
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 1
मेरे हिस्से का क़िस्सा... आब-ओ-हवा पर विशेष शृंखला। उम्र और सृजन का यादगार कथानक लिख चुके हस्ताक्षरों की कहानी, उन्हीं की जुबानी। इस बार दास्तान एक फ़नकार की, जिसने समंदर पार किये और अपनी विरासत की ख़िदमत को अपनी ज़िंदगी बनाया। उर्दू अदब और तरक़्क़ीपसंद तहरीक की कहानी में नूर ज़हीर का अफ़साना आपको जानना भी चाहिए और याद भी रखना चाहिए। #उर्दूकीज़मीनें अंक के लिए ख़ुदेजा ख़ान की यह ख़ास प्रस्तुति...
यह है मेरे हिस्से की रोशनाई
सन् 1982 में मास कम्युनिकेशन्स में एम.ए. के बाद दिल्ली से निकलने वाले पैट्रियट समाचार पत्र में रिपोर्टिंग का काम मिल गया था। अरुणा आसफ़ अली यह अख़बार निकाला करती थीं इसलिए काम मिलने के लिए इंटरव्यू बहुत सख़्त था। चूंकि लड़कियां तब तक डेस्क वर्क ही किया करतीं थीं जैसे- प्रूफ़ रीडिंग, करेक्शन, डिस्पैच जैसे काम जबकि अरुणा चाहती थीं कि लड़कियां बाहर निकलें, रिपोर्टिंग भी करें। इसके लिए रात-बेरात भी बाहर निकलना होगा, कैसे करोगी? ये सब सवाल पूछे गये।
यहां काम करने के दो साल के बाद टाइम्स ऑफ़ इंडिया में नौकरी मिली। इसी दौरान ताशकंद से पीएच.डी. के लिए एप्लाई कर दिया और जब मालिक अक्षय कुमार जैन जी से बात की तो उन्होंने कहा कि “बिल्कुल जाना चाहिए”। यूनिवर्सिटी वाले चूंकि आने-जाने का ही ख़र्चा दे रहे थे तो ऐसे में, मेरे लिए वहां रहकर खाने-पीने का इंतज़ाम कैसे होता? यह फ़िक्र वाली बात थी।

वहां एमआईजी फ़्लैट हुआ करते थे; एक सिख फैमिली वहां रहती थी। आंटी सुबह के नाश्ते में पराठे बनाकर दे देती थीं लेकिन दोपहर और रात के खाने के लिए उन्होंने कह दिया कि “आप देख लीजिए”। एक दिन मुझे गुरुद्वारे में लंगर का पता चला और मैं खाना खाकर घर पहुंची और ख़ुशी-ख़ुशी आंटी को बताया कि आज मैंने गुरुद्वारे में खाना खा लिया है। अब आपको मेरे खाने की चिंता करने की ज़रूरत नहीं। इतना सुनते ही आंटी तो आगबबूला हो गयीं, कहने लगीं- “तुम ऐसे कैसे अछूतों के गुरुद्वारे में जाकर खाना खाकर आ गयीं, जाओ जाकर नहाओ, आइन्दा वहां कभी मत जाना”।
कमाल की बात थी! मेरे मुसलमान होने से उन्हें कोई दिक़्क़त नहीं थी लेकिन गुरुद्वारा अछूतों का होने से उनको बहुत परहेज़ था। जबकि नानक साहब तो जात-पात के बहुत ख़िलाफ़ थे। तभी तो सिख धर्म अस्तित्व में आया।
1990 में सोवियत संघ टूटा जबकि सांप्रदायिकता उसके रहते ही वहां दिखायी देने लगी थी। वह 1986 से 1988 तक ताशकंद में रही। वहां की सांप्रदायिकता को भी महसूस किया और 2013 में जब दोबारा वहां गयी और पुराने लोगों से मिली तो पता चला, जनता थोड़ी-सी सांस्कृतिक और धार्मिक स्वतंत्रता ही तो चाहती थी, उसके लिए देश तोड़ने की क्या ज़रूरत थी।
इतिहास की छात्रा रही और पीएच.डी. बुद्धिज़्म पर की। दिल्ली लौटने पर सार्क (South Asian association for regional coordination) में कल्चरल को-ऑर्डिनेटर की भूमिका मिल गयी। पहले को-ऑर्डिनेटर, फिर चीफ़ को-ऑर्डिनेटर। तो नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, पाकिस्तान, मालदीव, श्रीलंका, अफ़ग़ानिस्तान जैसे देशों में कई कल्चरल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने का मौक़ा मिला।
दिल्ली में ही जब काम कर रही थी, तभी से यहां सीपीआई यानि कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ी हुई थी। उसी कार्यालय में अमिताभ दासगुप्ता से मुलाक़ात हुई थी, वही जाने-माने रंगकर्मी। अमिताभ भी सीपीआई के कामों के सिलसिले में आते-जाते थे। दोस्ती पहले प्यार और फिर शादी में बदल गयी। सार्क की सैलरी अच्छी थी। अमिताभ को भी ग्रांट मिलती थी। रंगकर्म से जुड़कर अनुवाद का काम भी किया। थिएटर में मदद भी की और पृथ्वी थिएटर फ़ेस्टिवल में कुछ शो भी किये। सब कुछ ठीक चल रहा था…
लेकिन 2005 में लंग कैंसर से अमिताभ का देहांत हो गया। तब वे बस 52 बरस के थे। बच्चे छोटे थे। ख़ैर, तीनों को पढ़ाया-लिखाया और यूनिवर्सिटी तक पहुंचाया। आज सब अपने-अपने मक़ाम पर हैं। हां, ससुराल पक्ष बंगाली तो था फिर भी, बहुत सहिष्णु और सहृदय था। “सबने दिल से अपनाया; सब सहज भाव से मिलते-जुलते थे। हर त्यौहार घर में मनता था। आज भी जब बंगाल के बारे में देखती-सुनती हूं, तो बहुत हैरान होती हूं।”
दिल्ली में यह हुआ कि कल्चरल को-ऑर्डिनेटर के तौर पर रिटायरमेंट के बाद भी सार्क ने 2 साल और रखा। इसी दौरान सैयद यावर अब्बास से 2009 में मुलाक़ात हुई। यावर साहब बीबीसी लंदन में लंबे वक़्त तक रहे थे। उनका भारत आना-जाना लगा रहता था। एक रिश्ता अपने आप ही बनता चला गया और 2019 में हमने रजिस्टर्ड मैरिज कर ली। तब से यहीं लंदन की निवासी हो गयी हूं।
रोशनाई की एक बूंद..
तो, यह तो हुई ज़िंदगानी के सफ़र को मुख़्तसरन देखने की बात। अब इस कहानी में लिखने की बात रह गयी। मुझे याद है कोई नौ बरस की उम्र थी, जब लिखना शुरू किया। सबसे पहले बाल पत्रिका “पराग” में छपी थी, तब ख़ुशी का आलम क्या था, क्या कहूं! अब तक तो 16 किताबें आ चुकी हैं। कहानियां हैं, उपन्यास हैं, संस्मरण, यात्रा वृत्तांत, अनुवाद, नाटक, और शोध सब कुछ लिखा, छपा। मुझे वह भी याद आता है, जो 1900 से लेकर 1930 के बीच की मुस्लिम महिला कहानीकारों को संकलित करने का काम था, चार खण्डों में पुस्तक तैयार करना बड़ा काम रहा। मैंने बहुत मेहनत की थी और बहुत दिल से यह काम किया।
अब्बा सज्जाद ज़हीर और अम्मी रज़िया ज़हीर की याद में भी लिखती रही। ज़हीर साहब की पुस्तक का नाम है “रोशनाई” और मैंने अपनी किताब का नाम रखा था, “मेरे हिस्से की रोशनाई”। यह 2006 में आयी थी और सबने इसको पसंद किया तो अच्छा लगा। अब तक तो कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है- कन्नड़, तेलुगू, बांग्ला, मराठी, पंजाबी। मां को याद करते हुए 2017 में “स्याही की एक बूंद” किताब आयी, इसे भी सबने दिल से अपनाया तो तसल्ली रही। दोनों किताबों को अलग-अलग शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में प्रकाशित किया गया।
लिखना अब भी जारी है। एक उपन्यास पर काम कर रही हूं।
अम्मी, अब्बा और विरासत
अब्बा के ज़माने को याद करती हूं तो कितने सारे चेहरे याद आ जाते हैं। कैफ़ी आज़मी, अली सरदार जाफ़री, उनकी बीवी सुल्ताना जाफ़री, मुल्कराज आनंद… सभी आकर बैठते, सादा खाना ही बनता लेकिन सबके लिए। बिना खाना खाये अम्मी इन लोगों को जाने नहीं देती थीं। अब्बा की कितनी ही यादें हैं, संगठन के काम में वह कभी ग़ुस्सा नहीं करते थे। वह मानते थे कि दरवाज़े हमेशा खुले रखना चाहिए। अफ़सोस तो बस यही रहा कि मेरी 15 साल की उम्र थी, जब वह दुनिया से रुख़सत हो गये। मैं उनकी ख़िदमत नहीं कर पायी।
मुझे विरसे में बहुत कुछ मिला। मेरा यह विचार भी कि पाॅलिटिक्स, वर्कर्स, वीमन, स्टूडेंट मूवमेंट को लेखन से दूर नहीं रखा जा सकता। जैसे मुझे याद है जब तीन तलाक़ के ख़िलाफ़ पिटीशन फ़ाइल करने के लिए मैंने महिलाओं से अपील की थी, तो उस वक़्त वहां नौ हज़ार महिलाओं का जमावड़ा हो गया था। अब मेरे लेखन में ऐसे लमहे, ऐसे विचार कैसे नहीं होंगे! और प्रलेस की सही मायनों में प्रतिबद्धता भी यही है।
लंदन के हाजी कैफ़े में बैठकर सज्जाद ज़हीर सहित मुल्क राज आनंद, हती सिंह, ज्योतिर्मय घोष इन लोगों ने प्रगतिशील लेखक संघ का मेनिफ़ेस्टो तैयार किया था। याद आता है 1985 में 50 साल पूरे होने पर यूके में प्रलेस का स्थापना दिवस मनाया गया था।
फिर कई लोगों के देहांत के वजह से यूके में यह धीमी गति से ही बढ़ रहा था। 2019 में लंदन पहुंचने के बाद मुझे लगा कि मैं इसकी ख़िदमत करूं। जो बचे हुए पुराने लोग थे, उनको जोड़ा। ज़ूम और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर मीटिंग और बातचीत शुरू की। अन्य देशों के साथ भारत से प्रलेस के महासचिव सुखदेव सिंह सिरसा और विनीत कुमार ने भी हिस्सा लिया। अब प्रलेस, यूके प्रेमचंद जयंती के अलावा भगत सिंह लेक्चर का आयोजन 23 मार्च से 1 अप्रैल के बीच करता है।
फ़ैज़ अम्न मेला में भी प्रलेस की भागीदारी रहती है। 3 अक्टूबर 2026 को हुए फ़ैज़ अम्न मेला में मुझे शामिल होने का मौक़ा मिला। फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ और सज्जाद ज़हीर को दुनिया जानती है इसलिए इस बार इनके पीछे जो मज़बूत सुतून (स्तंभ) थे उनके बारे में बात की गयी; यानी उनकी बीवियों-एलिस फ़ैज़ और रज़िया ज़हीर के बारे में।
अम्मी के बारे में जाने कितनी किताबें लिखना भी कम हो, लेकिन यहां इतना कहूंगी कि अम्मी बहुत प्रगतिशील सोच रखती थीं। कम उम्र में शादी हुई और उसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। लेक्चरर बनीं। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से टाॅप किया। हां, जब अम्मी को पता चला था कि उनकी बेटी हिंदू लड़के से शादी करना चाहती है, तो विरोध तो होना ही था उस ज़माने में, पर उन्होंने कहा कि अपनी बात पर डटे रहो, अड़े रहो लेकिन पूरी तमीज़ और तहज़ीब के साथ।
—–*—–
लेखन, ज़ाती ज़िंदगी और प्रतिबद्धताएं… हर मोर्चे पर एक तहज़ीब का पर्याय बन चुकीं नूर ज़हीर साहिबा की अब और क्या प्लानिंग है, ख़्वाहिश है? पूछने पर बोलीं- “एक इंटरनेशनल मीट करना चाहती हूं, जिसमें अंग्रेज़ भी शामिल हों। प्रलेस के तहत ब्लैक मूवमेंट को सपोर्ट करना चाहती हूं, जो अफ़्रीकन यहां सबसे ज़्यादा काम करते हैं, ग्राउंड लेवल पर पूरे इन्फ़्रास्ट्रक्चर को संभाले हुए हैं; उनके साथ जो भेदभाव होता है उसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठनी चाहिए।”

तो यह है नूर ज़हीर होने का अर्थ। दरअसल अपने लंदन प्रवास के दौरान मुझे उनसे मिलना ही था। मैं प्रगतिशील लेखक संघ (जगदलपुर) से जुड़ी हुई हूं; इसलिए संगठन के वरिष्ठ सदस्यों का विशेष आग्रह था ही। और क्योंकि प्रलेस की रूपरेखा या कहूं कि बुनियाद में सज्जाद ज़हीर साहब और लंदन शामिल हैं, तो नूर साहिबा से बग़ैर मिले मेरी यात्रा पूरी कैसे होती।
मैंने उनसे फ़ोन पर पूछा- बताएं आपसे कब मिल सकती हूं? जवाब मिला- “आप जहां भी हैं, मैं आ जाऊंगी। और आपको हम प्रलेस के प्रोग्राम में बुलाएंगे ही।” बादलों से छा जाने की गुज़ारिश करो और वो बिना ना-नुकुर किये बरस जाएं तो यह मुंह-मांगी मुराद पूरा होने जैसा है। बस, नूर बाजी की मुहब्बत और बड़प्पन कि एक दिन मेरे घर आ गयीं और बातचीत में अपने हिस्से के क़िस्से से मुझे नवाज़ दिया।
यह भी आपको बता दूं कि जो उपन्यास वो इन दिनों लिख रही हैं, उसका कथानक भी मुझे उन्होंने बताया। उसे मैं यहां अभी खोलना नहीं चाहूंगी लेकिन आम विषयों से हटकर है। प्रकाशित होगा तो अवश्य मैं पढ़ूंगी क्योंकि नूर बाजी की लिखावट में सामाजिक ही नहीं; राजनीतिक उथल-पुथल भी बहुत सहजता व सार्थकता से दर्ज होती चलती है। आपने उन्हें अब तक पढ़ा कि नहीं?
(चित्र परिचय: पहले चित्र में अपने पति यावर अब्बास और दूसरे चित्र में ख़ुदेजा ख़ान के साथ नूर ज़हीर।)

ख़ुदेजा ख़ान
हिंदी-उर्दू की कवयित्री, समीक्षक और एकाधिक पुस्तकों की संपादक। अब तक पांच पुस्तकें अपने नाम कर चुकीं ख़ुदेजा साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं से सम्बद्ध हैं और समकालीन चिंताओं पर लेखन हेतु प्रतिबद्ध भी। एक त्रैमासिक पत्रिका 'वनप्रिया' की और कुछ साहित्यिक पुस्तकों सह संपादक भी रही हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky

1 comment on “यह है मेरे हिस्से की रोशनाई”