
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 1
#उर्दूकीज़मीनें... उर्दू साहित्य में शहरयार का नाम परिचय का मोहताज नहीं है। तीन दशकों से पत्रकारिता कर रहे अजय शर्मा ने शहरयार के साथ 1998 में यह बातचीत की थी, जो दैनिक जागरण, आगरा में प्रकाशित हुई थी। उर्दू और हिंदी, उर्दू शाइरी पर इल्ज़ाम, फ़िल्मी शाइरी और मुशायरों के पतन के साथ ही साहित्य की दुनिया की हलचलों जैसे विषयों पर इस बातचीत में ऐसे बिंदु हैं, जो आज की साहित्यिक चिंताओं के लिहाज़ से पठनीय हैं। आब-ओ-हवा के पाठकों के लिए यह बातचीत तब लिखी गयी भूमिका के साथ...
साहित्य में पैसे वालों की घुसपैठ ठीक नहीं: शहरयार
काग़ज की कश्ती में दरिया पार किया
देखो हमको क्या-क्या करतब आते हैं
यह शहरयार हैं, सदी के उन अहम शाइरों में से एक, जिन्होंने अपने वक़्त के नग्न सत्य को अपनी शाइरी में उतारा। उनकी नज़्मों और ग़ज़लों में ज़िन्दगी के विभिन्न पहलू पूरी शिद्दत के साथ उभरकर सामने आते हैं। उर्दू नज़्म को ठोस दुनियावी सतह पर उतारकर जहां उन्होंने लोगों तक अपनी सीधी पहुंच बनायी, वहीं उनकी ग़ज़लें हमारे अनुभवों का आईना हैं। हर ख़ुशी और रंज की स्वीकृति, अपने अतीत, भाषा और परम्पराओं से मुहब्बत का जज़्बा रखते हैं शहरयार।
इसके बावजूद अपने संपूर्ण आशावाद के साथ वह अपनी शायरी में धड़कते हुए साफ़ नज़र आते हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय उर्दू विभाग की 40 वर्ष की अनवरत सेवा और इस्मे-आज़म, सातवां दर, हिज्र के मौसम, ख़्वाब का दर बंद है, नींद की किरचें जैसी काव्य-कृतियों के बाद उनका संपूर्ण कृतित्व ‘मेरे हिस्से की ज़मीं’ नाम से हिन्दी में प्रकाशित हुआ। रूमानी आदर्शवाद, अपने समय की संवेदना और क़लंदरी अंदाज़ को समेटे इस शायर से हुई बातचीत के प्रमुख अंश:-

अजय शर्मा: सृजन की प्रक्रिया के विषय में आपका क्या अनुभव है?
शहरयार: किसी नयी कविता का जन्म बिल्कुल सेक्सुअल एक्ट की तरह है। उसमें दोहराना या लौटना नहीं होता। मछली के शिकार की तरह मैं बंसी डाले बैठा होता हूं कि अचानक कोई शे’र ज़ेह्न में रौशन हो जाता है और मुझे हैरत में डाल देता है।
अजय: शाइरी की ओर अपने रुजहान को आप किस तरह लेते हैं?
शहरयार: या इतनी न तब्दील हुई होती दुनिया
या मैंने इसे ख्वाब में देखा नहीं होता
ख़ुद के शाइर होने का मेरे पास कोई जस्टिफ़िकेशन नहीं है। मेरे पूरे ख़ानदान में किसी का शाइरी से कोई वास्ता नहीं रहा। बी.ए. में मेरे दोस्त ख़लीलुर्रहमान आज़मी के असर से मैंने शे’र कहना सीखा। इसके बावजूद आज भी मैं मौज़ूं शे’र कहना नहीं जानता। बहुत प्रामाणिक होने का भी मेरा दावा नहीं है।
अजय: मौजूदा वक़्त में उर्दू शाइरी को आप किस मुकाम पर देखते हैं? ग़ज़लगोई और लेखन में छिछलापन क्यों नज़र आ रहा है?
शहरयार: उर्दू शाइरी को बाक़ायदा शराब और साक़ी तक सीमित करके छोड़ दिया गया है पर पिछले 50 वर्षों में शाइरी ने आम आदमी के जीवन की समस्याओं में झांका है और सफलतापूर्वक उनके रोज़मर्रा के कटु अनुभवों को दर्ज किया है। ज़्यादातर शाइर मुशायरों व कवि सम्मेलनों को सामने रखकर लिख रहे हैं। वस्तुतः हिन्दी कविता और उर्दू शाइरी का इनसे कोई ताल्लुक़ नहीं है, बल्कि ये कविता के लिए सबसे बड़ा ख़तरा हैं। मुशायरों में न तो शाइरी की बात होती है न शाइर की ही कोई अहमियत है। ऐसे आयोजनों के समय चार बातें पूछी जाती हैं- संचालन कौन करेगा, तरन्नुम में कौन गाएगा या किसका गला अच्छा है, हास्य कविता कौन सुनाएगा और कितनी औरतें पढ़ेंगी। शायरी के साथ इस मज़ाक़ के चलते अब मुशायरों में पहुंचने वाले साहित्यिक रुजहान के लोगों का प्रतिशत लगभग ख़त्म हो रहा है।
अजय: क्या आप मुशायरों में पढ़ने जाते हैं और इस स्थिति का सामना कैसे करते हैं?
शहरयार: मैं शराब और साक़ी का शाइर नहीं हूं। यदि मुझे बुलाया जाता है तो मैं वही सुनाऊंगा, जो सुना सकता हूं। मेरे ख़याल से जो मैं नहीं कर सकता, उसे करने में ज़िल्लत के सिवा कुछ नहीं है।
अजय: उर्दू शायरी ख़ासकर ग़ज़लों ने हिन्दुस्तानी जनमानस में दूर तक अपनी पैठ बनाने में सफलता हासिल की है। ऐसी क्या बात है कि हिन्दी कविता लोगों की ज़बान पर नहीं चढ़ सकी?
शहरयार: उर्दू बेहद लचकदार और दमदार भाषा है। हमने संगीत की मात्राओं का अनुकरण करते हुए हर ध्वनि को इसमें शामिल किया है। उर्दू में 80 फ़ीसदी शब्द आम जन की बोलचाल की भाषा से उठाये गये हैं। इसके अलावा उर्दू अपने समय के हर अनुभव को समेटने के लिए सदैव तत्पर है।
अजय: हिन्दी-उर्दू में बैर और उलझाव की वजह?
शहरयार: भाषाओं के स्तर पर दोनों ही अपनी-अपनी संस्कृतियों की नुमाइंदगी करती हैं। हिन्दी वाले एक ख़ास पूर्वाग्रह के तहत ही उर्दू का विरोध करते हैं, वरना दोनों में कोई विरोध नहीं है।
अजय: हिन्दी में भी ग़ज़ल की परम्परा बनती जा रही है। आप इसे कितना सफल मानते हैं?
शहरयार: हां, यह सच है कि हिन्दी में भी अच्छे ग़ज़ल लिखने वाले नाम उभरकर सामने आये हैं, पर उर्दू जैसी रवानी और मिज़ाज वहां देखने में नहीं आ पा रहा है। दरअसल इसकी वजह लिखने वाला नहीं बल्कि भाषाई सीमाएं हैं।
अजय: आपने उमरावजान, गमन, फ़ासले, दामन और अंजुमन जैसी कलात्मक फ़िल्मों में अपने गीत दिये हैं, जो आज भी लोगों की ज़बान पर हैं। क्या अभी भी फ़िल्मों के लिए लिख रहे हैं?
शहरयार: मैं केवल अदब की दुनिया में शाइरी के बल पर पहचान बनाना चाहता हूं। अदब की वजह से ही मैं फ़िल्मों में गया था और अब मैं फ़िल्मों की वजह से अदब में जाना-पहचाना जाऊं तो यह ग़लत होगा। हालांकि अभी भी मेरे पास फ़िल्मों के ऑफ़र हैं, पर लोग फ़िल्में देखते समय मनोरंजन चाहते हैं। हल्का-फुल्का प्यार-मोहब्बत, मारपीट आदि। उन्हें सीरियस चीज़ें पसन्द नहीं रह गयी हैं।
अजय: फ़िल्मी गीतों में विकृतियां पैदा होने पीछे क्या कारण देखते हैं?
शहरयार: ऐसी विकृति हमेशा से की जा रही है। घपला हमेशा से चलता रहा है। लोकप्रियता पहले भी अच्छी साहित्यिक चीज़ों को नहीं मिलती थी, अब भी नहीं मिलती। मैं किसी के ख़िलाफ़ नहीं हूं लेकिन सच बग़ैर क़ुर्बानी के नहीं बोला जा सकता, ऐसा भी नहीं है। शहीद होने से बेहतर है सच भी बोला जाये और ज़िन्दा भी रहा जाये। ज़िन्दगी बहुत अहम चीज़ है।
अजय: साहित्य में धन के बहाव की प्रवृत्तियां और उसके आधार पर निर्मित मानदंडों के बारे में आपका क्या विचार है?
शहरयार: पैसे वाले लोगों की घुसपैठ साहित्य के लिए ठीक नहीं है। हर चीज़ पर वे अपनी पसंदी-नापसंदी दूसरों पर थोपना चाहते हैं और स्वयं को सांस्कृतिक कहलाकर मान्यता दिलवाना चाहते हैं। लेकिन संगीत की तरह शाइरी में भी पसंदी-नापसंदी के लिए उतनी सामर्थ्य होनी चाहिए। अदब का यही तथाकथित माफ़िया ‘आइडेंटिटी क्राइसिस’ की बात पर बहलाना चाहता है, पर जिसे जो कहना है, वह कहकर रहता है।
अजय: आपकी नज़र में सबसे बुलंद-पाया शाइर?
शहरयार: बेशक ग़ालिब। यह हर ज़माने का शाइर है और केवल अपने पैरों पर खड़ा है। एकदम नया, ताज़ा और जीवंत।
अजय: नये लेखकों के लिए पैग़ाम?
शहरयार: आंधी की ज़द में शम्ए-तमन्ना जलायी जाये
जिस तरह भी हो लाज जुनूं की बचायी जाये
आज हमारे सामने कोई आदर्श नहीं रह गये हैं, बस अपनी प्रतिबद्धताओं के साथ जिएं। पैर टिकाने के लिए तो ठीक है पर नयी नस्ल को समझ लेना चाहिए कि ग़लत चीज़ों का सहारा लेकर वे ज़्यादा आगे नहीं बढ़ सकते। मुझे विश्वास है अच्छे दिन भी आएंगे, चाहे कितना भी अंधेरा क्यों न हो। ख़्वाब देखने वाली आंखें चाहिए-
मुझे नींद मत दे कि मैं ख़्वाब से मुनहरिफ़ हो जाऊं
मगर रात भर जागने के लिए कोई सामान कर दे

अजय शर्मा
पत्रकारिता में दो दशक से अधिक का अनुभव। इतिहास विषयक एवं अछूते विषयों को लेकर शोध की ओर गहरा रुजहान रखने वाले अजय इन दिनों स्वतंत्र रूप से लेखन एवं शोध कर रहे हैं। शोध आधारित आपकी कुछ पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky

1 comment on “साहित्य में पैसे वालों की घुसपैठ ठीक नहीं: शहरयार”