विवेक मेहता, vivek mehta
कुछ कहानियाँ थकान, चिंता, उलझनें सब तरह की मानसिक सलवटें दूर कर चैन देती हैं, विश्रांति देती हैं, किन्तु कुछ कहानियाँ जागरण देती हैं। उनमें कड़वी सच्चाई होती है तो उनसे रूठा जा सकता है परन्तु ख़ुद को संभालने संवारने को प्रेरित भी करती हैं। कथाकार विवेक मेहता की यह कहानी बहुत पाठकों को आदमक़द आईने के सामने खड़े होने की अनुभूति दे सकती है। (-शशि खरे: संपादक-कथा प्रस्तुति)

मायके से लौटती औरतें: विवेक मेहता लिखित कहानी

             तनाव, थकान के कारण सरोज सोचते-सोचते आंखें बंद कर कब कुर्सी पर ही सो गयी थी, मालूम ही नहीं पड़ा। शोर से उसकी नींद खुल गयी। चौंककर, डरकर उसने पलंग की ओर देखा। ड्रिप चालू थी। मशीन-बीपी, पल्स, ऑक्सीजन सब बराबर दिखा रही थी। पिताजी सो रहे थे। हां, चेहरे पर पीड़ा ज़रूर झलक रही थी।

वह आज सवेरे ही लंबे सफर के बाद यहां पहुंची। उसके घर से यहां के लिए कोई सीधी फ्लाइट भी तो नहीं है। रेल या बस से यात्रा करो, एक बार बीच में उन्हें बदलना ही पड़ता है। लम्बी यात्रा में थकान तो आ ही जाती है। इस बार 20-25 दिन में पापा फिर अस्पताल में भर्ती करवाने की स्थिति में आ गये। ऊपर से इस बार की परेशानी, बीमारी के अलावा अलग ही स्तर की भी थी। वह बहुत धार्मिक चाहे न रही हो पर घर के सब लोग तो धार्मिक, संस्कारी हैं। स्थानक जाना। वहां साधु-संत हो तो उनके लिए सवेरे उठकर धोवन पानी तैयार रखना। गोचरी के लिए आये तो असूझते वातावरण के कारण वे वापस न चले जाएं, इस बात का ध्यान रखना। समय पर खाना तैयार हो जाये ताकि रात न पड़े और तपती धूप में नंगे पैर आये संत बिना गोचरी के घर से लौट न जाएं। पापा समाज और धर्म के कामों में आगेचारी रहे। वही न जाने कैसे अधर्मी निकल गयी! रात को खाने वाली। बिना प्याज़-लहसुन के सब्ज़ी का उसे स्वाद ही नहीं आता। ऐसा नहीं कि वही ऐसी है। भाई और उनके बच्चे भी यही सब करते और खाते हैं। हां, यह बात और है कि चातुर्मास और पर्यूषण के दौरान वे नियमित व्याख्यान में जाते। प्रतिक्रमण करते। हरी सब्ज़ी, जमीकंद खाना बंद कर देते हैं। संभव हुआ तो कभी-कभार उपवास भी रख लेते। बेला, तेला या अठ्ठाई तक कर लेते। उससे तो एकाशना भी मुश्किल से होता। इन बातों को सोचते हुए ही उसे नींद आ गयी थी।

शोर और कमरे में हो रही हलचल के चलते जब नींद खुल गयी तो पहले उसने पापा और फिर मशीन की ओर देखा। जिला स्तर का शहर और स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर स्थिति शून्य-सी। शहर के लोग शायद ख़र्च करने की स्थिति में अभी आये नहीं। कहने को तो यह आईसीयू है मगर इसे सेमी स्पेशल जनरल वार्ड समझा जा सकता है। मशीनें, आपातकालीन दवाएं, ऑक्सीजन सप्लाई के लिए दीवार में पाइप और पेशेंट के लिए तीन पलंग। बीच में पर्दे लगाकर प्राइवेसी मेंटेन करने की असफल कोशिश। वैसे जिसकी इच्छा हो वह मुंह उठाये कमरे में चला आता है।

आवाज़ें पास के पलंग से आ रही थीं। पर्दा हटा हुआ था। सरोज ने देखा परेशान-सी पलंग पर एक अम्मा सोयी हुई थीं। उनके मुंह पर ऑक्सीजन का मास्क। हाथ में ड्रिप और शरीर पर कई वायर लगे हुए। बेचैनी या परेशानी के कारण वह मुंह पर लगे मास्क को निकालने का बार-बार प्रयास कर रही थी। उसकी हम-उम्र की एक महिला और 20-22 साल का लड़का अम्मा को ऐसा करने से रोक रहे थे। उसने उनकी परेशानी को देखा तो लड़के से कहा- “स्टाफ़ को बुला लो।”

“बुलाया था। वे लोग यह सब लगाकर चले गये। उन्होंने ही कहा कि ध्यान रखना नलियां हटाएं नहीं।” उसकी हम-उम्र महिला ने जवाब दिया।

रहन-सहन से वह गांव की लग रही थी। सरोज अपनी कुर्सी से उठी। उन बुड्ढी अम्मा के बिस्तर के पास जाकर बोली- “अम्मा जल्दी ठीक होना है ना, तो फिर ऐसे नहीं करते।”

“कौन? दाग्दर साहब?” अम्मा ने सवाल किया।

वह कुछ बोलती इसके पहले ही अम्मा के साथ आयी महिला ने अम्मा के सिर पर हाथ घुमाते हुए कहा- “हां मां, डॉक्टर साहिबा आयी हैं। इनकी बात सुनो और मानो।”

“ऐसा नहीं करते अम्माजी। जल्दी ठीक होना है ना तो फिर इलाज होने दो।” उसने समझाने का प्रयास किया।

उसी पल से वह डॉक्टर बन गयी अम्मा के लिए। चंद मिनटों में अम्मा सो गयी। निश्चिन्त होने के लिए आश्वस्ति ही चाहती थीं। पर्दा उनके चारों ओर खींचकर एक झिर्री रखी ताकि उन्हें देख सकें, वह महिला अपने लड़के से बोली- “मुकेश्या, तू बाहर जाकर सो जा। कल भी भाग-दौड़ करना पड़ेगी। ज़रूरत पड़ेगी तो मैं उठा दूंगी।” लड़का बिना बोले बाहर चला गया।

लौटते समय सरोज की नज़र तीसरे पलंग की ओर चली गयी। वहां महिला सोयी हुई थी। नीचे फ़र्श पर दरी बिछाये एक लड़की सो रही थी। सरोज वापस पापा के पलंग के पास आ गयी। पर्दा हटाकर पापा को देखा। ड्रिप पूरी होने को आयी थी। उसने इंतज़ार किया। दवा समाप्त होने पर उसने दवा का फ़्लो बंद कर नर्सिंग स्टाफ़ को बुलाना उचित समझा।

गलियारे में यहां-वहां आड़े-तिरछे लोग सो रहे थे। स्पेशल रूम के दरवाज़े बंद थे। जनरल वार्ड में भी शांति थी। भाई एक बेंच पर सोया था। सिमटा, सिकुड़ा-सा। काश चद्दर साथ होती तो उसे ओढ़ा देती, उसने सोचा। रिसेप्शन टेबल पर नर्सिंग स्टाफ़ खर्राटे ले रहा था। मरीज़ तो आते हैं, जाते हैं- कुछ घर, तो कुछ ऊपर। उनके लिए तो रोज़ का काम है। ख़ुद को ज़िंदा रहने के लिए नींद भी ज़रूरी होती है। सरोज ने टेबल पर ठक-ठक कर आवाज़ लगायी तो वह उठा। सरोज ने स्थिति बतायी। वह साथ चल दिया। बोतल हटाकर वह लौट गया। सरोज ने कमरे में निगाहें घुमायीं। पापा सो रहे थे। अम्मा के खर्राटे गूंज रहे थे। अम्मा के साथ आयी महिला भी बिना कुछ बिछाये ज़मीन पर सो गयी थी।

सरोज अपनी कुर्सी पर बैठ गयी। पानी की बोतल उठाकर दो घूंट पानी पिया। पापा की ओर देखा। कितना प्यार करते हैं उससे। छोटी थी तो साइकिल पर बिठाकर बाज़ार ले जाते। खिलौने दिलाते। एक बार पीछे स्टेंड पर बैठे मस्ती करते बीच बाज़ार में साइकिल के पहिये में उसका पांव आ गया था। एड़ी की चमड़ी छिल गयी थी। मांस बाहर झांकने लगा तो कितने परेशान हो गये थे पापा! कितने दिनों तक ड्रेसिंग के लिए उसे उठाकर ले जाते थे। वही पापा अब बार-बार, जल्दी बीमार हो रहे। डॉक्टर उम्र का असर बताते हैं। अभी थोड़े दिन पहले ही उसने पापा का हाल जानने सवेरे 10 बजे के आस-पास फ़ोन किया था। रिंग जाती रही किसी ने नहीं उठाया। चिंता के मारे उसने थोड़ी देर बाद फिर से कॉल लगायी। इस बार भाभी ने उठाया। उसने पूछा- “क्या बात है कोई फ़ोन क्यों नहीं उठा रहा?”

“आप भी कैसी अज्ञानी हो दीदी! जानते नहीं यह मारासा’ब की गोचरी का समय है।” सामने से उत्तर मिला।

उसे बुरा लगा था। पापा की तबीयत के बारे में जानकारी लेकर उसने फ़ोन रख दिया। असूझते का बहुत ध्यान रखना पड़ता है। फ़ोन हाथ में हो, फ़र्श गीला हो, फ़्रिज में से सामान निकाल रहे हों या आप यह कह दो कि खाना उनके लिए भी बनाया है तो संत या संतियां बिना गोचरी लिये लौट जाते हैं-वह जानती थी। पर उस समय वे वहां गोचरी के लिए आये होंगे उसे कैसे मालूम होता? वह तो सरोज है, महाभारत की संजय थोड़ी है। ग़ुस्से में उसने तय किया था भाड़ में जाये सब, अब फ़ोन नहीं करूंगी। पापा के स्वास्थ्य की चिंता रहती इसलिए जानकारी पाने के लिए अपने संकल्प को भूलकर फिर फ़ोन लगा देती। इस बार भाई का फ़ोन आया- “पापा को सांस लेने में तकलीफ़ हो रही है। कफ़ छाती में जम गया। उसकी आवाज़ें भी आती हैं। तू आ जा। मुझसे नहीं संभल रहा।”

छोटा भाई। बाप-बेटों के रिश्ते आज की पीढ़ी की तरह दोस्ताना और खुले नहीं रहे। आदर, सम्मान के चलते लगाव होते हुए भी आपस में बात कम ही होती। और बात नहीं होगी तो दूरियां तो रहेंगी ही। पापा अक्सर मां या उसके सामने भाई को कोसते रहते- “जाने क्या करता रहता है नालायक़, बताता ही नहीं। आने-जाने का भी कोई ठौर-ठिकाना नहीं। क्या कमाएगा क्या खाएगा भगवान जाने!” और जब कभी भाई रात दस बजे तक घर नहीं आता तो चिंता करते हुए मां से कहते- “फ़ोन तो लगा। पूछ, कब तक आएगा?”

भाई का फ़ोन आते ही वह निकल पड़ी थी। घर पहुंची तो परिचितों, रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी। आंख बंद किये बिस्तर पर सो रहे पापा से लिपट गयी वह। वे निस्तेज, बैचेन और कमज़ोर दिखायी दे रहे थे। हड्डियों का ढांचा भर। भीड़ में से कोई बोला- “अब तो सरोज भी आ गयी। ‘संथारा’ के पच्चकाण कराने मारासा’ब को बुला लें?”

“हां, परभव भी सुधर जाएगा। जन्म-मरण के चक्कर से मुक्ति मिल जाएगी।” पापा के चचेरे भाई ने कहा।

वह अचम्भित रह गयी। तो इसीलिए ही भाई फ़ोन पर बोल रहा था- मुझसे नहीं संभल रहा। एक मरते हुए आदमी से, जो होश में भी नहीं उससे ऐसे छुटकारा पाना चाहते हैं लोग।

अचानक न जाने कहां से उसमें हिम्मत आ गयी। उसने कहा- “मुझे संथारे से समस्या नहीं है। पापा अपने होश-हवास में ख़ुद पचख लें तो। और होश-ओ-हवास में लाने के लिए तो इन्हें फ़िलहाल अस्पताल ले जाना पड़ेगा। अभी। भाई, उसकी व्यवस्था करो।”

उसने भाई की ओर देखा। भाई ने राहत की सांस ली और चला गया। अन्य लोग भी कमरे से बाहर निकल गये। कई लोग उसकी बात से ख़ुश नहीं थे। बाहर के कमरे में गुनगुनाहट हो रही थी। उसने ध्यान नहीं दिया। वह चलने को हुई कि उसे हाथों में पकड़ महसूस हुई। पापा ने इस दौरान न जाने कब उसकी हथेली अपने हाथ में ले ली थी। जितना ज़ोर लगाकर वे पकड़ सकते थे उन्होंने पकड़ा हुआ था। वह ख़ुश हो गयी। पापा ने उसकी बात पर मोहर लगा दी हो जैसे। अपने दूसरे हाथ से उनके ललाट पर प्यार भरा हाथ फेरा। फिर उसने उनकी हथेली पर हाथ से थपकी दी। अस्पताल पहुंचने की जल्दी थी। उसने अपनी उंगलियों से उनके हाथ की पकड़ को ढीला किया। पापा के अंगूठे पर स्टाम्प पेड वाली नीली स्याही की धुंधली-सी झलक दिखलायी दी। यानि वसीयत का काम भी हो चुका था। धन की उसे कोई लालसा नहीं थी। मरने की होने वाली पूर्व तैयारियों पर वह मन ही मन हंस दी। इन यादों के बीच फिर न जाने कब नींद ने उसे अपनी आग़ोश में ले लिया।

सवेरे उसकी नींद खुली तो कमरे में हलचल चालू हो गयी थी। अम्मा को कुछ परेशानी हो गयी थी। डॉक्टर, स्टाफ़ सब भाग-दौड़ में लगे हुए थे। भाई के बच्चे और मां अस्पताल पहुंच गये थे। उसे भी फ़्रेश होना था। वह भाई के साथ घर चली गयी।

दिन में वह अस्पताल आयी। देखा, पापा अब ठीक से सांस ले पा रहे थे। मशीन से कफ़ खींचने के बाद अब आराम था। ड्रिप चढ़ी हुई थी। उसने पापा को हंसाने की कोशिश की। बाजू के पलंग पर अम्मा भी सो रही थी। शायद उन्हें भी अब आराम था। उनके पास वाले पलंग पर दुबली-पतली भावहीन आंखें और सिलवट भरे चेहरे के साथ महिला लेटी थी। कल जो लड़की फ़र्श पर सोयी हुई थी अब पलंग पर बैठी उन्हें कुछ खिला रही थी। उसे देखकर मुस्कुराकर बोली- “नमस्ते, डॉक्टर दीदी।”

“अरे, मैं कहां डॉक्टर हूं।”- उसने हंसकर कहा।

“मैंने देखा था रात को। चलो इसी विश्वास के कारण अम्मा चुपचाप सो तो गयी।” उसने बीच वाले पलंग की ओर देखते हुए कहा। फिर तो बातों का सिलसिला चल पड़ा। उसका नाम रश्मि था। पलंग पर लेटी औरत विधवा थी। शिक्षिका की नौकरी करने के बाद रिटायर्ड हो चुकी थी। बच्चे नहीं थे इसलिए रश्मि को गोद ले लिया था। अब उम्र के साथ अल्ज़ाइमर, डिमेंशिया से पीड़ित थी। ऊपर से बुख़ार आने लगा, जो उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था। डॉक्टर का कहना था इन्फ़ेक्शन हो गया। रश्मि की लव-मैरिज दो महीने पहले ही हुई थी। पति की आईटी कंपनी में ‘ले-आफ़’ का ख़तरा मंडरा रहा था। उसे अकेली ही आना पड़ा।

“मां जी को तो याद नहीं रहता फिर घर के काम और उनकी देखभाल कौन करता है?” सरोज के मन में सवाल उठा तो उसने पूछ लिया।

“एक महिला है जिसे मैं चाची कहती हूं। वे पहले घरों में काम करती थी। उनका भी कोई नहीं है। वे ही मां के साथ रहती हैं। देखभाल करती हैं। डॉक्टर ने कहा मां अब ठीक हो रही हैं। आजकल में छुट्टी मिल जाएगी। सुनकर चाची भगवान को प्रसाद चढ़ाने गयी हैं। उनका सहारा मां ही तो हैं।” रश्मि उत्तर देते-देते दरवाज़े की ओर देखती हुई बोली- “आओ, मंगली जीजी। खाना हो गया?”

“हां, मुकेश ढाबे से पूरी-सब्ज़ी ले आया था। हम दोनों मां-बेटों ने खा लिया।” उस औरत ने उत्तर दिया जो अम्मा के साथ आयी थी। जिसने सरोज को डॉक्टर बना दिया था।

तीन औरतें मिल जाएं तो फिर तो बातें ही कहां ख़त्म होनी थीं। तीनों मरीज़ों का स्वास्थ्य सुधार पर था। ज़्यादा परेशानी भी नहीं थी। पापा भी अब उसे देखकर हंस बोल लेते थे। अम्मा भी आशीर्वाद से नहला देती। जब भी समय मिलता वे एक दूसरे से सुख-दुख साझा कर लेती। बातों ही बातों में सरोज ने मंगली से पूछा- “क्या तुम अम्मा की इकलौती हो?”

“नहीं, एक भाई और है। यहीं इसी शहर में रहते हैं। कल शाम को हाल-चाल लेने आये थे।”

“तो फिर देखभाल तो तुम अकेली कर रही हो, खाना भी तुम लोगों का ढाबे से आता है?”

“क्या फायदा कीचड़ में पत्थर फेंकने से, अपने ही कपड़े गंदे होंगे।”

बातों-बातों में मंगली ने बताया कि अम्मा पास के गांव में रहती है। खेती-बाड़ी है उनकी। भाई पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर है। यहीं शहर में मकान बना लिया। कभी-कभार गांव चले जाते हैं। फसलों का हिसाब ले लेते हैं। उसका ससुराल गांव में ही है। एक-दो दिन में वह मां का हाल-चाल जानने मायके चली जाती। उस दिन भी शाम को गयी थी। मां को सांस लेने में तकलीफ़ हो रही थी। भारीपन भी लग रहा था। घर आकर भाई को फ़ोन कर मां की हालत बतायी। भाभी ने जवाब दिया था- उमर हो गयी है। जीभ पर कन्ट्रोल तो होता नहीं मां से। उटपटांग खा लिया होगा। गैस हो गयी होगी। ठीक हो जाएगी। मन नहीं माना तो रात को मुकेश को फिर से देखने के लिए भेजा। मां पसीने-पसीने हो रही थी। हालत ख़राब लग रही थी। रात को यहां लाकर भर्ती कराया। डॉक्टर ने कहा समय पर आ गये। देर होती तो…

उसने या रश्मि ने भी देर की होती तो… सोचकर वह कांप गयी।

“ऐसा है तो मां को साथ क्यों नहीं रख लेती?” सरोज ने सवाल किया।

“मैं तो रख लूं पर भाभी को लगता है कि मैं ज़मीन-जायदाद के लिए मां की देखभाल कर रही हूं। अपने इंसान को मरने के लिए तो नहीं छोड़ सकते इसलिए अस्पताल लाना पड़ा। मेरे ‘इनको’ लांछन पसंद नहीं। भगवान का दिया बहुत कुछ है। मेहनत, मज़दूरी से ज़िंदगी चल जाती है। तृष्णा रखो तो सारे संसार का धन भी कम पड़ता है।” मंगली बोली।

वह महिला, पापा, अम्मा तीनों लगभग आगे-पीछे ही अस्पताल में भर्ती हुए थे। मौत से लड़ लिये। अब उन्हें छुट्टी मिलने वाली थी। तीनों में से किसी की भी लड़ाई सावित्री से कम नहीं थी।

मृत्यु तक अन्न-जल के त्याग वाली संथारे की प्रक्रिया में रुकावट डालने वाली सरोज का मायके का काम पूरा हो गया था। एक-दो दिन में उसे ससुराल लौट जाना था। समय पर अपनी मां को अस्पताल पहुंचाकर, तीमारदारी कर जान बचाने वाली रश्मि और मंगली को भी अब शीघ्र ससुराल ही लौटना है। सरोज को ख्याल आया। वह मुस्करा दी।

विवेक मेहता, vivek mehta

विवेक मेहता

पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष पद से सेवा-निवृत्त। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। आकाशवाणी से प्रसारित भी। कुछ समाचार-पत्रों के कॉलम किस्से बदरंग कोरोना के संग, 'वेताल कथाएँ, 'बेमतलब की चर्चित रहे। संपर्क: 94272 67470

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!