प्रेरित करती हैं। मुझे लगता है हम बहुत तेज़ी से फ़ॉर्मूला अपना लेते हैं। बायोपिक्स में फ़ॉर्मूला नहीं होता।”
द स्वैडल के एक आर्टिकल में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि आज की कई बायोपिक्स– चाहे वह भाग मिल्खा भाग हो, मैरी कॉम हो या साइना– में एक प्रिडिक्टबल, साधारण कहानी होती है, जिसमें हर तरह की चुनौती होती है और जो देश की जीत पर ख़त्म होती है।
कई बॉलीवुड बायोपिक राष्ट्रीय नायकों, खेल प्रतीकों या सैन्य हस्तियों के बारे में हैं। सामान्यतया इनका उद्देश्य बारीकियों से भरे, त्रुटिपूर्ण इंसान को पेश करना कम और आधुनिक दर्शकों के लिए एक प्रेरणादायक प्रतीक बनाना अधिक है। यानी बायोपिक के केंद्रीय पात्र का जीवन राष्ट्रीय गौरव, दृढ़ता और नैतिक गुणों का जश्न मनाने का माध्यम बन जाता है। ‘भाग मिल्खा भाग’ में, एक काल्पनिक पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी और एक स्टेज्ड बचपन के ट्रॉमा का उपयोग मिल्खा सिंह की कहानी को मुक्ति और राष्ट्रीय गौरव की एक स्पष्ट, अधिक सिनेमाई कथा देने के लिए किया गया है। फ़िल्म का लक्ष्य आपको जीत का एहसास कराना है, न कि उनके करियर का एक वृत्तचित्र-शैली में विवरण प्रदान करना।
एक पश्चिमी बायोपिक की तुलना एक ऐतिहासिक उपन्यास से की जा सकती है, बॉलीवुड बायोपिक अक्सर एक आधुनिक महाकाव्य कविता या लोककथा के क़रीब होती है।
तो सवाल यह उठता है कि बायोग्रैफ़िकल फ़िल्में आख़िर निर्माताओं को आकर्षित क्यूँ कर रही हैं? हमारे फ़िल्म उद्योग में 2012 से अब तक 50 बायोपिक्स बनायी जा चुकी हैं।
बायोपिक्स जॉनर की सबसे महत्वपूर्ण बात होती है कि जब एक आम इंसान, किसी और आम इंसान को ख़ास बनते हुए देखता है, तो उसे भी ख़ास बनना मुमकिन लगता है। आख़िरकार बायोपिक्स, ‘ऐसा सिर्फ़ फ़िल्मों में होता है’ के दोष से मुक्त जो होती हैं। असल में बायोग्रैफ़िकल फ़िल्में विरोधाभास हैं। फ़िल्में ‘सच प्रतीत होती कल्पना’ पर आधारित होती हैं जबकि बायोपिक्स सच्चे चरित्र के आसपास कुछ कल्पनाशीलता पर।
लेकिन बायोपिक्स के संदर्भ कुछ मूलभूत सवाल उठाते हैं:-
- बायोपिक क्या समाज में मौजूद व्यक्तित्व को ड्रामा मिलाकर दिखाने से डॉक्युमेंट्री के बजाय फ़िल्म बन जाती है?
- बायोपिक, रीमेक से कैसे अलग हैं?
- क्या बायोपिक सिर्फ़ और सिर्फ़ उस ‘अच्छे’ किरदार को चुनती है? अगर नहीं तो क्या ‘बुरे’ या ‘ग्रे’ शेड्ज़ के किरदारों की छवि को साफ़-सुथरा करने के लिए? जैसे “संजू” फ़िल्म पर इल्ज़ाम लगते आये हैं।
- या इसके उलट क्रिएटिव लिबर्टी लेकर किसी की छवि को धूमिल किया जाना चाहिए? जैसे ‘जुबली’, ‘इमरजेन्सी’ इत्यादि।
- क्या किसी जीवित व्यक्ति पर बायोपिक बननी चाहिए?
- क्या राजनीतिक माहौल मायने रखता है?
बायोपिक की समझ
एक “बायोपिक”, जो किसी वास्तविक इंसान की ज़िंदगी का ड्रामा है, वास्तविक इंसान पर बनी डॉक्युमेंट्री से बिल्कुल अलग होती है। यह एक ड्रामा है, यानी फ़िक्शनलाइज़ेशन, जिसमें वासतविक ज़िंदगी को सोर्स मटीरियल के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।
‘रील हिस्ट्री’ नाम की एक किताब में ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित कई फ़िल्मों का रिव्यू किया गया और फिर उन्हें दो बिंदुओं के आधार पर ग्रेड दिया गया था:
a. ऐतिहासिक सटीकता
b. एंटरटेनमेंट वैल्यू
बॉलीवुड के पॉपुलर जॉनर से जुड़ी हिट, मिस और नैतिक दुविधाओं के बास्केट से देखा जाये तो बॉलीवुड में बायोपिक्स की लिस्ट बहुत लंबी है। 1980 और 90 के दशक में श्याम बेनेगल की ‘द मेकिंग ऑफ़ द महात्मा’ (1996) और शेखर कपूर की ‘बैंडिट क्वीन’ (1994) जैसी कहानी पर आधारित बायोग्रैफ़िकल फ़िल्मों के सब-जॉनर की खोज और एक्सपेरिमेंट के तौर पर जो शुरू हुआ था, वो बायोपिक्स बहुत कम थीं।
बॉलीवुड में बनी पहली बायोपिक में से एक वी. शांताराम की “डॉ. कोटनिस की अमर कहानी” (1946) थी। ख़्वाजा अहमद अब्बास और वीपी साठे की लिखी यह फ़िल्म एक भारतीय डॉक्टर द्वारकानाथ कोटनिस की ज़िंदगी पर आधारित थी, जिन्होंने दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान चीन में काम किया था।
21वीं सदी की शुरूआत में बॉलीवुड में बायोपिक्स का ट्रेंड लगातार बढ़ता गया, जिसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस: द फ़ॉरगॉटन हीरो (2004), मंगल पांडे: द राइज़िंग (2005), और द लेजेंड ऑफ़ भगत सिंह (2002) जैसी कई दूसरी फ़िल्में शामिल थीं। लेकिन, 2013 में राकेश ओम प्रकाश मेहरा की फ़िल्म “भाग मिल्खा भाग” के साथ यह ट्रेंड कई गुना उछला। अगर बॉक्स ऑफ़िस नंबर्स का कोई मतलब है, तो इस दशक में बनी कई बायोपिक्स, भाग मिल्खा भाग (163 करोड़ रु) और एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी (189 करोड़ रु) से लेकर दंगल (702 करोड़ रु), और संजू (578 करोड़ रु) तक, ने रिकॉर्ड तोड़े हैं, चार्ट टॉपर्स में अपनी जगह बनायी है और क्रिटिक्स से भी तारीफें बटोरी हैं।
चक दे इंडिया (2007) खेल की दुनिया की कहानी पर बनी एक कामयाब फ़िल्म थी। लेकिन इसने तुरंत किसी परंपरा की शुरूआत नहीं की। 2012 में पान सिंह तोमर भी बायोपिक थी, लेकिन यह एक खिलाड़ी के बाग़ी बनकर बंदूक़ उठा लेने और दस्यु बन जाने की कहानी कहती मिली। फिर भाग मिल्खा भाग ने बायोपिक की दुनिया में उस कहानी को बुना, जो एक आम और समस्याग्रस्त व्यक्ति की आशातीत सफलता सामने लाती है।

इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि वास्तविक चरित्रों और उनकी ज़िंदगी के ड्रामा वाले और कभी-कभी फिक्शनल वर्शन को बड़े पर्दे पर देखना दर्शकों के बीच बहुत पसंद किया जाता है, चाहे वह नेता हों या खिलाड़ी। हालांकि, हाल के दिनों में, असली ज़िंदगी की घटनाओं को दिखाने की नैतिक ज़िम्मेदारी, तथ्यों को छिपाना और हीरोइज़म का आइडिया इनमें से कई फ़िल्मों को आगे बढ़ाता हुआ लगता है।
क्या कहते हैं सिनेमा-समीक्षक?
बायोपिक्स की यह बाढ़ उनके सफल होने के फ़ॉर्मूले का नतीजा दिखा। लेकिन यह उलट पड़ा। बहुत-सी फ़िल्में असफल रहीं। पटकथा लेखक सौरव डे कहते हैं, “बायोपिक के अच्छा प्रदर्शन न करने के कई कारण हैं। सबसे पहले, यह पर्याप्त रूप से आकर्षक नहीं हो सकती है। हालांकि, मुझे लगता है कि स्पोर्ट्स बायोपिक्स की संतृप्ति है- अंडरडॉग कहानियां। उन सभी का एक निश्चित टेम्पलेट है। स्पोर्ट्स बायोपिक्स की शृंखला में कबीर खान की चंदू चैंपियन थी, जो मुक्केबाज़ मुरलीकांत पेटकर की कहानी पर आधारित थी। हालांकि फ़िल्म को मिश्रित प्रतिक्रियाएं मिलीं, लेकिन प्राथमिक आलोचना वही रही।”
न्यू इंडियन एक्सप्रेस के लिए एक समीक्षा में, कार्तिक भारद्वाज ने लिखा, “मैं हिंदी स्पोर्ट्स फ़िल्मों को प्रेरणादायक बायोपिक या गुप्त देशभक्ति कॉल बनकर देखते-देखते थक गया हूं। हालांकि फ़िल्म के पीछे वास्तविक जीवन की कहानी ने अधिक आंतरिक कहानी कहने के लिए पर्याप्त चारा प्रदान किया।”
फ़िल्म समीक्षक और ह्यूमन्स ऑफ़ सिनेमा के संस्थापक हर्षित बंसल का मानना है कि अच्छा, बुरा और इनके बीच की हर चीज़ को चित्रित करना फ़िल्म निर्माताओं की ज़िम्मेदारी है। “श्रीकांत और चमकीला उत्कृष्ट उदाहरण फ़िल्में हैं, जो अपने विषयों के गहरे रंगों को चित्रित करने की कोशिश करती हैं। अगर वे ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं तो मैं फ़िल्म निर्माताओं को जवाबदेह नहीं ठहराता, क्योंकि बायोपिक्स अक्सर विषय या उनके परिवार के सहयोग और अनुमति के साथ ही बनायी जाती हैं, और वे चाहते हैं कि केवल सकारात्मक रोशनी में दिखाया जाये। यह भारत में बायोपिक्स के लिए एक बड़ी बाधा है, क़ानून यहां फ़िल्म निर्माताओं का उस तरह पक्ष नहीं लेता है, जिस तरह संयुक्त राज्य अमेरिका में, जहां पाइरेट्स ऑफ़ सिलिकॉन वैली या द सोशल नेटवर्क जैसी फ़िल्में बन पाती हैं।”
आम आदमी की बायोपिक!
आम लोगों की ज़िंदगी पर फ़िल्में बनाने की कोशिशें कम ही हुई हैं। शायद इसलिए कि पक्का नहीं कि वे थिएटर तक काफ़ी ऑडियंस खींच पाती हैं।
इस संदर्भ में कुछ ख़ास बायोग्रैफ़िकल फ़िल्में बनी हैं। जैसे हंसल मेहता की “शाहिद” (2012), जो वकील शाहिद आज़मी की ज़िंदगी पर आधारित है। केतन मेहता की “मांझी: द माउंटेन मैन” (2015), बिहार के एक ऐसे आदमी के बारे में है, जो दो दशकों में सिर्फ़ हथौड़े और छेनी का इस्तेमाल करके अकेले ही पहाड़ तोड़कर रास्ता बना देता है। “मंजूनाथ” (2014) एक जानी-मानी पेट्रोलियम कंपनी के एग्ज़ीक्यूटिव एस. मंजूनाथ की ज़िंदगी पर आधारित है, जिन्हें उत्तर प्रदेश में गुंडों ने मार डाला था, जो डीज़ल में मिलावट पर उनके ऐतराज़ से नाराज़ थे।
रीमेक से कैसे अलग बायोपिक?
बायोपिक एक व्यक्ति की घटनाओं का संकलन है, जबकि रीमेक एक फ़िल्म का।
हंसल मेहता की दिल को छू लेने वाली “अलीगढ़” (2015) प्रोफ़ेसर डॉ. एस. रामचंद्र सिरस की सच्ची कहानी पर आधारित थी, जिन्हें उनके सेक्सुअल ओरिएंटेशन की वजह से यूनिवर्सिटी से सस्पेंड कर दिया गया था। इसी तरह, सोनम कपूर ने राम माधवानी की “नीरजा” (2016) में अपने करियर की सबसे अच्छी परफॉर्मेंस दी। यह फ़िल्म एयर हॉस्टेस नीरजा भनोट के जीवन पर आधारित थी, जिन्होंने 1986 में हाईजैक हुई फ़्लाइट 73 में 359 यात्रियों की जान बचाने की कोशिश में अपनी जान दे दी थी।
हंसल मेहता याद करते हैं, “मैंने अलीगढ़ (2015) बनायी थी, यह एक प्रोफ़ेसर की बायोपिक थी। लेकिन यह उसकी आख़िरी सर्दियों, उसके जीवन के आख़िरी तीन महीनों की कहानी थी। बायोपिक बनाते समय अक्सर ऐसा होता है कि इसमें कई किस्सों और हाइलाइट्स की एक शृंखला होती है। यह एक पावरपॉइंट प्रस्तुति है; यह सिनेमा नहीं है।”
अभिनेता प्रतीक गांधी, जिन्होंने ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ (2020) शृंखला में शीर्षक चरित्र निभाया, कहते हैं, “बायोपिक कभी-कभी काम नहीं करतीं क्योंकि कहानीकार के रूप में, यदि आप चरित्र के बजाय घटनाओं में फंस जाते हैं, तो आपका पूरा ध्यान जान-बूझकर या अनजाने में कथानक के बारे में हो जाता है। आप मुझे मानवीय भावनाओं से दूर ले जाते हैं।”
‘अच्छे’ किरदारों का आरोप!
कभी-कभी बायोपिक नकारात्मक किरदारों को भी चुनती है। बल्कि नकारात्मक कहानियों को उन फ़िल्म निर्माताओं के बीच ख़रीदार मिल गये, जो अपनी कहानियां या अपनी अंदरूनी कहानियां बताना चाहते थे। “बैंडिट क्वीन” से लेकर “वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई” और “वीरप्पन” से लेकर “हसीना” तक, कई ऐसे पात्र हैं, जिन्हें स्क्रीन पर चित्रित किया गया है। ऐसी शुरूआती फ़िल्मों में से एक विनय शुक्ला की “गॉडमदर” है, जो गुजरात की असली लेडी डॉन से नेता बनी महिला के जीवन पर आधारित है।
पिछले कुछ समय में, बायोपिक का फ़ोकस मुंबई अंडरवर्ल्ड पर रहा। शृंखला में नवीनतम अपूर्व लाखिया की “हसीना” (2017) है, जो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पार्कर के जीवन पर आधारित है। उसी लीग में अर्जुन रामपाल आशिम अहलूवालिया की “डैडी” (2017) में गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की भूमिका निभाते दिखे। लेकिन फिर भी यह ख़ास सेगमेंट उतना नहीं चला, जितना स्पोर्ट्स ड्रामा।
इसी संदर्भ में देखा जाये तो सबसे अधिक बायोपिक्स दाऊद इब्राहिम पर बनी हैं। इन्हें शैडो बायोपिक भी कहा जा सकता है क्यूँकि वो हर गैंगस्टर फ़िल्म में अपने रियल किरदार के तौर पर मौजूद दिखा।
जीवित व्यक्ति पर बायोपिक?
इस बहस को दो तौर पर देखा जाता है। पहला, क्या उस जीवित व्यक्ति का बायोपिक बनाने में निहित स्वार्थ छिपा है? और दूसरा, वह कहानी क्यूँ कही जाये जो अभी ख़त्म या पूरी नहीं हुई?
धोनी की बायोपिक की आलोचना चरित्रों में गहराई की कमी के लिए की गयी थी क्योंकि उन्होंने केवल सुंदर पक्ष को ही दिखाया। फ़िल्म समीक्षक आदित्य श्रीकृष्ण ने लिखा, “यह फ़िल्म धोनी के बारे में लगभग सब कुछ अच्छा बताती है। इसमें चेन्नई सुपर किंग्स या क्लब को हिला देने वाले घोटाले का ज़िक्र तक नहीं किया गया, जिसकी वजह से तीन साल का प्रतिबंध लगा था। लेकिन एक फ़िल्म की शक्ल में, यह धोनी को एक व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत करने का अद्भुत काम करती है।”
पॉलिटिकल माहौल मायने रखता है?
ठाकरे (2019), उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक (2019), या हाल ही, स्वातंत्र्य वीर सावरकर (2024), आर्टिकल 370 (2024), कश्मीर फ़ाइल्स (2022), केरल स्टोरी (2023), इमरजेंसी (2025) और मैं अटल हूँ (2024) जैसी बॉलीवुड फ़िल्में, जो भारत में राज्य या आम चुनावों आस-पास रिलीज़ हुईं, और एक सियासी लहर को समेटे हुई थीं। हालांकि इन्हें इत्तेफ़ाक मानकर नज़रअंदाज़ करना समझदारी हो सकती है, लेकिन ऐसा होने की संभावना बहुत कम है। सीधे शब्दों में कहें तो, बायोपिक बनाना अक्सर देश के पॉलिटिकल माहौल से जुड़ा होता है।

ये फ़िल्में न सिर्फ़ चुने हुए पॉलिटिकल एजेंडा को आगे बढ़ाती हैं, बल्कि ‘पवित्र’ भी हैं। वे पॉलिटिकल हस्तियों, आर्मी के लोगों और खिलाड़ियों की ज़िंदगी को लार्जर दैन लाइफ़ दिखाने की कोशिश करती हैं, उन्हें ‘देशभक्त’ या ‘निस्वार्थ हीरो’ बताती हैं। द हिंदू में यामी गौतम स्टारर आर्टिकल 370 के रिव्यू की शुरूआती लाइनें कहती हैं, “चुनावी साल में रिलीज़ हुई आदित्य सुहास जांभाले की फ़िल्म सत्ताधारी सरकार के तय किये गये पॉलिटिकल नैरेटिव के हिसाब से ऐतिहासिक घटनाओं का फ़ायदा उठाती है। मैं हूँ अटल और सावरकर की बायोपिक जैसी फ़िल्मों में वास्तविक ज़िंदगी की कुछ घटनाओं को आसानी से हटा दिया गया। जब फ़िल्में उन मूल्यों को ख़त्म करने की कोशिश करती हैं जिन पर देश बना है और इसके बजाय नफ़रत फैलाती हैं, तो यह मायने रखता है।”
इसके अलावा, राजनीतिक माहौल उन फ़िल्मों की रिलीज़ के दौरान स्पष्ट हो जाता है, जिन्हें सत्ता-विरोधी माना जाता है या जो सत्ता में बैठे लोगों के साथ तालमेल नहीं बैठा पाती हैं। ये हालात अक्सर ऐसी फ़िल्मों की सफलता को सीधे प्रभावित करते हैं। उदाहरण के लिए एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल पर बनी दीपिका पादुकोण-स्टारर छपाक (2020) की रिलीज़ से पहले दीपिका तब एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रदर्शनकारियों के बीच दिखी थीं। इसी वजह से फ़िल्म को बहिष्कार झेलना पड़ा।
हाल में, महाराज (2024) एक शक्तिशाली धार्मिक नेता के चित्रण के लिए विवादों में घिर गयी थी, यहां तक कि इसके लिए गुजरात उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश भी प्राप्त हुआ था। अंततः एक और सुनवाई के बाद इसे हरी झंडी मिली।
अब क्या संभव है?
और भी कई शीर्षक हैं, जिन संदर्भों की चर्चा यहां की गयी, उनसे संबंधित अनेक उदाहरण हैं, फिर भी यह तो कहा ही जा सकता है कि एक विशेष कालखंड में बायोपिक का एक फ़ॉर्मूला बनता दिखता है, जो फ़िल्म निर्माण में एक प्रकार की भेड़चाल को भी बढ़ावा देता है। ताज़ा मिसाल के तौर पर हम हनुमान अंश की चर्चा कर सकते हैं।
पूर्व में जॉली एलएलबी जैसी कुछ फ़िल्में हैं, जो सुपरस्टारों के बग़ैर बनकर बड़ी कामयाब हुईं और फिर उन प्रोजेक्ट्स को बड़े स्टार्स ने एक प्रकार से हथिया लिया। इस रोशनी में देखा जाये तो हनुमान अंश किसी बड़े प्रॉडक्शन हाउस की फ़िल्म नहीं थी, एक तरह से बॉलीवुड में आउटसाइडर फ़िल्म की तरह आयी। लेकिन इसकी कामयाबी ने कई रास्ते खोल दिये हैं।
दो प्रश्नों के भीतर प्रबल संभावनाएं दिख रही हैं, जिनसे इनकार नहीं किया जा सकता। एक, जैसे कश्मीर फ़ाइल्स, केरल स्टोरी जैसी एक ख़ास नैरेटिव के साथ बनी फ़िल्मों की लाइन लगती चली गयी, अब क्या धार्मिक गुरुओं की बायोपिक का दौर आने वाला है? और दूसरी बात यह कि क्या बॉलीवुड के पेशेवर फ़िल्म निर्माण घराने इस लहर या इस विचार का अपहरण कर सकते हैं? यानी क्या हनुमान अंश बायोपिक के लिए कोई नया फ़ॉर्मूला साबित हो सकती है?

मानस
विवेक त्रिपाठी उर्फ़ मानस पूर्व बैंककर्मी हैं लेकिन फ़िल्मों के जुनून ने नौकरी छुड़वायी और फ़िल्में बनाने की दिशा में प्रेरित किया। आधा दर्जन शॉर्ट फ़िल्में बना चुके मानस की कुछ फ़िल्मों को फ़ेस्टिवलों में सराहना व पुरस्कार मिले हैं। फ़िल्म लेखन व निर्देशन के अलावा मानस का एक कहानी संग्रह 'बालकनी' प्रकाशित है। इन दिनों वह पूरी लंबाई की फ़िल्म के निर्माण के लिए संघर्षरत हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky

1 comment on “भाग मिल्खा भाग और बायोपिक उद्योग”