us bahar ka intezar, उस बहार का इन्तज़ार, urmila shirish book
पुस्तक चर्चा ईशिता आर. गिरीश की कलम से....

आपने पढ़ी 'उस बहार का इन्तज़ार'?

            कहानी संग्रह ‘उस बहार का इन्तज़ार’ की प्रति हाथ में लेते ही, सर्वप्रथम मुखपृष्ठ को देखा और कुछ पल देखती ही रही! जादुई रंग लिये कहीं टिक जाने का उपक्रम करतीं जड़ें, मानो ‘उस बहार का इन्तज़ार’ ही कर रही हैं! और फिर, संग्रह की हर कहानी में मुझे इसी तरह का एक इन्तज़ार दिखने लगा, कहीं रिश्तों के अभाव से उपजा अकेलापन चुक जाने का, कहीं अपनी अस्मिता को वापिस पा जाने का, कहीं किसी अंधी दौड़ के थमते ही वहाँ से लौट आने का! जीवन में विभिन्न तरह से बरपी घुटन से आज़ाद हो जाने का इन्तज़ार मुझे इस संग्रह की सभी कहानियों में किसी न किसी रूप में दिखाई देता रहा।

हर दिन आस-पास सैकड़ों घटनाएँ, यूँ तो मानव चेतना पर हर समय सीधा प्रभाव डालती दिखती नहीं! परन्तु यदि कोई संवेदनशील लेखक इन घटित होते दृश्यों को देख रहा होता है, उसके लिए कोई भी दृश्य, कोई भी घटना साधारण नहीं होती! बहुत स्वभाविक रूप से ऐसा सजग लेखक, उन घटनाओं के उन पात्रों के मानस तक स्वतः ही पहुँच जाता है, उनके जीवन को भीतर से देखने लगता है! वह सामने नहीं घटते दृश्यों का भी सृजन कर पाता है!

वागीश्वरी पुरस्कार प्राप्त, वरिष्ठ लेखिका उर्मिला शिरीष ऐसी ही एक संवेदनशील और सजग लेखिका हैं, जिनके आस-पास लगातार बारिश की तरह कहानियाँ झरती रहती होंगी! या यूँ कहूँ कि उनके पास वह ख़ास दृष्टि है, जो इन लगातार झरती हुई कहानियों को देख पाती है!

सरल, सहज प्रेषित हो जाने वाली भाषा में लिखी ये कहानियाँ कुछ इस तरह गुनी गयी हैं कि कहीं कोई उपदेश नहीं देतीं, बस पाठक को उस खिड़की तक पहुँचा देती हैं, जहाँ से अनदेखा भी साफ़-साफ़ दिखने लगे… कुछ इस तरह कि पाठक उस घटित को देखकर अपनी एक राय बना पाने में सक्षम हो!

किसी भी लेखन को अपने लक्षित पाठक तक अपनी बात पहुँचाने के लिए बहुत ज़रूरी हो जाता है, किसी वर्ग विशेष की शब्दावली और भाषा का चुनाव इस तरह करना कि जहाँ तक कुछ नैतिक संदेश पहुँचाकर परिवर्तन की अपेक्षा है, वहाँ तक संदेश पहुँचे, प्रेषित हो और लक्षित उस समाज में किसी विचार को उकसाने में रचना सक्षम हो। कहानियाँ पढ़ते हुए मुझे लगता रहा कि लेखिका उर्मिला शिरीष जी ने इस बात का सायास ध्यान रखा है!

us bahar ka intezar, उस बहार का इन्तज़ार, urmila shirish book

पहली ही कहानी, ‘चींटियों की रेस’ में ही यह बात दिखायी पड़ने लगती है। चरित्र अपनी कमियों, कमज़ोरियों और अपनी ताक़त के साथ, जस के तस पाठक के सामने आते हैं, कुछ इस तरह कि पाठक को उनकी व्यावहारिक जटिलताओं का अवलोकन करने का पूरा अवसर देते हुए ये चरित्र, मानव व्यवहार पर ही प्रश्न उठाने लगते हैं।

कहानी, ‘बिंजो, माई फ्रेंड’ एक अकेले पड़ चुके वृद्ध का अपने कुत्ते से मार्मिक संवाद है। भारतीय परिवेश में वृद्धों का यह अकेलापन आम तौर पर, बदलते जीवन मूल्यों में गिरावट की तरह इसलिए भी देखा जाता है, कि बस एक ही पीढ़ी पहले बड़ों की सत्तात्मक प्रवृत्ति और अधिकार को जीवन मूल्य की तरह देख रहा समाज आज के समय में अपनी इस अपेक्षा को पूरा न होते देखता, इसे नयी पीढ़ी के मूल्यों में पतन की तरह ही देखने लगता है। कारण यह भी है कि हमारे समाज में इन दो पीढ़ियों के जीवन मूल्यों अन्तर बहुत अधिक है।

वहीं संग्रह की शीर्षक कहानी, ‘उस बहार का इन्तज़ार’ में भी अकेले पड़ जाते प्रौढ़ को देखकर हम द्रवित होते तो हैं, लेकिन सुदूर उस समाज में हम इसे नैतिकता के पतन की तरह न देख, उसे उस समाज की तथ्यात्मकता के रूप में और रिश्तों के प्रति नायक के उपेक्षा करते व्यवहार को नोटिस करते देखते हैं! कहानी प्रश्न उठाती है कि भारतीय परिवेश की कहानी के नायक के रिश्तों की उपेक्षा करते व्यवहार को हम स्मिथ के व्यक्तित्व के बरअक्स रखते, समझ पा रहे हैं या नहीं!

बिंजो की कहानी, रिश्तों के प्रति कर्तव्यों की याद भी दिलाती है- क्या मुकुल ने साक्षी की, पद्मा या उसकी बेटी की या अपनी ही बेटी निकिता की ज़रूरतों को समझा? वह बिल्कुल ‘उस बहार का इन्तज़ार’ के स्मिथ की तरह अकेला है पर उसकी तरह अपने व्यवहार का अवलोकन नहीं कर पाता।

संग्रह में हर कहानी एक नये रंग-एक नये स्वाद की कहानी है। ‘नाच कठपुतली’, कॉरपोरेट की कार्यशैली और वहाँ होते कर्मचारियों के दोहन की बात करती कहानी है। नायिका एक साथ-कॉर्पोरेट सिस्टम की सतायी हुई और पारिवारिक मूल्यों के आगे अपनी पहचान खो चुकी पचास वर्ष की वयस्क है, अंततः सशक्त खड़ी नज़र आती है।

साधारण दिखती घटनाओं के भीतर घुस पाने का जो हुनर एक कहानीकार में होता है, वह उसके ‘कितना भीतर तक घुस पाता है’ की क्षमता के अनुसार ही कहानी की परतें भी तय करता है, और कहानी की श्रेष्ठता भी। बाहर से चमचमाती दिखती दुनिया के भीतर के तथ्यों को पहचानती कहानी है- ‘हरा पत्ता’! भारतीय मध्यवर्गीय परिवारों के बच्चों को विदेश भेज देने के चलन के चलते उस व्यूह में फँसे माता-पिता बहुधा अपने बच्चों को स्टेटस सिंबल की तरह प्रयोग करने लगते हैं! प्रस्तुत कहानी में पिता अचानक अपनी जड़ों की ओर वापिस खिंचता है, पत्नी को भी उस ओर चलने को बाध्य करता दिखता है। अंतिम क्षणों में कहानी एक नये विमर्श की ओर मुड़ जाती है।

कहानी, ‘मन्दिर और कुआँ’, थोड़ा-थोड़ा उकसाकर छोड़ देती कहानी है, कुछ यूँ कि इससे हटते ही पाठक, कुछ और गहरे सोचना शुरू कर दे। ‘मन्दिर और कुआँ’ और ‘हरा पत्ता’ ये दोनों ही कहानियाँ, अंधी दौड़ के दुष्परिणामों को समझकर वापस आने की कहानियाँ हैं।

सत्ता के नशे और उस पर किसी लत की तरह की निर्भरता की बात करती, राजनीति की बात कहती कहानी- ‘पराजय के समीकरण’ है यहाँ! वहीं, ‘पीपल का पेड़’ एक बेहद मार्मिक कहानी है। मृत्यु शैया पर लेटे व्यक्ति की परिवार और विशेष रूप से पत्नी को लेकर चिंताएँ, उसके अंतिम दिनों में लिखी डायरी में मिलती हैं। मृत्यु के क़रीब तीन महीने बाद इस डायरी का मिलना बहुत भावुक करता है, और यह भी कि पत्नी के लिए किस तरह से यह पुरुष जीवन-यापन के इन्तज़ाम कर गया है। बहुत अच्छा लगता है, जब अंत में एक निर्णय लेती महिला दिखायी पड़ती है।

‘विदा होती बेटियों की माँ’, एक पुरानी व्यवस्था की ओर इशारा करती कहानी है, जहाँ बहुत स्वाभाविक रूप से माँ, मेहमान बनकर आयी बेटी के लौट जाने पर भावुक होने लगती है। यूँ तो हर संतान माँ के लिए उसके होने का ज़रूरी हिस्सा होती है- पर समाज के कितने ही वर्गों में अभी तक चली आ रही व्यवस्था में, जहाँ एक माँ को अपनी विवाहित बेटी की ख़ुशी और स्वतंत्रता का भरोसा नहीं होता, और पुत्र को स्वतंत्र किसी ओर निकल जाने की आवश्यकता न समझने के कारण, उसके अपने सामने बने रहने का भरोसा बना रहता है। एक माँ के लिए बेटी से बिछड़ने और बेटे से बिछड़ने की भावना का भिन्न होना, समाज के दोहरे मापदंडों की मानसिकता की ओर एक बहुत ही हल्का इशारा है। इसे सम्भवतः और मुखर होने की आवश्यकता है।

‘लड़कियों की हँसी’, एक मज़बूत कहानी है। स्त्री अस्मिता की बात कहती, अपने समय से बहुत आगे चल रहीं एक परदादी और एक दादी है यहाँ और अपने समय से बहुत पीछे छूट गयी एक माँ और बिल्कुल अपने समय में ठहरी हुईं, तीन बेटियां! ज़रूर पढ़ी जानी चाहिए, यह कहानी!

इसी तरह, ‘ऑन स्क्रीन’ एक नये और बेहद गम्भीर विमर्श की कहानी है। संकलन की कई अन्य कहानियों में जो विमर्श, हल्का-सा छू रहा नज़र आता है, यहाँ बहुत वाचाल लगता है। व्यक्तिगत रूप से मुझे इसका वाचाल होना भाता है। पूरी कहानी में, एक व्यक्ति का दूसरे की निजता का बिलकुल भी सम्मान न करना, डिस्टर्ब करने की हद तक दिखायी पड़ता है। विमर्श यह कि न केवल लड़के के परिवार को, बल्कि लड़की के माता-पिता को भी मंगेतर के उनकी बेटी के जीवन पर अति नियंत्रण रखने के अधिकार, अनुचित क्यों नहीं लग रहे? आज के समय में विवाह से भाग रही नयी पीढ़ी ग़लत कहाँ है!

शीर्षक कहानी, ‘उस बहार का इन्तज़ार’, हमारी उस मानसिकता की ओर इशारा करती है, जहाँ हम अपनी सामाजिक सोच से बाहर, अन्य किसी व्यवहार को विकसित-विस्तृत दृष्टिकोण से नहीं देख पाते। इस तरह हम कई स्वस्थ रिश्तों के होने पर ही प्रश्न लगा रहने देते हैं। साथ ही, यह कहानी दो अलग-अलग समुदायों/संस्कृतियों में एक ही परिस्थिति में रह रहे दो लोगों के प्रति हमारे दोहरे दृष्टिकोण की बात करती भी दिखायी पड़ती है, यदि हम इसकी तुलना, कहानी, ‘बिंजो, माई फ्रेंड’ से कर पाने में सक्षम होते हैं।

कुल मिलाकर वाणी प्रकाशन से प्रकाशित, इतनी विविधता लिये ग्यारह कहानियों का यह गुलदस्ता, पाठक को हाथ पकड़ कर, अलग-अलग खिड़कियों से जीवन के अलग-अलग स्वरूपों को देख पाने में, सक्षम बनाता है। उर्मिला शिरीष जी का यह नया कहानी संग्रह, निःसन्देह पठनीय है और घरेलू लाइब्रेरी का हिस्सा बनने योग्य!

इशिता राजन, ishita rajan

ईशिता आर. गिरीश

घर में साहित्यिक वातावरण के चलते बचपन में पास-पड़ोस के बच्चों को इकट्ठा कर कहानी रचने और कहने में विशेष रुचि व कहानियां पढ़ने का चस्का रहा। 8 वर्ष की उम्र में पहली कविता, 'आग की चिंगारियों पर'। कॉलेज के दिनों में कविता को नया मोड़, 1987 के बाद फिर से कहानी रचने की ओर रुजहान। कुछ पत्रिकाओं के लिए अंग्रेज़ी से हिन्दी अनुवाद किये, पुस्तक समीक्षाएँ भी। स्केच बनाने में रुचि! तैलचित्र और फ़ैब्रिक आर्ट भी बनाती हैं। एक कविता संग्रह व एक कथा संग्रह प्रकाशित है। कुछ किताबें प्रकाशनाधीन। इन दिनों कुल्लू में अवर लेडी ऑफ़ द स्नोज़ स्कूल में अध्यापन से सेवानिवृत होकर लेखन, सामाजिक कार्य और चित्रकला में संलग्न! संपर्क- 9816970519

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!