देवेंद्र आर्य, हिंदी कविता, हिंदी ग़ज़ल, प्रसिद्ध शेर, devendra arya poetry, hindi kavita, hindi ghazal, famous sher, ghazal
मासिक ब्लॉग ज्ञानप्रकाश पांडेय की कलम से....

"आँय-बाँय क्या लिखते रहते हो..." देवेंद्र आर्य

             मेरा मानना है हिंदी ग़ज़ल के नाम पर जो गोबरगंधई आजकल मची है, शायद ही पहले कभी रही हो। थोड़ा-बहुत छिटका सबके ऊपर पड़ा है। इतनी पदलेहँड़ भी पहले कभी नहीं जुटी। जिसे देखो वही हिंदी ग़ज़ल की तुरही फूँक रहा है। यहां “जुति-जुति मरे बैलवा बाँधे खाय तुरंग” वाली स्थिति है। कहने का अर्थ यह है कि यहाँ शहीद कोई और होता है और स्वतंत्रता सेनानी वाली पेंशन कोई और उठाता है। अरूज़ सीखने में ज़िदगी कोई खपाता है, ग़ज़लकार कोई और बन जाता है। इसी तरह के ग़ज़लकार आजकल पुरस्कारों पर कब्ज़ा किये बैठे हैं। ये ही आजकल चीफ़ गेस्ट बनाये जाते हैं। सारा रख-रखाव का कार्य इसी तरह के ग़ज़लकार करते हैं। शायद इसी को कहते हैं “आजी बैठी रहे नातिन अँगऊ काढ़े”। न जाने क्यों ये बातें मैंने यहां लिख दीं। ख़ैर, ये बातें इतनी निरर्थक भी नहीं।

हिंदी ग़ज़ल की दुनिया में भले ही पदंगई थोड़ी अधिक है मगर ग़ज़ल संवेदनाओं की ऐसी काव्य-विधा है, जिसमें जीवन के छोटे-से-छोटे अनुभव को व्यापकता प्रदान करने की अद्भुत क्षमता है। ग़ज़ल अपनी दो पंक्तियों में सारे संसार के दुःख को व्यक्त कर सकती है। व्यवस्था की तमाम विसंगतियाँ, सत्ता के काले-उजले चित्र, प्रेम की जटिलताएँ तथा अस्तित्व से जुड़े कितने ही गंभीर प्रश्न इसमें छटपटाते रहते हैं। ग़ज़ल की इसी विशिष्टता ने उसे समय और समाज के साथ निरंतर संवाद करने वाली विधा बनाया है।

समकालीन हिंदी ग़ज़ल— जो अब तक न तीन में है न तेरह में— का महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि इसने जीवन की वास्तविक समस्याओं को अपनी अभिव्यक्ति का आधार बनाया है। यहाँ विकास के बड़े-बड़े दावों के सामने सामान्य मनुष्य की छोटी-छोटी आवश्यकताएँ लुंगी घुटने तक उठाये तैयार खड़ी हैं। यहाँ धार्मिक और नैतिक मूल्यों की बदलती केंचुलें हैं, तो दूसरी ओर मनुष्य की मर्यादायुक्त स्वच्छंदता, आत्मसम्मान और जीवन की गरिमा के लिए उठा-पटक भी है।

इस लेख में हम देवेंद्र आर्य साहब की ग़ज़लों को आधार बनाकर विभिन्न बिंदुओं पर दृष्टिपात करेंगे, आवश्यकतानुसार प्रशंसा रूपी खाद डालेंगे तथा ज़रूरत पड़ने पर हेंगा चलाएंगे, अर्थात उनके शे’रों के कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष पर चर्चा करेंगे।

प्रेम हिंदी ग़ज़ल की सबसे पुरानी और केंद्रीय संवेदनाओं में से एक है। किंतु प्रत्येक युग में प्रेम का अर्थ और उसकी अभिव्यक्ति बदलती रही है। एक शे’र देखें:

किया जो आपने मैं भी करूं तो
अगर अगले जनम से ना डरूं तो

यह शे’र देखने में अत्यंत सहज है, बिल्कुल लेरुआ (गाय का छोटा बछड़ा) के मुंह की तरह लेकिन सहजता की राख में कहीं एक चिंगारी भी छिपी हुई है। इस शेर को स्त्री-पुरुष संबंधों के संदर्भ में पढ़ना भी उपयोगी है। यदि किसी संबंध में एक पक्ष को सर पे चढ़कर मूतने की छूट हो और दूसरे पक्ष को आदर्शों की नकेल में नाध दिया जाए तो ऐसे में विद्रोह का कंडा सुलगना लाजमी हो जाता है। शे’र इसी दोहरे मानदंड की ओर संकेत कर सकता है। हालाँकि इसकी व्याख्या किसी एक संबंध तक सीमित नहीं है। प्रश्नवाचक शैली शे’र को प्रभावशाली बना रही है। एक और शे’र देखें:

ज़रा सोचो तुम्हें बाहों में भरकर
तुम्हारे होने पर शंका करूं तो

आलोचना लिखना कभी-कभी “तेली कऽ बरदा (बैल) कोहाँर (मिट्टी बर्तन बनाने वाला) लइ के सती होइ” वाली स्थिति पैदा कर देता है। इस शेर ने भी कुछ ऐसी ही स्थिति पैदा कर दी है। इस शेर में एक विचित्र सा मनोवैज्ञानिक विरोधाभास है। मनुष्य कई बार किसी को खोने के भय से इतना घिर जाता है कि उसी व्यक्ति पर संदेह करने लगता है, जिसे वह सबसे अधिक अपना मानता है। ऐसे में प्रेम और भय एक-दूसरे में उलझ जाते हैं। देवेंद्र आर्य साहब के कुछ और अच्छे शेर देखते हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शेर हैं–

तुम्हारी मांग का सिंदूर लेकर
किसी बेवा की तन्हाई भरूं तो

अमां मौका तो ढंग का आये कोई
ये औने-पौने भी बिकना क्या बिकना

ये शेर देखें—

बोलने पर जब लगा पहरा
सबके चेहरे हो गये अख़बार

यहाँ देवेन्द्र साहब क्या कहना चाह रहे हैं, यह पाठकों पर छोड़ता चल रहा हूं क्योंकि यहां शे’र का शब्दार्थ बताना मेरा मक़सद नहीं है। शे’र का बिम्ब बेहद प्रभावशाली है। यहाँ अभिव्यक्ति का संकट भी साफ नज़र आ रहा है मगर इस सच को भी झूठलाया नहीं जा सकता कि अभिव्यक्ति की इच्छा मनुष्य के भीतर बनी रहती है। उसे रोका जा सकता है, समाप्त नहीं किया जा सकता। चेहरे का अख़बार बनना इस बात को साबित करता है।

मनुष्य अपने जीवन में अनेक ऐसे संबंधों और परिस्थितियों से गुज़रता है, जिन्हें उसने स्वयं नहीं चुना होता। बल्कि कुछ मजबूरियां उसे ऐसे लोगों के निकट ले आती हैं, जिनसे उसकी स्वाभाविक आत्मीयता नहीं होती। इस संदर्भ में यह शे’र ध्यान देने योग्य है:

ज़रूरतें थीं हमारी, जुआठे में थे नधे
न चाहते हुए भी पास-पास होना पड़ा

कुछ और अच्छे शेर देखते हैं:

मुझे मालूम है लिखने से कुछ भी हो नहीं सकता
असल में मैंने केवल अपने मन का डर भगाया है

बस इतनी बात पर क्यों हो गये उदास मियां
बदलते रहते हैं ईमान के लिबास मियां

तौबा-तौबा फिर मत कहना यह दिल्ली की संसद
अमरीकी पूंजीपतियों का हिंदुस्तानी क्लब है

ये फ़ोरलेन की बातें बहुत हुईं अब तक
नये विकास का नक़्शा गली से तय होगा

देवेंद्र आर्य, हिंदी कविता, हिंदी ग़ज़ल, प्रसिद्ध शेर, devendra arya poetry, hindi kavita, hindi ghazal, famous sher, ghazal

अब ज़रा देवेंद्र आर्य साहब की ग़ज़लों के कृष्ण पक्ष की तरफ़ चलें। इस पक्ष के तहत हम उनके असफल प्रयोगों की चर्चा करेंगे तथा इसी तसलसुल में हम हिंदी ग़ज़ल प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार का भी ज़िक्र करेंगे। इस पक्ष के तहत, जैसा कि मैं पहले ही कह चुका हूँ, देवेंद्र साहब की ग़ज़लों से घुन-पाई भी बीनेंगे। चूंकि देवेंद्र साहब को प्रयोगवादी कवि कहा जाता है, तो मैं स्वयं भी आज तक इसी को सच मानता आया। आज ज़रा नज़दीक से तथा कठोरता से इसकी पड़ताल करें और देखें कि देवेन्द आर्य साहब कितने पानी में हैं। शे’र देखें:

सवाल ग्रामसभा ब्लॉक बी.डी.ओ. के तो हैं
मगर एजेंडे में भूखा किसान है कि नहीं

इस शेर को पढ़कर किसानों के प्रति देवेंद्र साहब की संजीदगी साफ़ समझ आ रही है। अच्छा है, मगर एक जगह बात अटक जाती है। क्या किसान ग्राम सभा या ब्लॉक के बाहर की चीज़ है? क्या ग्राम सभा या ब्लॉक से जुड़े प्रश्नों में किसान से जुड़े प्रश्न नहीं होंगे? ख़ैर, इसमें देवेंद्र साहब का कोई प्रयोग छुपा हो सकता है। एक और शे’र देखें:

ये भीड़ झील है नाला है या समंदर है
अगर नदी है तो इसमें कटान है कि नहीं

देवेंद्र साहब का यह प्रयोग भी कुछ ख़ास समझ नहीं आया। भीड़ के लिए ऐसी कल्पनाएं और उन कल्पनाओं पर भी कटान जैसी एक अतिरिक्त उक्ति! मुझे समझ यह भी नहीं आ रहा कि कटान होने पर फ़ायदा क्या है? दूसरी बात यह कि समंदर में तो तटबंध होते ही नहीं। समंदर में तो कटान ही कटान है। झील से कटान की उम्मीद करना निरी मूर्खता है। ऊपर से नाले को भी इस पचड़े में घसीट लिया है। नाला तो झील समंदर और नदी से बिल्कुल अलग प्रवृत्ति है। क्या ऊटपटांग लिखना ही प्रयोग है? देवेंद्र साहब ने भूमिका में लिखा है कि “ये ग़ज़लें अगर रहीम के पानी को बचाने में मददगार हैं तो ठीक, वरना ये डस्टबिन की हक़दार हैं”। मुझे लगता है इन प्राकृतिक जलस्रोतों ने ही देवेंद्र साहब के शे’रों का पानी उतार दिया है। निर्णय वे स्वयं लें कि ऐसे शे’र संग्रहणीय हैं या फिर? एक और देखें:

हमारी हिंदी कई बोलियों की भाषा की
मिली-जुली हुई मिश्री ज़बान है कि नहीं

मैं आज तक समझता था कि शे’र में दो मिसरे होते हैं। पहली बार जाना की एक ही मिसरे को दो पंक्तियों में लिखना भी शे’र है! उपर्युक्त शे’र में एक ही वाक्य तो है। यह तो सियार भी नहीं लग रहा। भूमिका में देवेंद्र साहब की बड़ी-बड़ी बातों का क्या होगा? इस शे’र ने तो ‘मोती’, ‘मानुष’ और ‘चून’ तीनों को बे-पानी (निर्जीव) कर दिया है। मैं जानता हूं खरी बात “मौसी के काजल की तरह होती है” मगर क्या करूं, जो है सो है। ख़ैर, देवेंद्र साहब के कुछ और बचकाने प्रयोग देखते हैं:

उसका जीवन छंदबद्ध, मेरा
कविता के भीतर की लय-सा है

इस शे’र में मुझे बस इतना ही कहना है कि छंदबद्धता से ही तो लयात्मकता आती है। कहने का अर्थ यह है कि दोनों मिसरों में एक ही बात है। इसमें शे’र क्या है? देवेंद्र साहब ने अपनी किताब की भूमिका (मुख़्तसर की बात) में कुछ बड़ी-बड़ी बातें कही हैं। ज़रा उधर ही ध्यान ले चलते हैं। कहते हैं कि “बह्र, क़ाफ़िया, रदीफ़, तग़ज़्ज़ुल आदि के अलावा मेरे लिए ग़ज़ल कहने में कुछ आवश्यक तत्व और भी हैं”।

इस वाक्य को पढ़ने के बाद एक बात जानने की इच्छा प्रबल हो रही है, कि इस वाक्य का टोन क्या है? कहीं यह तो नहीं कि ‘भाँड़ में जाएँ क़ाफ़िया, रदीफ़, मेरे पास और भी काम हैं”! मेरे द्वारा ऐसा कहने का कारण यह है कि देवेंद्र साहब ने बह्र, क़ाफ़िया और रदीफ़ के साथ कुछ इसी तरह का सुलूक किया भी है। आप स्वयं देख लें:

शुरू तो हुई थीं विरासत की बातें
मगर छिड़ गई हैं सियासत की बातें

इस शे’र में विरासत और सियासत भले ही हम-क़ाफ़िया हों मगर बाद में हिफ़ाज़त, रियासत और महावत जैसे क़ाफ़िये विपक्ष की भूमिका में नज़र आ रहे हैं। शेर भी देखें तो उनके अंदर प्रवेश कर पाना मुश्किल हो रहा है।

मुझे भी मज़ा है कमाई उसे भी
समझता है हाथी महावत की बातें

ये दोनों मिसरे आपस में रब्त स्थापित नहीं कर पा रहे। एकदम अंटलल टंटप्पू हैं। लगे हाथ दूसरा शे’र भी देख लेते हैं–

चींटी के ऊपर पहाड़ों का बोझा
रुकेंगी कहां तक बगावत की बातें

इसमें भी ‘चींटी’, ‘पहाड़’ और ‘बोझ’ के साथ यह ‘बग़ावत’ तालमेल नहीं बैठा पा रही है। यहां भी वही बिल्कुल अंटलल टंटप्पू वाली ही स्थिति है। कोई रब्त नहीं। अब इस शे’र के साथ मेरा वैचारिक मतभेद है:

यह स्वांतः सुखाय लिखने का फंडा है क्या
किसी ने अपनी भी क्या आरती उतारी है

इससे बचकाना शे’र शायद ही आपको देखने को मिले। देवेंद्र साहब को आत्मप्रशंसा तथा स्वांतः सुखाय का अर्थ समझना चाहिए था। दीवाचे में बड़प्पन के ढोल पीटते-पीटते देवेंद्र साहब कब भटक गये, स्वयं भी नहीं जान पाये। क्या तुलसी ने अपनी आरती उतारी थी, या आत्म-प्रशंसा की थी। अपने इष्ट की आराधना से जो सुख प्राप्त होता है, क्या वह अपनी आरती उतारना है? समाज के कल्याण से जो सुख प्राप्त होता है क्या वह अपनी आरती उतारना है? प्रकृति पर लिखी गयी कविताओं से जो आनंद मिलता है, क्या वह अपनी आरती उतारना है? तुलसी ने स्वयं लिखा: स्वान्त: सुखाय तुलसी रघुनाथ गाथा।

क्या कोई कह सकता है कि तुलसी ने अपनी आरती उतारी है? मीरा और सूर का साहित्य भी स्वान्तः सुखाय था, क्या उन्होंने अपनी आरती उतारी है? देवेंद्र साहब पर यह वामपंथ का प्रभाव है। एक लंबे अरसे तक वामपंथियों ने तुलसीदास को पथभ्रष्टक कहा है। क्या कुछ उखाड़ सके? हमारे गाँव में कहावत है, “दरख़्तों में ख़ासकर बरगद में लंघी नहीं लगायी जाती”। कुछ ऐसी हरकत यहां देवेंद्र आर्य साहब ने की है कि पूरी तरह से अंटा-गफ़ील टाइप के लग रहे हैं। अद्भुत प्रयोग का एक और मुज़ाहरा देखें:

ट्रकों के पीछे लिखी चप्पलों की भाषा को
किसी मरीज़ के तपते बुख़ार में देखो

यह बुख़ार तो सुश्रुत और सुषेण ही देख सकते हैं। चप्पलों की भाषा! यह एक विचारणीय प्रश्न है। विनय मिश्र जी ही पढ़कर बताएंगे, क्योंकि किताब तो उन्होंने ही दी है। पर्ची भी उन्होंने ही फाड़ी है। एक और बकवास-सा शे’र:

पढ़े-लिखों में भरोसा नहीं है नेकी पर
भरोसा देखना है तो गँवार में देखो

ग़ज़ब का अनुभव है। दाऊद इब्राहिम तो अशिक्षित था, छोटा शकील भी, वीरप्पन भी अशिक्षित था, सब काफ़ी भरोसेमंद रहे होंगे। अरे देवेंद्र साहब, अपवाद को उदाहरण नहीं बनाया जाता। आपने तो तुकबंदी भी जोड़ दी। प्रयोग के नाम पर जितना भद्द देवेंद्र साहब ने किया है, हिंदी ग़ज़ल के अखाड़े में शायद ही किसी ने किया हो।

जिगर का टुकड़ा अगर बन गया कभी ज़ंजीर
तो इसका हल कोई, कोई निदान है कि नहीं

क्या अर्थ है इसका? अगर ज़ंजीर ‘विरोधी’ या ‘परेशानी’ के अर्थ में लिया गया है, तो ‘विरोधी’ ही लिख दिया होता। ज़ंजीर बिल्कुल अप्रोप्रिएट नहीं है यहां। अब यह देखें:

इसी कसौटी पर कविता अमीर होगी कि वह
किसी ग़रीब के हक़ में बयान है कि नहीं

इस शे’र में सवाल भाषा का है। पहले मिसरे का ‘होगी’ दूसरे मिसरे के ‘है कि नहीं’ से ताल-मेल नहीं बैठाता। अगर दूसरे मिसरे में ‘बयान बन जाए’ या ‘हो जाए’ लिखा जाता तो दोनों मिसरे संतुलित हो पाते। ऐसा न होने के कारण सब कुछ डगर-मगर हो गया है। एक और तथाकथित शेर देखें:

चिराग़ है नहीं आंगन भी नहीं दिल भी नहीं
तो देश अब बचा एक पीकदान है कि नहीं

अब इसे शे’र कहूं या हाथी? आख़िर ये प्रतीक योजना क्या बनी? किस अर्थ में प्रतीक आये हैं? और चिराग़, आंगन के बाद दिल? आप कैसे कह सकते हैं कि ये देश के पास नहीं हैं? यह भी वामपंथ का ही प्रभाव दिखता है। इस शे’र को परखने और समझने का कोई आधार नहीं मिल रहा। अब यह देखें:

जब अपना सपना आंखों में गड़ता है
आंखों को सँकरा हो जाना पड़ता है

दिल का सँकरा होना तो सुना था, आंख का सँकरा हो जाना पहली बार पढ़ रहा हूं। हज़म करने में थोड़ा समय तो लगेगा ही। तब तक देवेंद्र साहब के इस शेर से मैं सहमत हूं:

आँय-बाँय क्या लिखते रहते हो देवेंद्र
शेर तुम्हारा छूने से भी गड़ता है

वाक़ई मुझे देवेंद्र जी के प्रयोग आँए-बाँए ही दिखायी देते हैं। तारीफ़ की बात यह है कि इन सबके बावजूद ये प्रयोग का जोखम उठाते हैं। कुछ और शे’र देखें, जहां मैं असहमति व्यक्त करना चाहूंगा:

सब सत्ताएँ यही चाहती हैं
लेखक केवल लेखक जैसा हो

मेरा मानना है दुनिया की कोई सत्ता यह नहीं चाहती कि लेखक सिर्फ़ लेखक जैसा हो। लेखक जिस दिन लेखक जैसा हो जाएगा, सत्ताओं की निरंकुशता समाप्त हो जाएगी। सत्ताओं की तो छोड़िए, लेखक अगर लेखक जैसा हो जाये तो कितने ही सामाजिक भ्रष्टाचार समाप्त हो सकते हैं। दुःख की बात तो यह है कि लेखक की अपनी अलग राजनीति और अलग तिकड़म है।

लोकतंत्र का मतलब है गिनना
बाभन बनिया मुसलमान यादव

यहां सिर्फ़ एक वाक्य है जिसे दो मिसरों में लिखा गया है। एक और शे’र है, जो प्रयोग के चक्कर में अपना थूथन लहूलुहान करवा बैठा है:

चौराहे-चौराहे चकले हैं
काश यहां होता कोई मंटो

भाई! इस शेर का क्या मतलब है? अगर आपका मतलब यह है कि हर जगह भ्रष्टाचार है एक सुधारक की ज़रूरत है, तो आप फिर गच्चा खा गये हैं। न तो ‘चौराहे’ कोई प्रतीक बन सका है, और न ही ‘मंटो’। मंटो कोई सुधारक नहीं था, एक कहानीकार था, जो इन विषयों पर लिखता था। मंटो की छवि कबीर या तुलसी जैसी नहीं बनायी जा सकी। मंटो के समय में भी चकले थे और एक भी चकले को मंटो बंद नहीं करवा पाया था। कहीं आप यह तो नहीं कहना चाह रहे कि मंटो आज होते तो अधिक कहानी लिख पाते? अब इस शे’र में देवेंद्र साहब का सारा लेखकीय आदर्श औंधे मुँह गिर पड़ा है:

जब पेड़ों पर हों अधिकार पड़ोसी के
ठूँठ हो या फलदार हमारे ठेंगे से

ज़्यादा बिंदास बनने के चक्कर में देवेंद्र साहब ने यह बात कह तो दी मगर उन्हें यह पता होना चाहिए था कि पड़ोसी के भी फलदार पेड़ अगर ठूँठ होने लगें तो थोड़ा बहुत दुःख तो होना ही चाहिए। यहां वामपंथ, दक्षिणपंथ छोड़िए, मानवीयता का विचार ही ध्वस्त हो गया है। जो पड़ोसी के सुख-दुःख तक के लिए ‘ठेंगे से’ जैसा संबोधन इस्तेमाल कर सकता है उसका सामाजिक सरोकार भला क्या हो सकता है? ख़ुद अपनी आलोचना पुस्तक ‘आलोचना का मौन’ में पृष्ठ 119 पर देवेंद्र साहब ने लिखा है कि “समकालीन कविता विमर्श कवि के सामाजिक यथा मानविक व्यक्तित्व से विच्छिन्न होकर और कविता की सामाजिकता को रेहन रखकर फलीभूत हो रहा है”। क्या आपको ऐसा नहीं लग रहा कि अपनी बातों का अनुपालन आप स्वयं नहीं कर रहे।

ख़ैर, “आलोचना का मौन” पुस्तक में ही पृष्ठ 135 पर आप लिखते हैं, “भाषा का गुण भावों को मुखर करना ही नहीं भावों को छुपाना भी है”। बात तो अच्छी है मगर आप ख़ुद इसमें कहां तक सफल हुए हैं? यह देखना भी आपका दायित्व होना चाहिए था।

जिंदगी में झांककर देखो
प्यार से बदला है कब मंज़र
×××××××
अब तो बस जावेद अख़्तर हैं
थे कभी एक जाँ निसार अख़्तर
×××××××
पेड़ तक सीमित थी यह दुनिया
आदमी जब था कभी बंदर
×××××××
नदी बोली समंदर से चिहुँक के
लगा बादल ने बरसाये हैं मुक्के
××××××××
दरख़्तों को न जाने क्या हुआ है
हवा में तानते रहते हैं मुक्के
××××××××
हवाएं प्लेन से उतरीं तो गुमटियों पे रुकीं
इशारा आंधियों को था कि पानियों पे रुकें
×××××××××
मेरे धरती से उठ जाने के पहले
ख़ुदा धरती को प्यार हो गया था
××××××××
कुछ ऐसी भी सदियां थीं
जब धरती पर नदियाँ थीं

इन शे’रों को पढ़कर पाठक स्वयं अनुमान लगा सकते हैं कि इनमें क्या है और क्या नहीं, जिसके दावे देवेंद्र साहब ने ख़ुद किये हैं। क्या इन शे’रों का भाव पक्ष बे-पैरहन नहीं है? ये तमाम तथाकथित शे’र चौथी, पांचवी कक्षा के बच्चों की तुकबंदियों जैसे नज़र आ रहे हैं। मैं यहां देवेंद्र साहब को कमतर आंकने की कोशिश नहीं कर रहा मगर एक-दो पुस्तकों में ही इतनी संख्या में कमज़ोर शे’रों का होना अखरता है। नाम बड़े और दर्शन छोटे वाली स्थिति है। ऐसे में, अनायास आपके मुंह से निकल जाएगा कि “सूप बोले तो बोले चलनी क्या बोले जे मा बहत्तर छेद।” आप जब स्वयं इतनी गलतियां कर रहे हैं तो आपकी आलोचना पुस्तकों का क्या महत्व रह जाता है? ख़ैर, एक यह भी देखें:

दलित और नारियों पर लिखते-लिखते
भटक जाते हैं तुलसीदास अक्सर

यह बात कहने में मुझे कतई संकोच नहीं कि— भाषा का गुण भावों को छुपाना भी है— जैसे वाक्य लिखकर देवेंद्र साहब भले ख़ुद को आलोचक सिद्ध करते-करवाते रहें लेकिन ख़ुद उन्हीं की इन रचनाओं में वामपंथ एड़ी उठा ही लेता है, गर्दन उचका ही लेता है। मुझे समझ नहीं आता कि सारा हिन्दुस्तान तुलसीदास के पीछे क्यों पड़ा है? कुछ लोग तुलसी के इस पद का भी विरोध करते हैं:

जाके प्रिय न राम वैदेहीं
तजिए ताहि कोटि वैरी सम

मेरा कहना यह है कि जो व्यक्ति “सियाराम मय सब जग जानी” में विश्वास रखता है, उस व्यक्ति के द्वारा यह पद कहे जाने में क्या दोष है? जिसके लिए सारी दुनिया ही राम और सीता है, वह व्यक्ति अगर यह कहता है कि राम और सीता के अतिरिक्त किसी से प्रेम मत करो, अर्थात दुनिया के अतिरिक्त किसी से प्रेम मत करो तो इसमें दोष क्या है? कुछ लोग “ढोल गवार शुद्र पशु नारी” लिखने की वजह से तुलसी का विरोध करते हैं, ऐसे लोगों से मेरा कहना है कि वे ताड़ना शब्द का अर्थ ‘मारना’ ही क्यों लगाते हैं!

दूसरी बात यह कि हर रचनाकार के पीछे उसकी परिस्थिति होती है। हमने किंवदंतियों में सुना है कि तुलसीदास नारी द्वारा ही प्रताड़ित थे। ऐसे में उनके अंदर इस तरह की भावना का उठना स्वाभाविक है। तीसरी बात यह कि नारी के प्रति कठोर भाव सिर्फ़ तुलसी में ही नहीं था, कबीर में भी था, और भी बहुत-से रचनाकारों में था। फिर हिन्दुस्तान के सारे तथाकथित बुद्धिजीवी और सेकुलर सिर्फ़ तुलसी के पीछे क्यों पड़े हैं? चर्चा चली ही है तो ठीक से देखिए:

कबीर—–
नागिन के तो दोये फन, नारी के फन बीस।
जाका डसा ना फिर जीये, मरि है बिसबा बीस॥
×××××××××
नारी की झांईं पड़त, अंधा होत भुजंग।
कबीरा तिन की कौन गति, जो नित नारी के संग॥

रहीम—
उरग तुरग नारी नृपति, नीच जाति हथियार।
रहिमन इन्हें संभारिए, पलटत लगै न बार॥

सूर—
तजौ मन हरि-बिमुखन को संग।
जिनके संग कुबुद्धि उपजति है, परत भजन में भंग॥
काह भयो पय पान कराए, विष नहीं तजत भुजंग।
कहा भयो कंचन के मंदिर, कामिनि-कनक-प्रसंग॥

और एक आधुनिक कवि को भी देख लें, जो वामपं​थियों के बड़े प्रिय हैं:

धूमिल—
लगातार बारिश में भीगते हुए उसने जाना कि हर लड़की तीसरे गर्भपात के बाद धर्मशाला हो जाती है, और कविता हर तीसरे पाठ के बाद।
×××××××××
मुझे पता है
स्त्री–
देह के अंधेरे में
बिस्तर की
अराजकता है।
स्त्री पूंजी है
बीड़ी से लेकर
बिस्तर तक
विज्ञापन में फैली हुई।

इस तरह के कितने ही उदाहरण दिये जा सकते हैं। बहरहाल, देवेन्द्र आर्य की ग़ज़लों के शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष पर विचार करने के बाद यह कहना अनुचित नहीं कि उनकी रचनात्मकता एकरंगी नहीं है। उनके यहाँ जीवन के विविध अनुभव हैं, सामाजिक विसंगतियों के प्रति असंतोष है, सत्ता के चरित्र को पहचानने की दृष्टि है और मनुष्य के भीतर चलने वाले द्वंद्वों को अभिव्यक्त करने की बेचैनी भी। लेकिन, किसी रचनाकार की संभावनाओं को स्वीकार करना और उसकी रचनात्मक उपलब्धियों का मूल्यांकन करना दो अलग-अलग बातें हैं। आलोचना का दायित्व केवल प्रशंसा के पुल बाँधना नहीं, बल्कि उन बिंदुओं को भी रेखांकित करना है, जहाँ रचना अपने उद्देश्य से भटकती है या रचनाकार। देवेन्द्र आर्य के शे’रों में कहीं कथ्य और शिल्प के बीच असंतुलन दिखता है। कहीं बिम्ब अपने आप को स्थापित नहीं कर पाते, कहीं दो मिसरों के बीच अपेक्षित रब्त का अभाव है, कहीं प्रयोग की हठ भाषिक सहजता पर भारी पड़ जाती है और कहीं विचार की तीव्रता काव्यात्मक अभिव्यक्ति का रूप ग्रहण नहीं कर पाती। और यह सब प्रकारान्तर से हिन्दी ग़ज़ल के अनेक रचनाकारों का ही हाल है। तो, इन सब बातों पर ध्यान दिया जाये तो अच्छी रचनाओं की उम्मीद की जा सकती है।

ज्ञानप्रकाश पांडेय, gyan prakash pandey

ज्ञानप्रकाश पांडेय

1979 में जन्मे, पेशे से शिक्षक ज्ञानप्रकाश को हिन्दी और उर्दू की शायरी में समकालीन तेवरों के लिए जाना जाता है। अमिय-कलश (काव्यसंग्रह), सर्द मौसम की ख़लिश (ग़ज़ल संग्रह), आसमानों को खल रहा हूँ (ग़ज़ल संग्रह) प्रकाशित हैं। कुछ एक प्रतिष्ठित संस्थाओं से नवाज़े जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!