
- November 15, 2026
- आब-ओ-हवा
- 0
मासिक ब्लॉग आशीष दशोत्तर की कलम से....
दिलों के दरम्यान पुल बनाती हैं ज़बानें
ज़बानों को कोई सियासत नहीं बनाती। इन्हें तो अवाम बनाते हैं। कहीं किसी समूह की कुछ ज़रूरतें किसी ज़बान को जन्म देती हैं। उर्दू ज़बान भी अवाम द्वारा तैयार की गयी ज़बान है। अफ़सोस इस बात का है कि आज उर्दू को मुसलमानों की और हिंदी को हिंदुओं की ज़बान समझा जाने लगा है। सियासतें ही ऐसा कर सकती हैं और कर रही हैं। आम इंसान आज भी हिंदी और उर्दू के बीच कोई भेद नहीं समझता। वह हिंदी के शब्दों का भी उतने ही सलीक़े से इस्तेमाल करता है, जितना उर्दू के लफ़्जों का।
हमारी बोलचाल की भाषा में कितने लफ़्ज़ उर्दू, संस्कृत या फ़ारसी के शामिल हैं, यह आम इंसान को पता नहीं, लेकिन वह बहुत फ़ख़्र के साथ इनका इस्तेमाल करता है। मुनव्वर राना ने कहा भी है-
सगी बहनों का जो रिश्ता है उर्दू और हिन्दी में
कहीं दुनिया की दो ज़िंदा ज़बानों में नहीं मिलता
ज़बानों की यह एकता और अपनत्व की भावना अगर इंसान भी समझ ले तो ज़िन्दगी कितनी हसीन हो जाये। इंसान दरार डालता है, भाषाएं पुल बनाती हैं। इंसान दूरियां बढ़ाता है, भाषाएं क़रीब लाती हैं। इंसान भेदभाव करना सिखाता है, भाषाएं एक सूत्र में बांधती हैं। भाषाएं हमें जीने का शऊर देती हैं। एक साथ चलने का सलीक़ा देती हैं। सारी भाषाएं मिलकर एकता की डोर में पिरोती हैं। हम हिन्दुस्तानियों का कुछ काम हिंदी करती है, कुछ काम उर्दू करती है और इस तरह हमारी ज़िन्दगी की एक इबारत लिखी जाती है। यहां अपना ही एक शेर याद आता है-
सबको भाता है ज़माने में ग़ज़ल का लहजा
काम अपना कभी हिन्दी, कभी उर्दू कर दे
हमारी ज़बानें जब एक होती हैं तो हमारे जज़्बात भी एक होते हैं। भाषाओं के मेल से भाव पैदा होते हैं। ये भाव हमें संवेदनशील बनाते हैं। हमारी ज़िन्दगी में प्यार, मुहब्बत, ख़ुलूस और अख़लाक की वृद्धि करते हैं। यह एक ज़िन्दगी के लिए बहुत ज़रूरी भी है और आज के दौर में और भी ज़्यादा ज़रूरी। जब ज़बानें एक साथ बोलती हैं, तो लगता है हमारी ज़मीन, हमारा मुल्क एक साथ बोल रहा है। यहां मंसूर उस्मानी का शेर याद आता है-
जहाँ-जहाँ कोई उर्दू ज़बान बोलता है
वहीं-वहीं मिरा हिन्दोस्तान बोलता है
हमारी यही यकजहती ज़बानों की तरक़्क़ी को बताती है। ज़बानें सीना-दर-सीना सफ़र करती हैं। ये किसी की बपौती नहीं होती और किसी की जागीर भी नहीं। इंसान अगर हर ज़बान के भीतर छुपे हुस्न को जान ले, तो उसे उसकी ख़ूबियों के बारे में पता चलता है। उर्दू के भीतर भी एक ऐसी ही कशिश है, जो उसे आम इंसान से जोड़ती है। पंडित दत्तात्रैय कैफ़ी कहते हैं-
उर्दू है जिसका नाम हमारी ज़बान है
दुनिया की हर ज़बान से प्यारी ज़बान है
हमारे विद्वानों ने अगर उर्दू को प्यारी ज़बान कहा है तो इसके पीछे उनका अपना मुताअला है और मुशाहिदा भी। यह उर्दू के लिए भी बेहतर है और उर्दू जानने वालों के लिए भी कि इसके चाहने वाले बहुत हैं। लफ़्ज़ों की ख़ूबसूरती इसकी तरफ़ हर किसी को आकर्षित करती है। बोलने वाले के लहजे और उसके बात करने के तरीके से यह एहसास हो जाता है कि उसे ज़बान का कितना इल्म है। अहमद वसी ने कहा है-
वो करे बात तो हर लफ़्ज़ से ख़ुशबू आये
ऐसी बोली वही बोले जिसे उर्दू आये
उर्दू को मीठी भाषा कहा जाता है क्योंकि यह बहुत सहजता के साथ ज़िन्दगी में शुमार हो जाती है। भाषाओं को क़रीब से जानने वाले, समझने वाले और इसके महत्व से परिचित होने वाले जानते हैं कि कोई भी भाषा कितनी ख़ूबसूरत होती है और उसका हर लफ़्ज़ कितना महत्व रखता है। उर्दू की अपनी एक अलग मिठास रही है और यह मिठास ही इसे एक शीरीं ज़ुबां बनाती है। अशोक साहिल कहते हैं-
उर्दू के चंद लफ़्ज़ हैं जबसे ज़बान पर
तहज़ीब मेहरबाँ है मिरे ख़ानदान पर
लेकिन यह भी सही है कि किसी भी भाषा से गुज़रना, उसे समझना और उसे सीखना, उतना ही ज़रूरी है, जितना उस भाषा से प्रेम करना। उर्दू को सीखना, समझना और उसके क़रीब जाना आज भी उतना ही ज़रूरी है, जितना किसी दौर में हुआ करता था। भाषाएं तब तक ही ज़िंदा रहती हैं जब तक कि वे लोगों के बीच लोकप्रिय होती हैं। लोकप्रियता तभी संभव है, जब भाषा को जानने और समझने वाले निरंतर बढ़ें। उर्दू को जानना और समझना इतना आसान भी नहीं है। दाग़ देहलवी कह गये हैं-
नहीं खेल ऐ ‘दाग़’ यारों से कह दो
कि आती है उर्दू ज़बाँ आते-आते
परंपराओं से भाषाएं पल्लवित होती हैं। एक पीढ़ी, दूसरी पीढ़ी को भाषाओं के संस्कार ही सौंपती हैं। उर्दू के अपने संस्कार हैं जो निरंतर पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रहे हैं। बशीर बद्र कहते हैं-
वो इत्रदान-सा लहजा मिरे बुज़ुर्गों का
रची-बसी हुई उर्दू ज़बान की ख़ुश्बू
उर्दू भी हमारी विरासत है। इस विरासत को साथ लेकर चलना और इसे आगे बढ़ाना हम सभी की ज़रूरत है। दौरे-हाज़िर पर नज़र डालें तो उर्दू बहुत सिमटती जा रही है। यह चिंता का विषय होना चाहिए। उर्दू का लगातार लोगों के बीच लोकप्रिय होना भी उतना ही सच है, जितना यह कि नयी पीढ़ी लगातार उर्दू से दूर हो रही है। सुनने तक तो फिर भी ठीक है लेकिन लिखने-पढ़ने तक अब उर्दू इतनी अधिक प्रचलित नहीं रही है। इस तरफ़ बहुत ध्यान देने की ज़रूरत है। इसी चिन्ता को माहिर स्योहारवी ज़ाहिर करते हुए कहते हैं-
सलीक़े से फ़ज़ाओं में वो ख़ुशबू घोल सकते हैं
अभी कुछ लोग बाक़ी हैं जो उर्दू बोल सकते हैं
उम्मीद करें उर्दू बोलने वालों, समझने वालों सीखने वालों और उर्दू के क़रीब जाने वालों का दायरा और बढ़ेगा।

आशीष दशोत्तर
ख़ुद को तालिबे-इल्म कहते हैं। ये भी कहते हैं कि अभी लफ़्ज़ों को सलीक़े से रखने, संवारने और समझने की कोशिश में मुब्तला हैं और अपने अग्रजों को पढ़ने की कोशिश में कहीं कुछ लिखना भी जारी है। आशीष दशोत्तर पत्र पत्रिकाओं में लगातार छपते हैं और आपकी क़रीब आधा दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हैं।
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Bluesky (Opens in new window) Bluesky
