cartoon, ghalib cartoon, कार्टून, ग़ालिब का कार्टून
मासिक ब्लॉग विवेक मेहता की प्रस्तुति....

रंग बिरंगी: नामचीन साहित्यकारों की चुटकियां-12

             हिंदी-उर्दू के साथ ही भारतीय साहित्य जगत के स्वनामधन्य लेखकों/कलमकारों के बीच के चुटकुलों/कटाक्ष/हास्य लहरियों को प्रस्तुत करने की यह शृंखला विशुद्ध हास्य-व्यंग्य से गुदगुदाने का काम कर रही है, ऐसी आशा है। इस प्रस्तुति में आप भी भागीदारी कीजिए। अपनी प्रतिक्रियाओं से अवगत करवाते रहिए और आपके पास भी ऐसे क़िस्सों/प्रसंगों की यादें हैं, तो हमें भेजिए वह ख़ज़ाना, उसे हम यहां प्रस्तुत करेंगे (इस बार उर्दू केंद्रित अंक के लिहाज़ से इस प्रस्तुति में ख़ास तौर से उर्दू साहित्यकारों के कुछ यादगार क़िस्से)…

cartoon, ghalib cartoon, कार्टून, ग़ालिब का कार्टून

ग़ालिब और गधे!

1-
मिर्ज़ा ग़ालिब को ‘आम’ बहुत पसंद थे। प्रायः आमों के मौसम में उनके मित्र और उनके चाहने वाले उन्हें उपहार में आमों की टोकरियां भेजा करते थे। एक दिन मिर्ज़ा अपने घर के आंगन में बैठे आम खा रहे थे। वे आम खाकर छिलके एक ओर डालते जा रहे थे। पास ही उनके एक मित्र हकीम रजीउद्दीन बैठे थे, उन्हें आम पसंद नहीं थे। इतने में एक गधा पास से गुज़रा। उसने आम के छिलके सूंघे और आगे बढ़ गया। हकीम साहब ने मुस्कुराकर कहा— “मिर्ज़ा साहब, देखा! आम ऐसी चीज़ है, जिसे गधा भी नहीं खाता।”

मिर्ज़ा ने झट से उत्तर दिया— “बेशक, गधा ही नहीं खाता।”

हकीम साहब बगलें झांकने लगे।

2-
मिर्ज़ा ग़ालिब के एक मित्र किसी दूसरे शहर से उनसे मिलने दिल्ली आये। शाम के समय मिर्ज़ा अपने मित्र के साथ टहलते हुए मैदान की ओर चले गये। इतने में वहां कुछ गधे ‘ढेंचूं-ढेंचूं’ की आवाज़ें निकालने लगे। मित्र ने ग़ालिब की ओर देखकर मुस्कुराते हुए कटाक्ष किया— “मिर्ज़ा, आपकी दिल्ली में गधे बहुत हैं।”

ग़ालिब उनका कटाक्ष समझ गये, तुरंत पलटकर बोले— “दिल्ली में तो गधे नहीं हैं, अलबत्ता बाहर से आ जाते हैं।”

मित्र बेचारे इस खुले वार पर तिलमिलाकर रह गये।

***

मरहूम दोस्त के लिए

माल रोड, लाहौर के एक शराबख़ाने में उर्दू के प्रसिद्ध शायर अब्दुल हमीद ‘अदम’ हर शाम आते और एक ही प्रकार का ऑर्डर देते थे— सस्ती-से-सस्ती शराब के दो पैग लाओ।

शराब के दो पैग आ जाने पर वह एक पैग में सोडा और दूसरे में पानी मिलाकर गिलासों को आपस में इस तरह टकराते जैसे दो मित्र एक-दूसरे से अपने जाम टकरा रहे हों। इसके बाद वह एक के बाद दूसरा पैग अपने कंठ में उंड़ेलकर बैरे को दोबारा ऑर्डर देते—ऐसे ही दो पैग और लाओ।

इस तरह दो-दो पैग करके वह बारह-चौदह पैग पी जाते। फिर बिल चुकाकर लड़खड़ाते हुए दूसरी शाम तक के लिए बाहर निकल जाते।

बैरे हैरान और बैरे से अधिक शराबख़ाने का मैनेजर हैरान कि यह पियक्कड़ रोज़ाना बारह-चौदह पैग यानी पूरी बोतल डकार जाता है लेकिन कभी पूरी बोतल का ऑर्डर नहीं देता। हालांकि पूरी बोतल काफ़ी सस्ती पड़ती थी, या फिर वह दो-दो पैग मंगवाने की बजाय एक-एक करके डबल पैग क्यों नहीं मंगवाता और एक में सोडा और दूसरे में पानी मिलाकर क्यों पीता है?

आख़िर एक दिन बैरे ने साहस करके उनसे पूछ ही लिया कि वह इस तरह अलग-अलग दो पैग क्यों मंगवाते हैं?

—एक अपने लिए, अदम साहब ने बैरे को समझाते हुए कहा, और एक अपने दोस्त अख़्तर शीरानी के लिए। हम दोनों हमेशा एक साथ पिया करते थे, कभी नाग़ा नहीं होता था और नाग़ा नहीं होना चाहिए। इसलिए आजकल मुझे मजबूरन उनके हिस्से की भी पीना पड़ती है।

—ऐसी भी क्या मजबूरी है? बैरे ने मासूमियत से कहा, और हमने तो कभी उन्हें आपके साथ नहीं देखा।

—उनका इंतक़ाल हो गया है।

—ओह, कब और कैसे?

—हाल ही, बेतहाशा शराब पीने की वजह से।

दूसरे दिन उस बैरे ने फिर साहस करके अदम साहब से कहा—साहब! हालांकि यह मेरी रोटी-रोज़ी का सवाल है, लेकिन मैं आपसे दरख़्वास्त करूंगा कि आप भी इतनी ज़्यादा शराब न पिया करें और अगर बिल्कुल छोड़ सकें तो क्या कहने!

—अच्छी बात है। अदम साहब बोले—आज सिर्फ़ एक पैग लाओ।

बैरा पैग ले आया तो अदम साहब ने उसे बताया कि उन्होंने उसकी बात मानते हुए तत्काल शराब पीना छोड़ दी है।

—लेकिन यह पैग… बैरे ने पैग की तरफ इशारा करते हुए आश्चर्य से कहा—इसे आपने किसके लिए मंगवाया है?

—अपने मरहूम दोस्त अख़्तर शीरानी के लिए। अदम साहब ने गिलास में सोडा डालते हुए कहा—वह हमेशा सोडा डालकर पीते थे और मैं पानी डालकर। और यह कहकर अदम साहब ने वह पैग कंठ में उंड़ेलकर वैसा ही पैग लाने का ऑर्डर देते हुए कहा—और वह बेतहाशा पीते थे।

***

बुढ़ापे में हज़ारा

उन दिनों अली अब्बास हुसैनी ‘मीर स्मारक कमेटी’ के कोषाध्यक्ष थे। भगवती चरण वर्मा को अपना एक संस्मरण सुनाते हुए बोले— “बीस हज़ार रुपये की ज़रूरत थी। उन्नीस हज़ार हो चुके थे। दिमाग़ काम कर गया। क्रिकेट कप्तान पटौदी ने उन दिनों इंग्लैंड में पहला सैकड़ा बनाया था। मैंने पटौदी की मां को मुबारकबाद का तार भेजा और लगे हाथों स्मारक के लिए एक हज़ार के चंदे की भी मांग कर दी। बस मियां, दस रोज़ में एक हज़ार का चेक आ गया।”

“वाह यार हुसैनी!” भगवती बाबू बोले— “पटौदी ने जवानी में सैकड़ा ही मारा, तुमने तो बुढ़ापे में हज़ारा मार दिया!”

***

विवेक मेहता, vivek mehta

विवेक मेहता

पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष पद से सेवा-निवृत्त। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। आकाशवाणी से प्रसारित भी। कुछ समाचार-पत्रों के कॉलम किस्से बदरंग कोरोना के संग, 'वेताल कथाएँ, 'बेमतलब की चर्चित रहे। संपर्क: 94272 67470

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!