hari bhatnagar, shashank, arun arnaw khare
भोपाल में एकल पाठ-संवाद का सिलसिला शुरू, ​प्र​तिष्ठित लेखक व संपादक हरि भटनागर ने किया आग़ाज़

‘मैं बस मनोरंजन के लिए नहीं लिखता कहानी’

 

भोपाल। “आप जीवन में धंसे हुए हैं, तो जीवन आपके सृजन में कैसे नहीं आएगा! देखिए, आज माहौल में किस क़दर नफ़रत भरी है, कितना अलगाव है। लोग एक-दूसरे को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। बौद्धिक इसके शिकार हैं और सामान्य आदमी भी… आज के समय में स्थितियां भयावह हैं। हम एक झूठे आशावाद में जी रहे हैं जबकि हर तरफ़ अंधेर मचा हुआ है। हर तरफ़ झूठ ही झूठ है। हम साहित्य के लोग, लेखक इस झूठ के ख़िलाफ़ खड़े हुए हैं। हमें समाज के वंचित वर्ग की आवाज़ सुनना है और उनके अधिकार के स्वर को बुलंद करना है। विश्व के महान लेखक टॉल्स्टॉय ने भी यह किया था। लेकिन इसके लिए आरक्षण की बात बेमानी है!

‘पन्नी बीनने वाला लड़का’ कहानी एक पूरे स्ट्रक्चर को बयान करती है, जो सामाजिक विसंगति का ताना-बाना है। समाज कहां जा रहा है, उसकी प्रवृत्तियां क्या हैं…”

वरिष्ठ कथाकार हरि भटनागर ने अपनी दो कहानियों का पाठ किया और उसके बाद उनकी कहानियों पर भवेश दिलशाद ने चर्चा की। बातचीत के दौरान हरि भटनागर कुछ सूत्र वाक्य कहते चलते हैं मसलन, ‘आरक्षण की सोच को मैं ख़ारिज करता हूं’ या फिर ‘कहानी सिर्फ़ मनोरंजन के लिए नहीं लिखता’।

बात दो बिंदुओं से छिड़ी, साहित्य को अख़बारी बनने से बचाना और साहित्य में विचारधारा का आग्रह। इस चर्चा में हरि भटनागर की सृजन प्रक्रिया और वैचारिकी से जुड़ी कुछ बातें सामने आयीं। वह कहते हैं…

“आज विचारधाराएं एक तरह से फ़िज़ूल हो चुकी हैं। उनका कोई मक़सद नहीं रह गया है। अंतत: मार्क्स ने भी कहा कि Life is true and thought is false consciousness। अब मार्क्सवाद या कोई भी विचारधारा अगर हमें जीवन की तरफ़ ले जाती है, हमें बड़ा बनाती है तभी उपयोगी है। मैं कहना चाहता हूं कि कोई भी विचारधारा अगर लड़ाने का काम करती है, तो वह इंसान के लिए नहीं है। उसका कुछ और मक़सद होगा।

साहित्य के पास एक दृष्टि होती है। मैं किसी विचारधारा के आग्रह से नहीं लिखता हूं। ऐसा आग्रह लेखन को गिरा देता है। कई लेखकों के साथ यह हुआ। यशपाल तक ने विचार को लेकर लिखा तो वह कहानी नहीं बन पायी। प्रेमचंद ने जब जीवन को केंद्र में रखकर लिखा तो उससे जो विचार हाथ आया, वह बड़ा विचार था, उपयोगी था। तो जीवन की बात करता लेखन विचारधारा को लांघ जाता है…”

hari bhatnagar, shashank, arun arnaw khare

बातचीत करते हुए हरि भटनागर जब गांधी और टॉल्स्टॉय के पत्र व्यवहार के हवाले से बताने लगे कि कैसे टॉल्स्टॉय ने गांधी को दिशा दी थी, तब चर्चा कुछ इस तरह छिड़ी…

दिलशाद: हमारे समय का साहित्य प्रतिक्रियात्मक अधिक दिखता है, समाधानमूलक नहीं!
हरि: साहित्य का काम रास्ता दिखाना नहीं होता।
दिलशाद: प्रेमचंद ने साहित्य को सियासत के आगे चलने वाली मशाल कहा।
हरि: मशाल क्या है! चेतना है, एक समझदारी है। अब कोई फ़ॉर्मूला तो विश्व में कोई नहीं दे सकता कि फ़लां रास्ता अच्छा होगा… और आपने साहित्य और तात्कालिकता के विषय में भी बात की थी।

देखिए अख़बारी लेखन एक तात्कालिकता की बात उठाता है और साहित्य तात्कालिक विषय को भी ऐतिहासिकता देता है। पीड़ा हो या कोई भी विषय, उसे ऐतिहासिक क्रम में बदल देता है।

कहानी का अंत बनाम अधूरापन

इसके बाद लघुकथा शोध केंद्र कक्ष में उपस्थित अन्य साहित्यप्रेमियों ने हरि भटनागर से कुछ बातचीत की। कर्नल गिरजेश सक्सेना ने कहानी लिखने से पहले उसके उद्देश्य और अंत तय होने संबंधी बात छेड़ी तो हरि भटनागर ने माना कि कहानी पूरी लिखे जाने से पहले लेखक को अंत दिख चुका होता है। इस चर्चा में हरि ने अंतत: यही कहा कि मुझे कहानी एक क़िले की तरह लगती है, जिसमें बहुत सारे आकर्षण होने ही चाहिए। चाहे भाषा की बात हो, कथ्य की हो या उद्देश्य की, मैं समझता हूं कहानी में महाकाव्य के गुण होने चाहिए। अब आप ‘कफ़न’ देखिए तो उसकी हर पंक्ति में जीवन भरा हुआ है। वह तो औपचारिकतावश उस कहानी को एक अंत दे दिया गया लेकिन वह कहानी ख़त्म नहीं होती। कहानी की नियति मुझे लगता है उसका अधूरापन ही है।

वरिष्ठ व्यंग्यकार अरुण अर्णव खरे ने पूछा ‘चूंकि आपने गोगोल पर काम किया है और गोगोल का नाम व्यंग्य से ज़्यादा जुड़ा है। मैंने जब आब-ओ-हवा के लिए व्यंग्य पर केंद्रित लेखमाला लिखी तब गोगोल के संदर्भ उसमें आये। आपने गोगोल का अनुवाद किया तो बतौर कथाकार उनके साथ कैसे कनेक्ट कर पाते हैं!’

हरि भटनागर ने चार्ली चैपलिन का एक प्रसंग याद करते हुए बात आगे बढ़ायी कि चार्ली जब एक रेस्तरां में टोस्ट खा रहे थे तब उन्होंने अपनी उंगलियों में लगे मक्खन को बगल में बैठे एक ज़हीन वृद्ध की दाढ़ी से पोंछ दिया। जीवनीकार ने उनसे जब इसका कारण पूछा तब चार्ली ने बताया कि उनका मक़सद किसी का उपहास करना नहीं था और इस हरकत के बाद वह ख़ुद बहुत पछताये।

व्यंग्य हंसाने या गुदगुदाने की चीज़ नहीं है। परसाई ने भी जब व्यंग्य लिखा तो क्यों लिखा! व्यंग्य जीवन के इतिहास-बोध को जगाने के लिए लिखा जाता है। गोगोल का ज़िक्र भी आता है तो व्यंग्य हो या किसी भी प्रकार का साहित्य, आपके भीतर एक विचार यात्रा शुरू कर देता है, तभी वह साहित्य है।

इसके बाद हरि चर्चा सत्र के अंत में शशांक के उद्बोधन की बारी आयी तो हरि भटनागर ने उन्हें अपना गुरु बताया और 1975 में सारिका में छपी उनकी कहानी से प्रभावित होने का एक प्रसंग साझा किया। आख़िर में वरिष्ठ कथाकार शशांक ने अपनी बात रखी। मुख्य रूप से उन्होंने विचारधारा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विचारधाराएं साहित्य को मज़बूत करती रही हैं। विचारधाराओं को ख़ारिज किये जाने के पक्ष में वह नहीं थे।

औपचारिक व अनौपचारिक चर्चा के दौरान यह बात कभी क़हक़हे के रूप में उठी तो कभी माइक से एक पक्षधरता के रूप में भी कि लघुकथा कोई विधा नहीं है। हरि भटनागर और शशांक दोनों ने ही इस शब्द के प्रयोग से असहमति व्यक्त की।

अरुण अर्णव खरे ने ‘नैली राजेश सिंह स्मृति सृजन-संवाद शृंखला’ में एकल पाठ एवं संवाद का यह सिलसिला शुरू किया। उन्होंने बताया कि इसे मासिक शृंखला के तौर पर निरंतर किया जाएगा। इससे पहले हरि भटनागर ने अपनी दो कहानियों ‘पन्नी बीनने वाले लड़के का बयान’ और ‘पुर्ज़े’ का पाठ किया और क़रीब 40 मिनट के इस पाठ में रेखा कस्तवार, डॉ. आज़म, राजेश खरे, घनश्याम मैथिल, कांता राय आदि चुनिंदा श्रोताओं ने पूरी तल्लीनता से भागीदारी की।

-प्रेस विज्ञप्ति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!